पूर्व भारतीय बल्लेबाज संजय मांजरेकर की मानें तो आयरलैंड के खिलाफ पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय में खराब प्रदर्शन के बाद संजू सैमसन को 'सावधान' रहने की ज़रूरत है. बेलफास्ट में सीरीज के पहले मुकाबले में भारत को 34 रन से हार का सामना करना पड़ा था. भारतीय बल्लेबाजी इस मुकाबले में लड़खड़ा गई थी. मुकाबले से पहले वैभव के डेब्यू का शोर था, लेकिन मैनेजमेंट ने विश्व विजेता ओपनिंग जोड़ी के साथ जाने का फैसला लिया. भारत को 183 का लक्ष्य मिला था. टीम इंडिया को रन चेज में संजू से रूप में शुरुआती झटका लगा, जो सिर्फ 4 रन बना पाए थे. जय मुंद्रा ने उन्हें अपना शिकार बनाया था. मांजरेकर ने कहा कि सैमसन कुछ भी हल्के में नहीं ले सकते क्योंकि सूर्यवंशी अपने मौके का इंतज़ार कर रहे हैं.
सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर मांजरेकर ने कहा,"संजू सैमसन को सावधान रहने की ज़रूरत है क्योंकि वैभव सूर्यवंशी उनके और अभिषेक शर्मा के पीछे पड़े हैं." हालांकि, मांजरेकर ने तुरंत कहा कि उनका मानना है कि अगर सूर्यवंशी प्लेइंग XI का हिस्सा होते तो ज़्यादा फ़र्क नहीं पड़ता. उन्होंने कहा कि टारगेट बहुत बड़ा था और हालात भारत के लिए मददगार नहीं थे.
मांजरेकर ने कहा,"मुझे लगता है कि वह अभिषेक जैसा ही करते, शायद थोड़ा बेहतर. एक ऐसा चेज़ जिसमें आपको पहले छह ओवर में सब कुछ करना होता. आपको बाकी ओवरों में भी उसी मोमेंटम को बनाए रखना होता. इसलिए वह चेज़ में चीज़ों को थोड़ा आसान बना सकते थे, लेकिन टारगेट बहुत बड़ा हो गया, और हालात आसान नहीं थे. और आपने दांबुला में ट्राई-सीरीज़ में भी देखा कि कैसे उनके पास अक्सर छक्के नहीं आ रहे थे."
टी20 विश्व विजेता भारतीय टीम नए कप्तान- श्रेयस अय्यर की अगुवाई में आयरलैंड से सीरीज के पहले मैच में 34 रनों से हार गई. सिविल सर्विस क्रिकेट क्लब में मिली हार, भारत का किसी भी फॉर्मेट में आयरलैंड के खिलाफ पहली हार रही.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं