विज्ञापन

Shubman Gill: शुभमन गिल का IPL में तहलका, अनोखा 'शतक' पूरा कर रचा इतिहास, इकलौते बल्लेबाज बने

Shubman Gill record in IPL: आईपीएल में शुभमन गिल ने एक बड़ा कारनामा कर दिखाया, गिल ने आरसीबी के खिलाफ तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी कर महफिल लूट ली.

Shubman Gill: शुभमन गिल का IPL में तहलका, अनोखा 'शतक' पूरा कर रचा इतिहास,  इकलौते बल्लेबाज बने
IPL 2026, Shubman Gill record in IPL: गिल ने रचा इतिहास

Shubman Gill record in IPL, GT vs RCB: आरसीबी के खिलाफ मैच में गुजरात टाइटंस की टीम 4 विकेट से मैच को जीतने में सफल रही. इस मैच में गुजरात के कप्तान शुभमन गिल ने अपनी बल्लेबाजी से तहलका मचा दिया. गुजरात के कप्तान गिल गुजरात टाइटंस के लिए छक्कों का शतक पूरा करने में सफल हो गए हैं. गिल आईपीएल इतिहास में गुजरात टाइटंस की ओर से 100 छक्के लगाने वाले पहले बल्लेबाज हैं. गिल ने 68 मैचों में यह कारनामा गुजरात टाइटंस के लिए कर दिखाया है. बता  दें कि अपनी बल्लेबाजी के दौरान गिल बेहतरीन फॉर्म में दिखे और आरसीबी के गेंदबाजों के खिलाफ तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी कर खलबली मचा दी. वैसे मैच में गिल 18 गेंद पर 43 रन बनाकर आउट हुए, गिल ने अपनी 43 रन की पारी में तीन छक्के और 4 चौके लगाए. गिल को भुवी ने आउट किया. विराट कोहली ने क्रिकेट के 'प्रिंस' का कैच लेकर खलबली मचा दी. गिल की पारी ऐसी थी जिसने मैच को पहले ही कुछ ओवरों में ही पलट दिया. 

गुजरात टाइटंस के लिए IPL में सर्वाधिक छक्के

  • शुभमन गिल - 68 मैचों में 100* छक्के
  • साईं सुदर्शन - 48 मैचों में 69 छक्के
  • डेविड मिलर - 41 मैचों में 44 छक्के
  • जोस बटलर - 22 मैचों में 35 छक्के
  • राहुल तेवतिया - 67 मैचों में 29 छक्के

आरसीबी की पहले बल्लेबाजी

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने आईपीएल 2026 के 42वें मैच में गुजरात टाइटंस (जीटी) के खिलाफ जीत के लिए 156 रनों का टारगेट रखा है. आरसीबी इस मुकाबले को जीतकर प्वाइंट्स टेबल में टॉपर स्थान पर पहुंचने के इरादे से उतरी है. नरेंद्र मोदी स्टेडियम में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी आरसीबी की टीम 19.2 ओवरों में 155 रन पर सिमट गई. इस टीम को जैकब बेथेल और विराट कोहली की सलामी जोड़ी ने संभली हुई शुरुआत दिलाई.  दोनों खिलाड़ियों ने पहले विकेट के लिए 16 गेंदों में 34 रन की साझेदारी की.जैकब बेथेल 5 रन बनाकर पवेलियन लौटे. अगले ओवर में टीम ने विराट कोहली का विकेट भी खो दिया, जो 13 गेंदों में 6 बाउंड्री के साथ 28 रन बनाकर आउट हुए.

आरसीबी की टीम 3.2 ओवरों में 35 के स्कोर तक अपने दोनों सलामी बल्लेबाजों के विकेट खो चुकी थी. यहां से देवदत्त पड्डिकल ने कप्तान रजत पाटीदार के साथ मोर्चा संभाला. दोनों खिलाड़ियों ने तीसरे विकेट के लिए 26 गेंदों में 44 रन की साझेदारी की.

पाटीदार 15 गेंदों में 1 छक्के और 2 चौकों के साथ 19 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जिसके बाद पड्डिकल ने छोटी-छोटी साझेदारियां करते हुए टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया. हालांकि, दूसरे छोर पर जितेश शर्मा (1), टिम डेविड (9) और क्रुणाल पांड्या (4) उनका बखूबी साथ नहीं दे सके. सातवें विकेट के लिए पड्डिकल ने रोमारियो शेफर्ड के साथ 21 गेंदों में 30 रन जुटाए.

देवदत्त पड्डिकल 24 गेंदों में 40 रन बनाकर पवेलियन लौटे. उनकी इस पारी में 2 छक्के और 5 चौके शामिल रहे. वेंकटेश अय्यर ने भुवेश्वर कुमार के साथ 9वें विकेट के लिए 30 गेंदों में 29 रन जोड़कर टीम को चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाया. वेंकटेश ने 12 रन का योगदान टीम के खाते में दिया, जबकि भुवनेश्वर कुमार ने 15 रन टीम के खाते में जोड़े.

गुजरात टाइटंस की तरफ से अरशद खान ने सर्वाधिक 3 विकेट हासिल किए, जबकि जेसन होल्डर और राशिद खान ने 2-2 विकेट निकाले। मोहम्मद सिराज और कगिसो रबाडा ने 1-1 विकेट अपने नाम किया.

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (प्लेइंग इलेवन): विराट कोहली, जैकब बेथेल, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार (कप्तान), जितेश शर्मा (विकेटकीपर), भुवनेश्वर कुमार, सुयश शर्मा, टिम डेविड, रोमारियो शेफर्ड, क्रुणाल पंड्या और जोश हेजलवुड

गुजरात टाइटंस की प्लेइंग इलेवन: शुभमन गिल (कप्तान), साई सुदर्शन, जोस बटलर (विकेटकीपर), जेसन होल्डर, राशिद खान, कगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज, शाहरुख खान, वाशिंगटन सुंदर, अरशद खान और मानव सुथार

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com