विज्ञापन

'12 गेंद में फिफ्टी आसान नहीं', गुरु युवराज की चुटकी पर अभिषेक शर्मा का बड़ा बयान, फिर युवी ने की जमकर तारीफ

भारत ने हेनरी स्टेडियम में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले गए तीसरे टी20 मुकाबले को 6 विकेट से जीत लिया है. इस जीत के साथ भारत ने सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त ले ली है.

'12 गेंद में फिफ्टी आसान नहीं', गुरु युवराज की चुटकी पर अभिषेक शर्मा का बड़ा बयान, फिर युवी ने की जमकर तारीफ
न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे टी20 में अभिषेक शर्मा ने तूफानी शतक जड़ा

न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे टी20 में तूफानी शतक जड़ने वाले अभिषेक शर्मा की उनके गुरु युवराज सिंह ने सोशल मीडिया पर फिरकी ली. 199 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए अभिषेक ने महज 38 गेंदों में 113 रन ठोक दिए और भारत को 13.2 ओवर में ही 6 विकेट से जीत दिला दी. इस जीत के साथ टीम इंडिया ने पांच मैचों की सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त बना ली. मैच के बाद अभिषेक शर्मा से युवराज सिंह के उस मजाकिया पोस्ट के बारे में पूछा गया, जिसमें पूर्व भारतीय हरफनमौला ने लिखा था, "अभी भी 12 गेंद में 50 नहीं बना पाए ना अभिषेक? ऐसा लग रहा था जैसे दो बाएं हाथ के बल्लेबाज अपने घर के पीछे में बल्लेबाजी कर रहे हों."

युवराज के बयान पर अभिषेक ने मुस्कुराते हुए जवाब दिया कि 12 गेंद में अर्धशतक बनाना हर किसी के बस की बात नहीं है.

अभिषेक ने कहा, "मुझे नहीं पता कि उस समय युवी पा किस तरह की क्रिकेट खेल रहे थे. अगर कोई उस तरह बल्लेबाजी करना चाहे तो यह आसान नहीं है. 12 गेंद में अर्धशतक बनाना आसान नहीं होता. लेकिन हम इन चीजों के बारे में नहीं सोचते, हमारा लक्ष्य सिर्फ अपनी टीम को मैच जिताना होता है."

इसके साथ ही युवराज सिंह ने सोशल मीडिया पर दूसरी पोस्ट की. उन्होंने मजाकिया अंदाज में लिखा कि वह 30 या 34 गेंद में शतक भी नहीं बना सकते. इसके साथ ही उन्होंने अभिषेक शर्मा और वैभव सूर्यवंशी दोनों की जमकर तारीफ की.

युवराज ने अपने पोस्ट में लिखा, "और मैं 30 या 34 गेंद में शतक नहीं बना सकता. शानदार खेला अभिषेक शर्मा. बेहतरीन पारी और इस बार तुमने सिंगल भी ले लिए. दूसरे छोर पर वैभव सूर्यवंशी ने भी शानदार बल्लेबाजी की. यह बेहद खतरनाक जोड़ी है." युवराज ने भारतीय गेंदबाजों की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने न्यूजीलैंड को 200 रन से नीचे रोकने में अहम भूमिका निभाई. साथ ही उन्होंने टीम इंडिया को सीरीज जीत की बधाई भी दी

तीसरे टी20 में अभिषेक शर्मा और वैभव सूर्यवंशी ने शुरुआत से ही न्यूजीलैंड के गेंदबाजों पर धावा बोल दिया. दोनों ने पहले 6 ओवर में 118 रन जोड़कर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के पावरप्ले का नया रिकॉर्ड बना दिया. अभिषेक ने 38 गेंदों में 113 रन बनाए, जबकि वैभव ने 19 गेंदों में 45 रन की विस्फोटक पारी खेली. दोनों की आक्रामक बल्लेबाजी की बदौलत भारत ने विशाल लक्ष्य को बेहद आसानी से 6 विकेट शेष रहते हासिल कर लिया.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
India, New Zealand, Abhishek Sharma, Yuvraj Singh, New Zealand Vs India 2026/27, Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com