- सुरेश रैना ने वैभव सूर्यवंशी को भारतीय क्रिकेट का सुपरस्टार और दुर्लभ प्रतिभा बताया है
- वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2025 में मात्र पैंतीस गेंदों में सबसे तेज़ भारतीय शतक लगाकर अपनी क्षमता साबित की
- रैना ने वैभव के निडर अंदाज और एक्स-फैक्टर को सदी में एक बार पैदा होने वाली प्रतिभा करार दिया
Suresh Raina on Vaibhav Suryavanshi: भारत के दिग्गज बल्लेबाज रहे सुरेश रैना भारत के युवा खिलाड़ियों से काफी प्रभावित हैं. खासकर 14 साल के वैभव सूर्यवंशी के अंदाज को देखकर रैना हैरत में हैं. रैना ने वैभव को भारतीय क्रिकेट का सुपरस्टार करार दिया है और माना है कि यह खिलाड़ी भारतीय क्रिकेट को अलग लेवल पर ले जा सकता है. शुभंकर मिश्रा के पॉडकास्ट पर रैना ने वैभव सूर्यवंशी को लेकर बात की है. उन्होंने वैभव को लेकर कहा है कि ऐसे क्रिकेटर सदी में एक बार ही पैदा लेते हैं. बता दें कि 14 साल के वैभव ने आईपीएल 2025 में अपनी बल्लेबाजी से तहलका मचा दिया था. वैभव ने केवल 35 गेंद पर शतक लगाकर आईपीएल में सबसे तेज शतक लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज बनने का गौरव हासिल किया था.
शुभंकर मिश्रा के पॉडकास्ट पर बात करते हुए सुरेश रैना ने वैभव सूर्यवंशी को लेकर अपनी राय दी और कहा, "वैभव सूर्यवंशी..उनका निडर अंदाज़ अलग है. म्हात्रे भी अच्छे हैं, लेकिन वैभव में एक एक्स-फैक्टर है. ऐसी प्रतिभाएं दुर्लभ हैं. उन्होंने हाल ही में इंग्लैंड में शतक और आईपीएल में शतक लगाया. इससे पता चलता है कि बिहार का यह खिलाड़ी साबित करता है, एक बिहारी सब पर भारी. समस्तीपुर के बारे में कोई नहीं जानता था, लेकिन एक गांव के खिलाड़ी ने अपनी क्षमता दिखा दी."

रैना ने अपनी बात आगे ले जाते हुए कहा, "बिहार के एक कोच थे जिन्होंने मुझे बताया कि उन्होंने उसका ध्यान रखा. ऐसे खिलाड़ी सदियों में एक बार आते हैं, चाहे वह ऋषभ पंत हों, वैभव सूर्यवंशी हों, या रिंकू सिंह... आयुष म्हात्रे, 17 साल की उम्र में, पहले मैच से ही (सीएसके के लिए), उसने जो कुछ भी किया है. वह कमाल का है."
बता दें कि आईपीएल 2025 में वैभव ने 7 मैच खेलकर कुल 252 रन बनाए थे. आईपीएल में वैभव ने जयपुर में गुजरात टाइटन्स के ख़िलाफ़ मैच में धुआंधार अंदाज में बल्लेबाजी की थी और शानदार शतक ठोका था.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं