न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज के तीसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में जिस तरह से अभिषेक शर्मा और वैभव सूर्यवंशी ने कोहराम मचाया, उसने दुनिया को दंग कर दिया और कप्तान श्रेयस अय्यर का रिएक्शन इससे अलग नहीं था. 199 के लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम इंडिया ने पावरप्ले के अंदर ही 118 रन बना लिए थे. अभिषेक-वैभव शुरुआती गेंद से ही प्रहार कर रहे थे और उन्होंने 36 गेंदों के अंदर ही भारत की जीत तय कर दी थी. वहीं मैच के बाद जब कप्तान अय्यर से सवाल हुआ कि क्या यह सबसे बेहतरीन बैटिंग थी, जो उन्होंने देखी है, इस पर अय्यर ने कहा कि उन्होंने इससे पहले कुछ नहीं देखा था.
मैच के बाद पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन में जब कप्तान अय्यर ने श्रेयस अय्यर और वैभव सूर्यवंशी की बल्लेबाजी को लेकर सवाल हुआ तो उन्होंने कहा,"एकदम शानदार. जिस तरह से उन्होंने शॉट्स खेले, उन्हें देखना बहुत अच्छा लगा. इसके अलावा, जब संजू और मैं बल्लेबाजी करने गए, तो गेंद सीम कर रही थी, और मैं सोच रहा था कि उन्होंने इसे कैसे संभाला? यह वाकई हैरान करने वाला था."
जब कप्तान श्रेयस अय्यर से सवाल हुआ कि क्या यह बल्लेबाजी प्रदर्शन सबसे बेहतरीन है? इस पर उन्होंने कहा,"सच कहूं तो, 5 ओवर में 100 रन बनाना, मैंने ऐसा पहले कभी नहीं देखा, खासकर इंटरनेशनल लेवल पर. और हां, यह यकीनन सबसे बेहतरीन प्रदर्शन है."
जब कप्तान से पूछा गया कि बल्लेबाजों को जो संदेश दिया गया था कि वह अपने स्वाभाविक अंदाज में ही खेलें, इस पर अय्यर ने माना,"मुझे लगता है कि यह बहुत जरूरी है, खासकर जब आप विदेश में खेल रहे हों. आपको पता होता है कि हालात अलग होंगे, और आपको कई तरह की गेंदों का सामना करना पड़ेगा. ऐसे शानदार प्रदर्शन से इन चुनौतियों को पार करना - उन्हें पूरा क्रेडिट मिलना चाहिए, आज उन्होंने जिस तरह से खेला, वह लाजवाब था."
अय्यर ने आगे कहा,"जाहिर है, तीसरे मैच में ही सीरीज जीत लेना, जबकि अभी दो मैच और बाकी हैं - मुझे उम्मीद है कि वे इसी फॉर्म को बरकरार रखेंगे. लड़कों ने जिस तरह से इस मौके पर खुद को साबित किया, वह वाकई कमाल है. शुरुआत में जेट लैग था, लेकिन फिर जिस तरह से उन्होंने खुद को हालात के हिसाब से ढाला, वह हैरान करने वाला था."
वहीं भारतीय गेंदबाजों ने आज 10वें ओवर के बाद काफी यॉर्कर गेंदों का इस्तेमाल किया, इस पर अय्यर ने प्लान का खुलासा करते हुए कहा,"मुझे एहसास हुआ कि वे चाहे हार्ड लेंथ पर गेंदबाजी कर रहे हों या हाफ वॉली, गेंद सीधे स्टैंड्स में जा रही थी. मैंने बस यही कहा कि जितना हो सके यॉर्कर डालें, भले ही आपको लगातार छह गेंदें यॉर्कर डालनी पड़ें. उन्हें ग्राउंड के सामने खेलने पर मजबूर करना या वाइड यॉर्कर डालना, इस विकेट पर हमारे लिए मददगार साबित होगा. तो हां, हम अपनी रणनीति को अच्छे से लागू कर पाए और रन रेट को 8 से 9 के बीच रखने में कामयाब रहे, जिससे उन्हें 10 रन प्रति ओवर के आसपास रोकने में काफी मदद मिली. और हां, हमारा प्लान उन्हें 200 रन के अंदर रोकने का था."
यह भी पढ़ें: '12 गेंद में फिफ्टी आसान नहीं', गुरु युवराज की चुटकी पर अभिषेक शर्मा का बड़ा बयान, फिर युवी ने की जमकर तारीफ
यह भी पढ़ें: अभिषेक शर्मा का कोहराम, 35 गेंदों में शतक जड़ रचा इतिहास, टूटा कोहली का विराट रिकॉर्ड
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं