विज्ञापन
This Article is From Aug 03, 2015

बारिश के कारण बांग्लादेश-दक्षिण अफ्रीका के बीच दूसरा टेस्ट मैच ड्रॉ

Also Read in
बारिश के कारण बांग्लादेश-दक्षिण अफ्रीका के बीच दूसरा टेस्ट मैच ड्रॉ
फाइल फोटो
ढाका: बांग्लादेश और दक्षिण अफ्रीका के बीच ढाका में खेला जा रहा सीरीज का दूसरा और अंतिम टेस्ट मैच लगातार चार दिनों से जारी बारिश के कारण सोमवार को ड्रॉ पर समाप्त हो गया। इससे दो मैचों की यह सीरीज 0-0 से ड्रॉ रही। गौरतलब है कि चिटगांव में खेला गया पहला टेस्ट मैच भी बारिश के कारण ड्रॉ रहा था।

शेर-ए-बांग्ला स्टेडियम में खेले जा रहे मैच के अंतिम दिन का खेल धूप होने के बावजूद आउटफील्ड गीला होने के कारण रद्द कर दिया गया।

इस पूरे मैच के दौरान केवल पहले दिन ही पूरे ओवरों का खेल संभव हो पाया था, जिसमें बांग्लादेश ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए 8 विकेट के नुकसान पर 246 रन बनाए थे।

इस मैच का खास आकर्षण दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज डेल स्टेन रहे, जिन्होंने अपने टेस्ट करियर में 400 विकेट पूरे किए। स्टेन दक्षिण अफ्रीका के ऐसे दूसरे गेंदबाज हैं, जिन्होंने यह उपलब्धि अपने नाम की है। उनसे पहले शेन पोलॉक ने यह कारनामा किया था।

दक्षिण अफ्रीका के कप्तान हाशिम अमला ने कहा कि यह अजीब सीरीज थी। उन्होंने कहा, 'यदि यह टेस्ट दक्षिण अफ्रीका में होता तो कल ही रद्द हो जाता। इस आउटफील्ड पर खेल मुमकिन नहीं था। यह काफी अजीब सीरीज थी। मैंने ऐसी कोई सीरीज नहीं खेली, जिसमें 10 में से छह दिन बारिश के कारण खेल ना हो सके।'
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
बांग्लादेश-दक्षिण अफ्रीका टेस्ट सीरीज, क्रिकेट, बांग्लादेश क्रिकेट, दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट, Bangladesh-south Africa Test Series, Cricket, Bangladesh Cricket, South Africa Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com