- दिल्ली के मालवीय नगर स्थित फ्लोरिस स्टे होटल में लगी आग के मामले में जय मिश्रा होटल का पूरा प्रबंधन संभालता था
- होटल के सभी लाइसेंस और आवश्यक दस्तावेज जय मिश्रा के नाम पर थे, जो अब फरार चल रहा है
- पुलिस ने जय मिश्रा की तलाश शुरू कर दी है और उसके अन्य होटलों के दस्तावेज भी इकट्ठा किए जा रहे हैं
दिल्ली के मालवीय नगर स्थित फ्लोरिस स्टे होटल में लगी भीषण आग में अब एक नए किरदार 'जय मिश्रा' का नाम सामने आया है. फ्लोरिस स्टे होटल के मालिक लवकेश बजाज ने पुलिस पूछताछ में बताया कि जय मिश्रा ही उसके होटल का पूरा कामकाज संभालता था. यहां तक कि होटल के सभी लाइसेंस और जरूरी दस्तावेज भी जय मिश्रा के नाम पर ही हैं. लवकेश बजाज ने पूरा ठिकरा जय मिश्रा के सिर पर फोड़ दिया है. अब दिल्ली की टीमें जय मिश्रा की तलाश में जुट गई हैं.
कौन है जय मिश्रा?
लवकेश बजाज ने साल 2022 में बिल्डिंग खरीदी थी, जिसे उन्होंने फ्लोरिस स्टे होटल में बदला. पुलिस पूछताछ में लवकेश बजाज ने बताया कि जब से उन्होंने होटल शुरू किया, तब से इसे जय मिश्रा ही संभाल रहे थे. होटल में क्या करना है, कैसे करना है... सब निर्णय जय मिश्रा ही लेते थे. सारे लाइसेंस भी जय मिश्रा के नाम पर थे. बेड एंड ब्रेकफास्ट के तहत इस होटल का लाइसेंस लिया हुआ था. होटल का पूरा मैनेजमेंट जय मिश्रा के हाथों में ही था.
फ्लोरिस स्टे होटल में आग लगने के बाद से ही जय मिश्रा भी फरार चल रहे हैं. पुलिस जय मिश्रा की तलाश कर रही है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी के इसी इलाके में 2-3 होटल और हैं. अब पुलिस इन होटलों के दस्तावेज भी इकट्ठा कर रही है.
पुलिस ने इन गंभीर धाराओं के तहत दर्ज की FIR
- धारा 105 BNS- गैर-इरादतन हत्या यानी ऐसा कृत्य जिससे किसी व्यक्ति की मौत हो जाए, लेकिन हत्या की स्पष्ट मंशा साबित न हो. इसमें गंभीर सजा का प्रावधान है.
- धारा 326(g) BNS- आग या विस्फोटक पदार्थ आदि के जरिए संपत्ति/स्थान को नुकसान पहुंचाना. यह धारा आगजनी, विस्फोट या खतरनाक तरीके से नुकसान पहुंचाने से संबंधित है.
- धारा 324(5) BNS- शरारत/नुकसान पहुंचाने (Mischief) से जुड़ा प्रावधान. किसी संपत्ति या व्यक्ति को जानबूझकर नुकसान पहुंचाने से संबंधित.
- धारा 125(a) और 125(b) BNS- दूसरों की जान या सुरक्षा को खतरे में डालने वाला कृत्य लापरवाही या खतरनाक हरकत जिससे लोगों की जान को खतरा हो.
- धारा 287 BNS- आग या ज्वलनशील पदार्थ के संबंध में लापरवाही. आग, ज्वलनशील सामग्री या खतरनाक पदार्थ के उपयोग में लापरवाही बरतना.
मरनेवाले लोगों में 9 भारतीय और 12 विदेशी नागरिक
मालवीय नगर स्थित फ्लोरिस स्टे होटल में लगी भीषण आग में 21 लोगों की मौत हो चुकी है. दिल्ली पुलिस के अनुसार, होटल में आग लगने के बाद कुल 49 लोगों को रेस्क्यू करके अलग-अलग अस्पतालों में पहुंचाया गया. इनमें से 21 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है. मृतकों में 9 भारतीय और 12 विदेशी नागरिक हैं. 8 लोगों को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है, जबकि अन्य घायलों का इलाज जारी है. मृत भारतीय नागरिकों में श्रुतिका बर्नवाल, तर्जनी अग्रवाल, वार्या अग्रवाल उर्फ पर्ल, झावेरी अग्रवाल, विवेक अग्रवाल, अशोक अग्रवाल, कमला अग्रवाल, प्रेम लता अग्रवाल और जीविषा अग्रवाल शामिल हैं.
ये भी पढ़ें:- आग लगी तो डरकर भाग गया... होटल के मालिक लवकेश बजाज का पुलिस के सामने खुलासा
ये भी पढ़ें:- उपहार से लेकर मालवीय नगर तक, दिल्ली में आग की बड़ी घटनाओं से नहीं लिया सबक
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं