भारत और श्रीलंका के बीच कोलंबो में हुआ सीरीज का दूसरा टेस्ट ड्रॉ पर खत्म हुआ. इस ड्रॉ से शुभमन गिल एंड कंपनी के आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचने की उम्मीदों को जोर का झटका लगा है. टीम इंडिया के पास मैच जीतने और सीरीज में क्लीन स्वीप करने का अच्छा मौका था. आखिरी दिन श्रीलंका ने छह विकेट गिरने के बाद आगे खेलना शुरू किया और मेहमान टीम को जीत के लिए चार विकेट की जरूरत थी. लेकिन वे सिर्फ दो विकेट ही ले पाए. सोनल दिनुशा क्रीज पर अंगद की तरह जम गए और शतकीय पारी खेलकर उन्होंने भारत को जीत से दूर रखा. भारत ने आखिरकार सीरीज़ 1-0 से जीती, लेकिन कोलंबो में हाथ से निकला यह मौका उनके WTC अभियान के लिए भारी पड़ सकता है और यही पूर्व क्रिकेटर कृष्णमाचारी श्रीकांत का मानना है. साथ ही उन्होंने यह भी कहा है कि भारत को आखिरी दिन बुमराह की कमी महसूस हुई.
श्रीकांत की मानें तो कोलंबो में ड्रॉ भारत की WTC क्वालिफिकेशन की उम्मीदों पर बड़ा असर डाल सकता है. उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि भारत ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली घरेलू सीरीज को हल्के में नहीं ले सकता, खासकर तब जब वे स्पिन-फ्रेंडली पिच (रैंक टर्नर) चुनने का फैसला करते हैं. श्रीकांत ने अपने यू-ट्यूब चैनल पर कहा,"इस ड्रॉ की वजह से भारत के लिए WTC फाइनल में जगह बनाना मुश्किल हो जाएगा. अगर भारत आखिरी सात मैचों में से पांच या छह मैच जीत भी जाता है, तब भी उसे दूसरे मैचों के नतीजों पर निर्भर रहना होगा. यह कहना मुश्किल है कि क्या भारत अपने घर पर ऑस्ट्रेलिया को 5-0 से हरा पाएगा. अगर उस सीरीज में पिचें बहुत ज़्यादा टर्न लेने वाली हुईं, तो ऑस्ट्रेलिया भी भारत को हरा सकता है."
बता दें, कोलंबो टेस्ट के बाद भारत वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की स्टैंडिंग में पांचवें स्थान पर बना हुआ है, जबकि श्रीलंका छठे स्थान पर है. WTC स्टैंडिंग में टॉप-दो में जगह बनाने की कोशिश में भारत के पास गलती की गुंजाइश बहुत कम है. अपने बाकी बचे सात टेस्ट मैचों में से, उन्हें अपनी किस्मत अपने हाथ में रखने के लिए कम से कम छह मैच जीतने होंगे.
श्रीकांत ने कोलंबो में भारत के हाथ से निकले मौके पर कड़ी आलोचना की और इसका ज़्यादातर दोष काम को पूरा न कर पाने पर मढ़ा. उन्होंने शानदार प्रतिरोध के लिए दिनुशा की तारीफ़ भी की और माना कि भारत को जसप्रीत बुमराह जैसे गेंदबाज़ के अनुभव और असर की कमी खली. श्रीकांत ने कहा,"भारत ने बहुत बड़ी गलती की. पूरी सीरीज में सोनल दिनुशा का प्रदर्शन शानदार रहा. यहीं पर आपको बुमराह जैसे गेंदबाज़ की कमी महसूस होती है. आपको उनके जैसे 'फिनिशिंग' गेंदबाज़ की ज़रूरत होती है. हालांकि बारिश ने श्रीलंका की थोड़ी मदद की, लेकिन भारत को यह मैच आसानी से जीतना चाहिए था."
यह भी पढ़ें: इंतजामों से खुश नहीं BCCI, क्या एशियन गेम्स के लिए जाएगी बी टीम, बोर्ड ने साफ की तस्वीर
यह भी पढ़ें: 'उम्मीद है कि सम्मानजनक व्यवहार किया जाएगा' अब पैट कमिंस ने उठाई इमरान खान के समर्थन में आवाज
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं