विज्ञापन

कप्तान स्मृति मंधाना की नजर बड़े टी20 वर्ल्ड रिकॉर्ड पर, विराट-रोहित भी नहीं कर पाए ये कारनामा, दुनिया की टॉप 3 महिला बल्लेबाज

भारतीय महिला टीम की नई पूर्णकालिक कप्तान स्मृति मंधाना जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 सीरीज में बड़ा इतिहास रचने के करीब हैं. मंधाना को अंतरराष्ट्रीय टी20 क्रिकेट में 5000 रन पूरे करने के लिए 133 रन की जरूरत है और ऐसा करने वाली वह दुनिया की पहली क्रिकेटर बन सकती हैं.

कप्तान स्मृति मंधाना की नजर बड़े टी20 वर्ल्ड रिकॉर्ड पर, विराट-रोहित भी नहीं कर पाए ये कारनामा, दुनिया की टॉप 3 महिला बल्लेबाज
कप्तान स्मृति मंधाना जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 सीरीज में बड़ा इतिहास रचने के करीब

भारतीय महिला क्रिकेट टीम और जिम्बाब्वे के बीच शुक्रवार से रायपुर में तीन टी20 मैचों की सीरीज शुरू हो रही है. इस सीरीज से स्मृति मंधाना भारतीय टीम की पूर्णकालिक कप्तान के रूप में अपने कार्यकाल की शुरुआत करेंगी. जिम्बाब्वे के खिलाफ यह सीरीज मंधाना के लिए एक बड़े व्यक्तिगत रिकॉर्ड की वजह से भी खास रहने वाली है. स्मृति मंधाना अगर जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज में 133 रन बनाने में सफल रहती हैं, तो अंतरराष्ट्रीय टी20 क्रिकेट में उनके 5,000 रन पूरे हो जाएंगे. ऐसा करने वाली वह दुनिया की पहली क्रिकेटर (महिला या पुरुष) बन जाएंगी.

मंधाना पारी की शुरुआत करती हैं और इस समय शानदार फॉर्म में भी हैं. ऐसे में पूरी संभावना है कि वह जिम्बाब्वे सीरीज के दौरान यह ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम कर लें. अंतरराष्ट्रीय महिला टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाजों की सूची में मंधाना फिलहाल पहले स्थान पर हैं. बाएं हाथ की इस बल्लेबाज ने 2013 से अब तक 179 टी20 मैचों की 172 पारियों में 2 शतक और 37 अर्धशतक की मदद से 4,867 रन बनाए हैं.

न्यूजीलैंड की सूजी बेट्स इस सूची में दूसरे स्थान पर हैं. बेट्स ने 2007 से 2026 के बीच 186 मैचों की 178 पारियों में 1 शतक और 28 अर्धशतक लगाते हुए 4,758 रन बनाए हैं.

तीसरे स्थान पर हाल ही में भारतीय टीम की कप्तानी छोड़ने वाली हरमनप्रीत कौर हैं. हरमनप्रीत ने 2009 से अब तक 210 टी20 मैचों की 188 पारियों में 1 शतक और 18 अर्धशतकों की बदौलत 4,346 रन बनाए हैं. उनके पास भी अपने रिकॉर्ड को और बेहतर बनाने का अवसर है.

रैंकबल्लेबाजदेशरनमैच
1स्मृति मंधानाभारत4,788178
2सूजी बेट्सन्यूजीलैंड4,758186
3हरमनप्रीत कौरभारत4,287209

अंतरराष्ट्रीय टी20 क्रिकेट के पुरुष वर्ग में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड पाकिस्तान के बाबर आजम के नाम दर्ज है. बाबर ने 2016 से अब तक 145 मैचों की 136 पारियों में 3 शतक और 39 अर्धशतक की मदद से 4,596 रन बनाए हैं.

इस सूची में दूसरे स्थान पर इंग्लैंड के पूर्व कप्तान और विकेटकीपर बल्लेबाज जोस बटलर हैं. बटलर ने 2011 से अब तक 163 मैचों की 150 पारियों में 2 शतक और 30 अर्धशतक लगाते हुए 4,384 रन बनाए हैं.

भारत के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा पुरुष टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में तीसरे स्थान पर हैं. रोहित ने 2007 से 2024 के बीच 159 मैचों की 151 पारियों में 5 शतक और 32 अर्धशतक की मदद से 4,231 रन बनाए हैं.

चौथे स्थान पर विराट कोहली हैं. विराट ने 2010 से 2024 के बीच 125 मैचों की 117 पारियों में 1 शतक और 38 अर्धशतक लगाते हुए 4,188 रन बनाए हैं.

रोहित शर्मा और विराट कोहली अंतरराष्ट्रीय टी20 क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं. वहीं, जोस बटलर के पास अभी भी अपने आंकड़ों में सुधार करने का मौका है. ऐसे में सभी निगाहें अब स्मृति मंधाना पर होंगी, जो जिम्बाब्वे के खिलाफ सीरीज में 5,000 टी20 रन का ऐतिहासिक आंकड़ा छूकर क्रिकेट इतिहास में अपना नाम दर्ज करा सकती हैं.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
India Women, Smriti Mandhana, Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com