Shree Charani T20 Debut Record INDW vs PAKW T20 WC 2026: भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने टी20 विश्व कप 2026 में अपने अभियान की शानदार शुरुआत करते हुए चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 64 रनों से करारी शिकस्त दी है. भारत की इस धमाकेदार जीत में अपना पहला विश्व कप मैच खेल रहीं बाएं हाथ की स्पिनर श्री चरणी सबसे बड़ी हीरो साबित हुईं. चरणी ने अपनी कातिलाना गेंदबाजी से पाकिस्तानी बल्लेबाजी आक्रमण को पूरी तरह से तहस-नहस कर दिया. उन्होंने अपने कोटे के 4 ओवरों में महज 21 रन खर्च करके 3 महत्वपूर्ण विकेट चटकाए, जिसकी बदौलत पूरी पाकिस्तानी टीम सिर्फ 106 रनों पर सिमट गई.
अपने डेब्यू मैच में ही ऐसा जादुई प्रदर्शन कर श्री चरणी ने इतिहास के पन्नों में अपना नाम दर्ज करा लिया है. टी20 विश्व कप के डेब्यू मैच में किसी भी भारतीय गेंदबाज द्वारा किया गया यह दूसरा सबसे सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है. उनसे पहले साल 2010 में डायना डेविड ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 27 रन देकर 4 विकेट हासिल किए थे, जबकि साल 2018 में डी हेमलता ने भी अपने डेब्यू पर 26 रन देकर 3 विकेट चटकाए थे. चरणी की इस धारदार गेंदबाजी ने न केवल भारत को टूर्नामेंट की पहली जीत दिलाई, बल्कि विरोधी टीमों को भी अपनी ताकत का अहसास करा दिया है.
मैच की बात करें तो भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 170 रन बनाए थे. भारत की तरफ से मंधाना ने बेहतरीन अर्धशतक लगाया. वह 44 गेंदों पर 68 रन बनाकर आउट हुईं. कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 35 गेंदों पर 36 रन बनाए. पारी के आखिर में विकेटकीपर बल्लेबाज ऋचा घोष ने 17 गेंदों पर 1 छक्का और 5 चौके की मदद से 34 रन की पारी खेली.
171 रन के लक्ष्य को हासिल करने के लिए पाकिस्तान टीम की तरफ से सलामी बल्लेबाज मुनीबा अली को छोड़कर कोई भी अन्य बल्लेबाज भारतीय गेंदबाजों का डटकर सामना नहीं कर सकी. मुनीबा ने 35 गेंदों पर 41 रन बनाए. पाकिस्तान की पूरी टीम 17 ओवर में 106 रन पर सिमट गई.
भारत की तरफ से दीप्ति शर्मा और श्री चरणी ने घातक गेंदबाजी की. दीप्ति ने 4 ओवर में 10 रन देकर 5 विकेट लिए. चरणी ने 4 ओवर में 21 रन देकर 3 लिए. शेफाली वर्मा को 1 विकेट मिला. दीप्ति प्लेयर ऑफ द मैच रहीं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं