SBI Bank Holiday May 2026: अगर आपका अकाउंट एसबीआई (State Bank of India) में है, तो ये खबर आपके लिए ही है, इसलिए इसे ध्यान से पढ़ें. क्योंकि जानकारी के अभाव में मई के आखिरी हफ्ते के अंदर बैंक से जुड़े कामों में परेशानी आ सकती है. हम ऐसा इसलिए कह रहे हैं क्योंकि 23 मई से 28 मई 2026 के बीच एसबीआई की ब्रांच करीब 6 दिनों तक बंद रह सकती है. इस दौरान बैंक में ऑफलाइन काम जैसे चेक क्लियर कराना, नया खाता खुलवाना, लोन के कागज जमा करना या बैंक ड्राफ्ट बनवाना मुमकिन नहीं हो पाएगा. इसलिए अगर आपके कोई जरूरी बैंक से जुड़े काम हैं, तो समय रहते ही पास की शाखा में जाकर उन्हें पूरा कर लेना बेहतर है.
क्यों लगने जा रहा है छुट्टियों का 'सिक्सर'?
एसबीआई बैंक में इस छुट्टी के पीछे कोई एक वजह नहीं है, बल्कि ये वीकेंड, बैंक कर्मचारियों की प्रस्तावित देशव्यापी हड़ताल और त्योहार की छुट्टियों का संयोग है. इन सभी वजहों से लगातार 6 दिनों तक बैंक बंद रह सकता है.
कब-कब होगी एसबीआई में छुट्टी
- 23 मई 2026 को चौथा शनिवार है. नियम के अनुसार महीने के चौथे शनिवार को देशभर के सभी बैंक बंद रहते हैं.
- 24 मई 2026 को रविवार है. इसलिए वीकली ऑफ होने की वजह से इस दिन पूरे देश में बैंक बंद रहेंगे.
- 25 और 26 मई 2026 को एसबीआई के कर्मचारी हड़ताल पर रह सकते हैं. यानी ऑल इंडिया स्टेट बैंक ऑफ इंडिया स्टाफ फेडरेशन ने सोमवार और मंगलवार को दो दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल का आह्वान किया है. अगर ये हड़ताल होती है, तो इन दो दिनों में बैंक में कोई काम नहीं हो पाएगा.
- 27 और 28 मई 2026 को ईद-उल-अजहा के मौके पर दो दिन बैंक की छुट्टी रहेगी.
क्यों हो रही है एसबीआई में हड़ताल?
एसबीआई के कर्मचारियों का बड़ा संगठन ऑल इंडिया स्टेट बैंक ऑफ इंडिया स्टाफ फेडरेशन इन दिनों बैंक मैनेजमेंट से नाराज है. उनकी शिकायत है कि नई भर्तियों में देरी हो रही है, एनपीएस (NPS) फंड मैनेजर चुनने में गड़बड़ियां हैं, कई काम बाहरी कंपनियों को दिए जा रहे हैं और कर्मचारियों के प्रमोशन और करियर ग्रोथ से जुड़ी नीतियों में भी सुधार नहीं हो रहा. यूनियन का साफ कहना है कि जब तक इन मांगों पर बैंक प्रबंधन और एचआरएमएस पॉजिटिव कदम नहीं उठाते, तब तक कामकाज बंद रखने का फैसला जारी रहेगा.
डिजिटल सर्विस का हमेशा साथ
भले ही बैंकों के शटर 6 दिनों के लिए गिर रहे हों, लेकिन आपको पैनिक करने की बिल्कुल जरूरत नहीं है. बैंक ने साफ किया है कि इस दौरान ग्राहकों के लिए सभी डिजिटल प्लेटफॉर्म्स बिना ब्रेक लिए काम करते रहेंगे. यानी आप घर बैठे नेट बैंकिंग या योनो (YONO) ऐप के जरिए फंड ट्रांसफर कर सकते हैं. इसके साथ ही देशभर में फैले एसबीआई के एटीएम हमेशा की तरह कैश निकालने और जमा करने के लिए चालू रहेंगे. गूगल पे, फोनपे और पेटीएम जैसे प्लेटफॉर्म्स के जरिए डिजिटल भुगतान होता रहेगा. बस बैंक में जाकर जो काम होने हैं, उसमें रुकावट आ सकती है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं