WPL Auction 2027: महिला प्रीमियर लीग (WPL) 2027 का ऑक्शन शुरू हो चुका है. पांच फ्रेंचाइजियों के पास कुल 27 स्लॉट खाली हैं, जबकि ऑक्शन पूल में 122 भारतीय और 28 विदेशी समेत 150 खिलाड़ी शामिल हैं. ऑक्शन का पहला बड़ा सौदा ऑस्ट्रेलिया की स्टार ऑलराउंडर सोफी मोलिन्यूक्स के नाम रहा.
50 लाख रुपये के बेस प्राइस के साथ ऑक्शन में उतरी मोलिन्यूक्स को यूपी वॉरियर्स ने 1.10 करोड़ रुपये में अपने साथ शामिल कर लिया है. इसके साथ ही वह WPL 2027 ऑक्शन में 1 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार करने वाली पहली खिलाड़ी बन गई हैं.
इस बार ऑक्शन में कुल 150 खिलाड़ी उपलब्ध हैं, जिनमें 122 भारतीय और 28 विदेशी खिलाड़ी शामिल हैं. हालांकि पांचों टीमों के पास सिर्फ 27 स्लॉट खाली हैं, जिनमें से केवल 7 विदेशी खिलाड़ियों के लिए आरक्षित हैं. ऑक्शन में ऑस्ट्रेलिया की ग्रेस हैरिस, भारत की जी. कमलिनी, किरण नवगिरे और स्नेह राणा जैसे कई बड़े नाम भी शामिल हैं, जिन पर सभी की नजरें रहेंगी.
सोफी मोलिन्यूक्स से पहले क्या हुआ?
ऑलराउंडर्स के सेट से पहले ऑक्शन में भारतीय विकेटकीपर जी. कमालिनी को गुजरात जायंट्स ने उनके 40 लाख रुपये के बेस प्राइस पर खरीद लिया. वहीं, भारतीय बल्लेबाज किरण नवगिरे के लिए मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स के बीच मुकाबला देखने को मिला. आखिर में दिल्ली कैपिटल्स ने 75 लाख रुपये की बोली लगाकर उन्हें अपने साथ जोड़ लिया. दूसरी ओर, आयुष सोनी को कोई खरीदार नहीं मिला और वह अनसोल्ड रहीं.
सोफी के लिए यूपी और बेंगलुरु के बीच चली कड़ी टक्कर
इसके बाद ऑस्ट्रेलिया की स्टार ऑलराउंडर सोफी मोलिन्यूक्स का नाम आया और ऑक्शन में पहली बड़ी बोली देखने को मिली. 50 लाख रुपये के बेस प्राइस वाली मोलिन्यूक्स के लिए यूपी वॉरियर्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच कड़ी टक्कर हुई. दोनों टीमों ने बोली को 1 करोड़ रुपये के पार पहुंचा दिया. आखिरकार यूपी वॉरियर्स ने 1.10 करोड़ रुपये खर्च कर मोलिन्यूक्स को अपने स्क्वॉड में शामिल किया. वह WPL 2027 ऑक्शन में 1 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार करने वाली पहली खिलाड़ी बनीं.
श्रीलंका की कप्तान अनसोल्ड
मोलिन्यूक्स के बाद आयरलैंड की ऑलराउंडर ओर्ला प्रेंडरगास्ट को गुजरात जायंट्स ने 30 लाख रुपये के बेस प्राइस पर खरीदा. वहीं, श्रीलंका की कप्तान चमारी अथापथ्थु लगातार दूसरे WPL ऑक्शन में अनसोल्ड रहीं. इसके बाद यूपी वॉरियर्स ने भारतीय ऑलराउंडर स्नेह राणा को भी 30 लाख रुपये में अपने साथ जोड़ा. ऑक्शन में यूपी की खरीदारी यहीं नहीं रुकी और फ्रेंचाइजी ने ऑस्ट्रेलिया की विस्फोटक ऑलराउंडर ग्रेस हैरिस को भी सिर्फ 30 लाख रुपये में खरीद लिया. हैरिस पहले भी तीन सीजन तक यूपी वॉरियर्स का हिस्सा रह चुकी हैं और पिछले सीजन में 178 के स्ट्राइक रेट से रन बनाने के कारण यह सौदा टीम के लिए बेहद फायदेमंद माना जा रहा है.
यह भी पढ़ें- VIDEO: कैमरे ने खोली पोल! ऑफिस टाइम में मैच का मजा ले रहे कर्मचारी LIVE टीवी पर पकड़े गए, रिएक्शन वायरल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं