इंग्लैंड के खिलाफ हाल ही में खराब प्रदर्शन के बीच दौरे में आए "भूचाल" के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) अपने क्रिकेट थिंक टैंक में बदलाव करने पर विचार कर रहा है, जिसके तहत पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर को पीसीबी में एक अहम पद मिलने की संभावना है. पीसीबी के एक करीबी सूत्र ने बताया कि इस्लामाबाद में रहने वाले शोएब ने पिछले हफ्ते बोर्ड चेयरमैन मोहसिन नकवी से मुलाकात की थी और दोनों ने क्रिकेट से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की. सूत्र ने आगे कहा, 'कुछ हफ्ते पहले जब शोएब के बड़े भाई का निधन हुआ था, तब मोहसिन नकवी ने उनके साथ घनिष्ठता से बातचीत की थी और उनके साथ खड़े रहे थे. इस बात ने शोएब को बहुत प्रभावित किया जो अतीत में मीडिया में अपने बयानों के दौरान पीसीबी और पाकिस्तान क्रिकेट के मुखर आलोचक रहे हैं.
अख्तर ने रखे चेयरमैन के आगे विचार
उन्होंने कहा कि जब से नकवी ने शोएब के साथ अपनी योजनाएं साझा की हैं और उन्हें एनसीए तथा ट्रेनिंग कैंपों का दौरा करने के लिए आमंत्रित किया है, तब से दोनों के संबंध बहुत अच्छे हो गए हैं. सूत्र ने कहा, 'शोएब को एक बड़ा पद मिलने की संभावना है, लेकिन जाहिर है कि जब उन्होंने चेयरमैन से मुलाकात की तो उनके पास अपने खुद के विचार और शर्तें थीं, जिनके जरिए उनका मानना है कि पाकिस्तान क्रिकेट को आगे ले जाया जा सकता है.'
नए स्टॉफ की नियुक्ति पर भी विचार
शोएब के अलावा, सीनियर टीम के फील्डिंग कोच शेन मैकडरमोट और बैटिंग कोच एशले नोफके के अचानक जाने के बाद बोर्ड राष्ट्रीय टीमों के साथ कुछ विदेशी कोचों और सलाहकारों की नियुक्ति पर भी विचार कर रहा है. सूत्र ने बताया कि बोर्ड राष्ट्रीय महिला टीम के लिए भी एक स्थायी और दीर्घकालिक मुख्य कोच नियुक्त करने पर विचार कर रहा है, जिसका प्रदर्शन भी बिल्कुल अच्छा नहीं रहा है.
सूत्र ने कहा, 'बोर्ड भविष्य के लिए कुछ योजनाओं पर काम कर रहा है और जल्द ही क्रिकेट थिंक टैंक में कुछ बदलाव होंगे क्योंकि चेयरमैन ने स्पष्ट कर दिया है कि उन्हें राष्ट्रीय पुरुष, महिला, शाहीन और जूनियर टीमों से बेहतर परिणामों की उम्मीद है'. जब पाकिस्तान को इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में 0-3 से हार का सामना करना पड़ा, तो यह अंग्रेजी धरती पर उनका पहला सूपड़ा साफ (क्लीन स्वीप) था.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं