दिल्ली, यूपी-बिहार, राजस्थान समेत उत्तर भारत हो या महाराष्ट्र का विदर्भ इलाका, आसमान से मानो आग बरस रही हो. बांदा तो 47-48 डिग्री की भट्ठी में धधक रहा है. लेकिन चौंकाने वाली बात है कि जिन पहाड़ों पर हम सुकून भरी ठंडी हवाओं को तलाशने जाते हैं, वो भी मैदानों की तरह झुलस रहे हैं और अधिकतम तापमान का रिकॉर्ड बन रहा है. देहरादून का टेंपरेचर 40 डिग्री को छू रहा है.उत्तराखंड मौसम विज्ञान केंद्र ने 20 मई के बाद 21 मई को भी उत्तराखंड के तीन जिले हरिद्वार, देहरादून और उधम सिंह नगर में हीट वेव का येलो अलर्ट जारी किया था. इन दो दिनों में उत्तराखंड के मैदानी इलाके में तापमान 40 डिग्री तक रहा, सड़कों पर सन्नाटा रहा.
उत्तराखंड का मौसम - शहरों का अधिकतम तापमान
उत्तराखंड में देहरादून ही नहीं, मुक्तेश्वर, टिहरी,पंतनगर और अल्मोड़ा शहर में भी टेंपरेचर हाई है. देहरादून में 20 के बाद 21 मई को भी तापमान 40 डिग्री रहा. जबकि 2025 में इसी दौरान 38.3 डिग्री तापमान था. साल 2024 में 31 मई को तापमान ऑल टाइम हाई 43.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया था. साल 2023 में 22 मई को मैक्सिमम टेंपरेचर 39.3 डिग्री था. साल 2022 में 39.6 डिग्री तापमान 15 मई को रिकॉर्ड किया गया था. साल 2021 में 25 मई को 37.5 डिग्री उच्चतम तापमान रिकॉर्ड किया गया था.
बद्रीनाथ से केदारनाथ तक चारधाम यात्रा में गर्मी
- बद्रीनाथ में 20 मई 22 डिग्री और 21 मई को 23 डिग्री अधिकतम तापमान रिकार्ड किया गया.
- केदारनाथ में दो दिनों से 18 डिग्री अधिकतम तापमान रिकार्ड किया गया
- गंगोत्री धाम में 20 मई को 19 डिग्री और 21 मई को 23 डिग्री अधिकतम तापमान दर्ज हुआ.
- यमुनोत्री धाम में 20 मई को 22 डिग्री रिकार्ड और 21 मई को 24 डिग्री तापमान रिकार्ड हुआ.
मसूरी, लैंसडाउन से चकराता तक प्रचंड गर्मी
दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और देश के अन्य राज्यों से हजारों पर्यटक गर्मी के मौसम में छोटी ट्रिप के लिए उत्तराखंड के कई शहरों में घूमने आते हैं. लेकिन मसूरी, लैंसडाउन, कौसानी, चकराता में भी गर्मी तेजी से बड़ी है. पिछले 48 घंटे में नैनीताल में अधिकतम तापमान 31 डिग्री, मसूरी में 30 डिग्री रिकार्ड किया गया. लैंसडाउन में 31 डिग्रीऔर कौसानी में 28 डिग्री मैक्सिमम टेंपरेचर रहा.चकराता में 32 डिग्री और जोशीमठ में अधिकतम तापमान 27 डिग्री दर्ज किया गया.
जंगलों में आग फैलने का खतरा
गर्मी से उत्तराखंड में जंगलों की आग और भड़क रही है, क्योंकि लगातार तापमान बढ़ने से हवा में नमी बिल्कुल सूख चुकी है. इसकी वजह से आग लगने का खतरा ज्यादा हो गया है. जंगलों में फैलने वाली आग को लेकर प्रशासन ने सभी ऊंचाई वाले जिलों को पहले ही अलर्ट कर दिया है.

Weather
उधम सिंह नगर से पंत नगर तक लू का कहर
उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले में 21 मई को 40 डिग्री तापमान रहा तो पंतनगर में भी 40 डिग्री तापमान रिकार्ड किया गया. यहां साल 2025 में 15 मई को तापमान 40.1 डिग्री रिकार्ड किया गया. साल 2024 में 42.4 डिग्री और साल 2023 में उच्चतम तापमान 38.2 डिग्री 22 मई को रिकॉर्ड किया गया. जिले में साल 2022 में 39.2 तापमान 20 मई को और साल 2021 में 38.5 डिग्री तापमान 16 मई को रिकार्ड किया गया.
मुक्तेश्वर भी अधिकतम तापमान का टूटा रिकॉर्ड
ठंडा इलाके मुक्तेश्वर में 20 मई को 28 डिग्री तापमान जो 21 मई को बढ़कर 29.2 डिग्री हो गया. साल 2025 में यहां 31 मई को 27.2 डिग्री था तो 2024 में 30.6 डिग्री तापमान 31 मई को दर्ज किया गया. 2023 में 22 मई को 28.7 डिग्री और 2022 में 29.1 डिग्री तापमान 20 मई को रिकॉर्ड किया गया था. 2021 में 27 डिग्री तापमान 27 मई को रिकॉर्ड किया गया था.
टिहरी में भी ठंड का नामोनिशान नहीं
उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्र टिहरी में 20 मई को 28.8 डिग्री और 21 मई को 29.6 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया. जबकि 2025 में 15 मई को 27.6 डिग्री और 2024 में उच्चतम तापमान 30 मई को 32 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया. 2023 में 22 मई को 28.3 डिग्री और 2022 में 20 मई को 29.8 डिग्री रिकार्ड किया गया तो 2021 में 27.4 डिग्री तापमान 25 मई को रिकॉर्ड किया गया.

मौसम विभाग का 24 घंटे का अलर्ट
उत्तराखंड मौसम विज्ञान केंद्र ने अगले 24 घंटे के लिए उत्तराखंड के उत्तरकाशी, देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में आकाशीय बिजली के साथ तेज हवाएं चलने का येलो अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग में 21 मई से 26 मई तक राज्य के ऊंचाई वाले जिले उत्तरकाशी ,रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिले में हल्की बारिश की संभावना जताई है. उत्तराखंड के अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहने की भी संभावना मौसम विभाग ने जताई है. धनोल्टी में अधिकतम तापमान 33 डिग्री रहा.
मौसम विज्ञान केंद्र के अलर्ट के बाद उत्तराखंड आपदा प्रबंधन ने भी एडवाइजरी जारी की है. इसमें सभी लोगों से आग्रह किया है कि वह 12 बजे से 4 बजे तक घर से ना निकलें. छोटे बच्चे बुजुर्ग और गर्भवती महिलाएं इस प्रचंड गर्मी और लू के असर से बचने के लिए घर में रहें.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं