विज्ञापन

SRH vs RR: 12 छक्के, 334.48 का स्ट्राइक रेट...वैभव सूर्यवंशी के कोहराम में कई रिकॉर्ड्स हुए चकनाचूर

न्यू चंडीगढ़ में वैभव सूर्यवंशी भले ही एक शॉर्ट से आईपीएल इतिहास का सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड अपने नाम करने से चूक गए, लेकिन पारी के दौरान उन्होंने कई रिकॉर्ड जरूर ध्वस्त किए.

SRH vs RR: 12 छक्के, 334.48 का स्ट्राइक रेट...वैभव सूर्यवंशी के कोहराम में कई रिकॉर्ड्स हुए चकनाचूर
All Records Broken During Vaibhav Sooryavanshi 29 Ball 97 runs Innings

All Records Broken During Vaibhav Sooryavanshi 29 Ball 97 runs Innings: राजस्थान रॉयल्स के सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 के एलिमिनेटर मैच में सनराइजर्स हैदराबाद के विरुद्ध 29 गेंदों में 12 छक्कों और 5 चौकों के साथ 97 रन बनाए. इस पारी के साथ 15 वर्षीय बल्लेबाज ने कई रिकॉर्ड्स तोड़ दिए. वैभव सूर्यवंशी किसी एक आईपीएल सीजन में सर्वाधिक छक्के लगाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं, जिन्होंने आईपीएल 2026 में 65 छक्के लगाए हैं. इस मामले में सूर्यवंशी ने क्रिस गेल का रिकॉर्ड तोड़ दिया, जिन्होंने आईपीएल 2012 में 59 छक्के अपने नाम किए थे. इस लिस्ट में आंद्रे रसेल तीसरे पायदान पर हैं, जिन्होंने आईपीएल 2019 में 52 छक्के लगाए थे. चौथे स्थान पर भी क्रिस गेल का नाम है, जिन्होंने आईपीएल 2013 में 51 छक्के जड़े थे. वहीं, आईपीएल 2022 में जोस बटलर 45 छक्के लगाकर लिस्ट में पांचवें स्थान पर हैं.

महाराजा यादवेंद्र सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेली गई इस पारी के साथ वैभव सूर्यवंशी आईपीएल मैच के नॉकआउट/प्लेऑफ मैच में सर्वाधिक छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं. शुभमन गिल इस लिस्ट में दूसरे पायदान पर हैं, जिन्होंने साल 2023 में मुंबई इंडियंस के खिलाफ पारी में 10 छक्के लगाए थे. रजत पाटीदार 9 छक्कों के साथ इस लिस्ट में तीसरे स्थान पर हैं.

वैभव आईपीएल पारी में सबसे ज्यादा बार 10 या उससे ज्यादा छक्के लगाने वाले खिलाड़ियों की सूची में भी संयुक्त रूप से नंबर-1 बन गए हैं. वैभव सूर्यवंशी और क्रिस गेल 4-4 बार ऐसा कर चुके हैं. अभिषेक शर्मा और फिन एलन ने 2-2 बार यह कारनामा किया है.

इस पारी के दौरान वैभव सूर्यवंशी ने महज 16 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया. इसी के साथ वैभव 20 से कम गेंदों में सबसे ज्यादा बार आईपीएल फिफ्टी लगाने वाले खिलाड़ियों की सूची में संयुक्त रूप से दूसरे पायदान पर पहुंच गए. वैभव और निकोलस पूरन ने ऐसा 5-5 बार किया है. वहीं, अभिषेक शर्मा (6) इस लिस्ट में शीर्ष पर हैं.

पावरप्ले में सर्वाधिक 50+ स्कोर के मामले में भी वैभव (5 बार) दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं. इस लिस्ट में डेविड वॉर्नर (6) शीर्ष पर हैं, जबकि ट्रेविस हेड (4) तीसरे पायदान पर मौजूद हैं.

आईपीएल नॉकआउट/प्लेऑफ में पावरप्ले के दौरान यह किसी बल्लेबाज का सबसे बड़ा स्कोर है. इस लिस्ट में सुरेश रैना (87) दूसरे पायदान पर हैं, जबकि एडम गिलक्रिस्ट (74) तीसरे स्थान पर हैं.

वैभव आईपीएल पारी के पावरप्ले के दौरान सर्वाधिक 8 छक्के लगाने वाले बल्लेबाज भी बन गए हैं. इस लिस्ट में सनथ जयसूर्या (एमआई), जोस बटलर (आरआर), जॉनी बेयरस्टो (पीबीकेएस), अभिषेक शर्मा (एसआरएच) और वैभव सूर्यवंशी (आरआर) संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर हैं, जिन्होंने 7-7 बार ऐसा किया.

वैभव अब आईपीएल में किसी एक सीजन में सर्वाधिक रन बनाने वाले अनकैप्ड बल्लेबाज बन गए हैं. उन्होंने यशस्वी जायसवाल के रिकॉर्ड को तोड़ा है. इस सीजन वह अभी तक 680 रन बना चुके हैं और उनके पास कम से कम एक पारी और है. इस लिस्ट में दूसरे स्थान पर यशस्वी जायसवाल थे, जिन्होंने 2023 सीजन में 625 रन बनाए थे. जबकि शॉन मार्श ने 2008 में 616 रन बनाए थे. वहीं रियान पराग इसमें चौथे स्थान पर हैं. उन्होंने 573 रन बनाए थे, 2024 सीजन में.

यह भी पढ़ें: SRH vs RR: किसी करिश्मे की तरह.... सचिन तेंदुलकर ने बताया कैसे इतनी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हैं वैभव सूर्यवंशी

यह भी पढ़ें: वैभव सूर्यवंशी के छक्कों की रफ्तार के आगे क्रिस गेल भी फेल

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com