बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में भारत-वेस्टइंडीज के बीच सीरीज का पांचवां टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला बारिश के चलते रद्द किया गया. जिससे पांच मैचों की सीरीज 2-2 से बराबर रही. टीम इंडिया का काफिला अब न्यूजीलैंड के लिए उड़ान भरेगा. 22 अक्टूबर से दोनों देशों के बीच पांच टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की सीरीज शुरू हो रही है. इन दोनों सीरीज के बीच सिर्फ पांच दिन का अंतर है. ऐसे में खिलाड़ियों के पास न्यूजीलैंड की परिस्थितियों में ढलने और अभ्यास करने के लिए समय नहीं होगा. ऐसे में, भारतीय ओपनर संजू सैमसन को तैयारी के बजाय अपने अनुभव पर निर्भर रहना होगा.
बेंगलुरु में वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज का पांचवें टी20 मैच के दौरान ब्रॉडकास्टर से बात करते हुए संजू सैमसन ने कहा,"सच कहूं तो, आजकल जिस तरह का शेड्यूल है, उसमें प्रैक्टिस या तैयारी के लिए ज्यादा समय नहीं मिल पाता है." संजू ने आगे कहा,"ऐसे में आपका अनुभव काम आता है. आप खुद को मानसिक रूप से मजबूत रखने की कोशिश करते हैं और जो भी समय मिलता है, उसका पूरा फायदा उठाते हैं. हमारे पास बैटिंग प्रैक्टिस के लिए सिर्फ एक दिन है."
न्यूजीलैंड के हालात भारत से काफी अलग हैं, और सैमसन का कहना है कि वहां की परिस्थितियों के हिसाब से ढलने में थोड़ा समय लगता है. दाएं हाथ के ओपनर ने आगे कहा,"हम 20 तारीख को वहां पहुंचेंगे, 21 को प्रैक्टिस करेंगे और 22 को मैच खेलेंगे. इसलिए, हम यहां की गई अच्छी चीजों को वहां भी जारी रखने की कोशिश करेंगे. वहां के हालात के हिसाब से ढलने में थोड़ा समय लगता है, इसलिए हम पहली दो-तीन गेंदों में वहां की स्थिति को समझने की कोशिश करेंगे. हम अपने अनुभव से सीखी गई बातों का पालन करेंगे और वहां के हालात का सम्मान करते हुए खेलेंगे." बता दें, न्यूजीलैंड में होने वाली यह सीरीज खिलाड़ियों के लिए 2028 T20 वर्ल्ड कप की अच्छी तैयारी भी साबित होगी, जिसकी मेजबानी संयुक्त रूप से ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड करेंगे.
इस दौरान संजू ने यह भी बताया है कि वह जमीन से जुड़े हैं और अपना निडर क्रिकेट खेलते हैं. उन्होंने बताया कि टी20 वर्ल्ड कप 2026 के शानदार प्रदर्शन से उन्हें काफी आत्मविश्वास दिया है. टी20 वर्ल्ड कप 2026 में संजू सैमसन सर्वाधिक रन बनाने वाले भारतीय बने, जिन्होंने 5 मुकाबलों में 80.25 की औसत के साथ 321 रन बनाए थे. संजू मानते हैं कि इससे उन्हें काफी आत्मविश्वास मिला है.
संजू ने कहा,"बिल्कुल, इससे आपको काफी आत्मविश्वास मिलता है. इसके बाद आप अपने खेल के व्यवहार को बेहतर तरीके से समझने लगते हैं. आप अपनी प्रक्रिया पर ध्यान केंद्रित करते हैं, बाहरी शोर को कम करते हैं और अपने दिमाग में ऐसा माहौल बनाने की कोशिश करते हैं, जिससे मैदान पर जाकर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर सकें. कभी आप रन बनाते हैं और कभी नहीं भी बना पाते. इसलिए मैं इसे समझने की कोशिश करता हूं, जमीन से जुड़ा रहता हूं और निडर क्रिकेट खेलना जारी रखता हूं."
पांचवें और निर्णायक टी20 मैच में बारिश के कारण रात 8.20 तक टॉस नहीं हो सका है. सैमसन ने बताया कि लगातार बारिश के दौरान जब मैच शुरू नहीं हो पाता, तो उनके दिमाग में क्या चलता है? उन्होंने कहा, "ड्रेसिंग रूम में हमें आपके (चहल) जैसे किसी खिलाड़ी की कमी महसूस होती है, जो माहौल को हल्का-फुल्का बनाए रख सके. जब बारिश हो रही होती है, तब उस समय क्रिकेट के बारे में बहुत ज्यादा सोचने का कोई मतलब नहीं होता. बिश्नोई और अर्शदीप खुद को व्यस्त रखे हुए हैं, इसलिए आप समझ सकते हैं कि ड्रेसिंग रूम का माहौल कैसा रहता है."
यह भी पढ़ें: ट्राई सीरीज से पहले शाहीन अफरीदी ने भरी हुंकार, 3 दिन की ट्रेनिंग को बताया पाकिस्तान का बड़ा हथियार
यह भी पढ़ें: अभिषेक नंबर-1, सूर्या को छोड़ा पीछे, T20I में एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले टॉप 5 बल्लेबाज
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं