क्रिकेट के गलियारों से बड़ी खबर निकलकर सामने आ रही है. सूत्रों के मुताबिक आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ खेले जाने वाले टी20 इंटरनेशनल सीरीज में भारतीय टीम की अगुवाई करने के लिए श्रेयस अय्यर (Shreyas Iyer) पूरी तरह से तैयार हैं. वहीं अक्षर पटेल की जगह उप-कप्तानी की जिम्मेदारी अब तिलक वर्मा (Tilak Varma) उठाएंगे. रिपोर्ट में दावा किया गया है कि सूर्यकुमार यादव और अक्षर पटेल को उनके पद से विमुक्त कर दिया जाएगा. जिसका ऐलान गुरुवार यानी कि आज होगा. बीसीसीआई की शीर्ष परिषद कप्तानी की स्थिति पर चर्चा करने के लिए ऑनलाइन बैठक करने वाली हैं. जहां नए कप्तान और उप-कप्तान के नाम का ऐलान किया जाएगा. रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि आगामी सीरीज के लिए श्रेयस को कप्तान बनाने का फैसला पहले ही लिया जा चुका है. बस बैठक के दौरान चयनकर्ताओं को इसका ऐलान करना बाकी है.
संजू सैमसन को कप्तान बनाना चाहते थे गौतम गंभीर
रिपोर्ट में दावा किया गया है कि टीम के हेड कोच गौतम गंभीर संजू सैमसन को सूर्यकुमार यादव का उत्तराधिकारी बनाना चाहते थे. मगर बीसीसीआई के मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर उनके इस निर्णय से सहमत नहीं थे. अगरकर ही नहीं चयन समिति के कुछ अन्य सदस्य भी गंभीर के इस सुझाव से सहमत नहीं थे. क्योंकि उनका मानना है कि सैमसन का प्रदर्शन लगातार अच्छा नहीं रहा है.
चयनकर्ताओं की दीर्घकालिक सूची में नहीं हैं सैमसन
सूत्रों का दावा है कि सैमसन ने जरूर भारतीय टीम को टी20 वर्ल्ड कप 2026 के जिताने में अहम भूमिका निभाई थी. मगर कई चयनकर्ता उन्हें दीर्घकालिक कप्तानी के विकल्प के रूप में नहीं देखते हैं. उनका यह भी सुझाव था कि सैमसन को कप्तानी की जिम्मेदारी देना जल्दबाजी साबित हो सकता है.
कप्तानी करते हुए लगातार लोगों को प्रभावित कर रहे हैं श्रेयस अय्यर
घरेलू क्रिकेट के साथ-साथ आईपीएल में लगातार श्रेयस अय्यर अपनी कप्तानी का लोहा मनवा रहे हैं. उनकी देख रेख में केकेआर ने 2024 में ट्रॉफी उठाया था. वहीं अगले साल यानी कि 2025 में उन्होंने काफी लंबे अर्से के बाद पंजाब की टीम को फाइनल तक का सफर तय करवाया था. जारी साल में भी उनकी देखरेख में पंजाब का प्रदर्शन पहले हॉफ में सही रहा. मगर दूसरे हॉफ में टीम जीत की पटरी से उतर गए. जिसके बाद टीम को मायूसी हाथ लगी.
रजत पाटीदार के नाम पर नहीं हुई कोई चर्चा
रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया कि आईपीएल 2026 में बल्ले से शानदार प्रदर्शन करने वाले और आरसीबी को लगातार दो आईपीएल खिताब जिताने वाले रजत पाटीदार को टीम में शामिल करने की संभावना पर कोई चर्चा नहीं हुई है, जो कि काफी निराशाजनक है.
यह भी पढ़ें- IND vs AFG: जडेजा-अक्षर की होगी छुट्टी! IPL में रनों का अंबार लगाने वाले इन दो खिलाड़ियों को मिलेगा मौका, प्लेइंग XI
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं