विज्ञापन

'हर मैच का बेसब्री से इंतजार कर रहे' रोहित शर्मा के भविष्य के सवालों के बीच साईराज बहुतुले ने कही बड़ी बात

अगले साल होने वाले वनडे वर्ल्ड कप से पहले रोहित शर्मा के भविष्य को लेकर कई सवाल हो रहे हैं. इस बीच भारत के स्पिन बॉलिंग कोच ने इस ओपनर बल्लेबाज को लेकर बड़ी बात कही है.

'हर मैच का बेसब्री से इंतजार कर रहे' रोहित शर्मा के भविष्य के सवालों के बीच साईराज बहुतुले ने कही बड़ी बात
Sairaj Bahutule on Rohit Sharma 2027 ODI World Cup

स्पिन गेंदबाजी कोच साईराज बहुतुले ने मंगलवार को कहा कि रोहित शर्मा भारतीय वनडे टीम के एक महत्वपूर्ण सदस्य हैं और इसका कारण सिर्फ बल्लेबाजी नहीं बल्कि उनकी नेतृत्वक्षमता और अनुभव भी है जिसका कप्तान शुभमन गिल पर अच्छा असर पड़ता है. पिछले साल रोहित शर्मा और विराट कोहली के टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद से ही वनडे प्रारूप में रोहित का भविष्य और 2027 विश्व कप के लिए उनकी तैयारी चर्चा का विषय रही है. इस प्रारूप में रोहित का प्रदर्शन हाल के दिनों में अच्छा नहीं रहा है. उन्होंने अपनी पिछली चार वनडे पारियों में सिर्फ 77 रन बनाए हैं.

हर मैच का बेसब्री से इंतजार कर रहे रोहित शर्मा

अफगानिस्तान के खिलाफ दूसरे एकदिवसीय से पहले बहुतुले ने संवाददाताओं से कहा,"रोहित शर्मा एक अनुभवी खिलाड़ी हैं, वह एक चैंपियन क्रिकेटर हैं. वह ऐसे खिलाड़ी हैं जो अपने अनुभव से टीम को फायदा पहुंचाते हैं - ना सिर्फ बल्लेबाजी के मामले में बल्कि उनकी नेतृत्वक्षमता का असर भी सभी खिलाड़ियों और शुभमन पर पड़ता है."

बहुतुले ने कहा कि इतनी उपलब्धियों के बावजूद खेल के प्रति रोहित की समझ और लगातार बेहतर करने का जज्बा कम नहीं हुआ है. उन्होंने कहा,"टीम में उनका होना निश्चित रूप से बेहद महत्वपूर्ण है. वह ऐसे खिलाड़ी हैं जो हर मैच को समझते हैं और जानते हैं कि उनसे और टीम से क्या उम्मीद की जाती है." बहुतुले ने कहा,"मुझे लगता है कि वह हर मैच का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं और जिस तरह से मेहनत कर रहे हैं, ऐसा लगता है जैसे उन्होंने अभी-अभी खेलना शुरू किया हो." अफगानिस्तान के खिलाफ पहले मैच में जल्दी आउट होने वाले रोहित ने दूसरे मैच से एक दिन पहले यहां नेट्स में जमकर अभ्यास किया.

बदलाव के दौर से गुजर रहा भारतीय स्पिन विभाग

इसके अलावा साईराज बहुतुले ने यह कंफर्म किया कि भारत का स्पिन विभाग अभी 'बदलाव के दौर' से गुजर रहा है और टीम प्रबंधन ऐसे युवा गेंदबाजों के समूह को परख रहा है. रविचंद्रन अश्विन के संन्यास लेने और रविंद्र जडेजा को काम के बोझ के प्रबंधन के लिए आराम दिए जाने के कारण आगामी महीनों में मानव सुथार, हर्ष दुबे, शिवांग कुमार और जीशान अंसारी जैसे युवा खिलाड़ियों को मौके मिलने की उम्मीद है.

अफगानिस्तान के खिलाफ भारत के दूसरे वनडे मैच से पहले बहुतुले ने कहा,"यह स्पिनरों के लिए बदलाव का समय है. चयनकर्ता, गौतम (गंभीर) और बाकी सभी लोग सभी स्पिनरों पर नजर रख रहे हैं. जिनमें काबिलियत है और जिनमें सही क्षमता हैं उन्हें जरूर मौका दिया जाएगा." उन्होंने कहा,"प्रक्रिया यही है. बदलाव के दौर में आपको सही गेंदबाज की पहचान करनी होती है. अभी यही प्रक्रिया चल रही है. मुझे यकीन है कि हमें सही खिलाड़ी मिल जाएंगे."

मौजूदा सीरीज से पहले स्पिन गेंदबाजी कोच के तौर पर टीम से जुड़े बहुतुले को खास तौर पर इन नए स्पिन गेंदबाजों के समूह का मार्गदर्शन करने के लिए लाया गया है. इस पूर्व लेग स्पिनर के पास घरेलू और फ्रेंचाइजी क्रिकेट में कोचिंग का काफी अनुभव है. बहुतुले ने कहा,"मेरे लिए हर स्पिनर खास है. मुझे लगता है कि जडेजा बहुत अनुभवी हैं. जिस तरह से उन्होंने प्रदर्शन किया है और भारतीय क्रिकेट में बल्ले और गेंद से योगदान दिया है, वह शानदार है. मुझे लगता है कि हर्ष और दूसरे युवा खिलाड़ी जिन्हें मौके मिल रहे हैं, वे समझेंगे कि यह एक बड़ी जिम्मेदारी है जो उन्हें निभानी है."

यह भी पढ़ें: रोहित शर्मा का डबल धमाल, द्रविड़ छूटेंगे पीछे, सचिन-कोहली के क्लब में लेंगे एंट्री

यह भी पढ़ें: वैभव सूर्यवंशी से भिड़ने वाले खिलाड़ी पर श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने लिया एक्शन- रिपोर्ट

लेखक के बारे में
img
मोहित झा
सब एडिटर
10वीं कक्षा में पढ़ते हुए जब पहली बार एनडीटीवी के लिए क्रांति संभव को एक वीडियो रिकॉर्ड करते देखा, उसी पल यह तय हो गया था कि आगे चलकर इसी संस्थान का ह... और पढ़ें
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
India, Rohit Gurunath Sharma, Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com