विज्ञापन

MLC चुनाव जीतते ही नीरज कुमार ने अनंत सिंह के लिए मजे; बोले- कहां है रे गुंजन, ले जा मिठइया, पटना सीट पर कब्जा

पटना MLC चुनाव सिर्फ एक सीट की लड़ाई नहीं, बल्कि नीरज कुमार और अनंत सिंह की राजनीतिक प्रतिष्ठा का मुकाबला बन गया था. इस सीट को बिहार की सबसे हाई-प्रोफाइल चुनावी लड़ाइयों में गिना जा रहा था, क्योंकि मोकामा विधायक अनंत सिंह खुलकर नीरज कुमार के खिलाफ प्रचार में उतरे थे. नतीजे आते ही नीरज कुमार ने विरोधियों पर तंज की बौछार कर दी.

MLC चुनाव जीतते ही नीरज कुमार ने अनंत सिंह के लिए मजे; बोले- कहां है रे गुंजन, ले जा मिठइया, पटना सीट पर कब्जा
जीत के बाद नीरज कुमार का अनंत सिंह पर तंज, बोले- ‘जैसा बोओगे, वैसा काटोगे’
अल्टर्ड बाय NDTV
  • बिहार की सबसे चर्चित सीट पर जदयू की जीत, अनंत सिंह को लगा बड़ा झटका
  • अनंत सिंह के समर्थित उम्मीदवार की हार, नीरज कुमार ने ऐसे लिया मजा
  • ‘जैसा बोओगे, वैसा काटोगे’, अनंत सिंह पर बरसे नीरज कुमार

बिहार विधान परिषद चुनाव की सबसे चर्चित और हाई-प्रोफाइल सीट मानी जा रही पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में जनता दल यूनाइटेड (JDU) के नीरज कुमार ने जीत दर्ज कर अपनी राजनीतिक पकड़ एक बार फिर साबित कर दी है. यह चुनाव सिर्फ एक सीट का मुकाबला नहीं था, बल्कि जदयू नेता नीरज कुमार और मोकामा विधायक अनंत सिंह के बीच प्रतिष्ठा की सीधी लड़ाई बन गया था. चुनाव प्रचार के दौरान अनंत सिंह खुलकर नीरज कुमार के खिलाफ मैदान में उतरे थे, लेकिन परिणाम आने के बाद नीरज कुमार ने विरोधियों पर जुबानी हमला बोलते हुए राजनीतिक संदेश देने में कोई कसर नहीं छोड़ी.

सबसे चर्चित सीट पर नीरज कुमार की जीत

पटना स्नातक सीट पर जीत के साथ नीरज कुमार ने अपना राजनीतिक कद और मजबूत कर लिया है. मतगणना के दौरान कई चरणों तक चले रोमांचक मुकाबले के बाद उन्होंने जीत दर्ज की. इस सीट पर जन सुराज समर्थित उम्मीदवार डॉ. अनुज सिंह को समर्थन देकर अनंत सिंह ने चुनाव को प्रतिष्ठा का प्रश्न बना दिया था. राजनीतिक गलियारों में चर्चा थी कि अगर नीरज कुमार यह चुनाव हार जाते तो इसका असर उनके राजनीतिक भविष्य पर पड़ सकता था. लेकिन नतीजों ने तस्वीर पूरी तरह बदल दी. अनुज सिंह तीसरे स्थान पर खिसक गए, जबकि राजद उम्मीदवार दूसरे स्थान पर रहे.

जीत के बाद अनंत सिंह पर तंज

जीत की आधिकारिक पुष्टि होते ही नीरज कुमार के समर्थकों में जश्न शुरू हो गया. इसी दौरान नीरज कुमार ने अपनी गाड़ी से समर्थकों को संबोधित करते हुए मगही अंदाज में तंज कसा. उन्होंने कहा, 'कहां है रे गुंजन, ले जा मिठइया!' यह टिप्पणी अनंत सिंह और उनके समर्थक गायक गुंजन सिंह की ओर इशारा मानी जा रही है. चुनाव प्रचार के दौरान गुंजन सिंह भी अनंत सिंह के पक्ष में सक्रिय थे. इसके बाद नीरज कुमार ने एक और तंज करते हुए कहा, 'ए संजीत, ई का बोल है रे?'. इसे विरोधियों की समय से पहले की गई जीत की घोषणाओं पर कटाक्ष माना जा रहा है. इससे पहले नीरज कुमार से अनंत सिंह के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा था, 'जैसा बोओगे, वैसा काटोगे.'

एनडीए नेतृत्व को दिया जीत का श्रेय

जीत के बाद नीरज कुमार ने अपनी सफलता का श्रेय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, निशांत कुमार, सम्राट चौधरी, उपेंद्र कुशवाहा, जीतन राम मांझी और चिराग पासवान समेत एनडीए नेताओं को दिया. उन्होंने कहा कि जीत का जश्न अभी बाकी है और कार्यकर्ताओं के उत्साह को देखते हुए आगे और बड़े कार्यक्रम आयोजित होंगे. नीरज कुमार ने कहा कि चुनाव के दौरान उन पर काफी मानसिक दबाव बनाया गया, लेकिन समर्थकों का भरोसा कायम रहा और उसी का परिणाम आज की जीत है.

अनंत सिंह का जवाब

उधर हार के बाद अनंत सिंह ने संयमित प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा, 'वोट कोई दुकान से खरीदकर नहीं लाया जाता. जनता भगवान होती है. जनता वोट देती है तो उम्मीदवार जीतता है और नहीं देती तो हारता है.'

यह भी पढ़ें : बिहार MLC चुनाव: JDU के नीरज जीते; पटना में RJD, तिरहुत में NDA, सारण में BJP बागी राहुल राज विजयी, कांग्रेस 0

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Bihar MLC Election Results, Bihar MLC Election, Neeraj Kumar, Anant Singh, Patna Graduate Constituency
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com