क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर भले ही भारत और पाकिस्तान के बीच रविवार को खेला गया विमेंस टी20 वर्ल्ड कप का महामुकाबला लाइव नहीं देख पाए, लेकिन जीत की खबर मिलते ही उन्होंने टीम इंडिया की जमकर तारीफ की है. दरअसल, मैच के दौरान सचिन तेंदुलकर फ्लाइट में सफर कर रहे थे. जैसे ही वह हवाई अड्डे पर उतरे और उन्हें भारतीय महिला टीम की 64 रनों की शानदार जीत का पता चला, तो उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर एक बेहद खास पोस्ट साझा किया.
सचिन ने की स्मृति, दीप्ति और डेब्यू स्टार चरणी की तारीफ
तेंदुलकर ने अपनी पोस्ट में लिखा, "अभी-अभी फ्लाइट से उतरा और मैच का नतीजा पता चला. ऐसा लगता है कि मैंने हमारी टीम का एक बहुत ही खास प्रदर्शन मिस कर दिया. स्मृति मंधाना की बेहतरीन पारी और दीप्ति शर्मा के पांच विकेट लेने के कारनामे की तो हर तरफ खूब तारीफ होगी, लेकिन इसके साथ ही श्री चरणी, ऋचा घोष और बाकी पूरी टीम के योगदान ने इसे सचमुच एक संपूर्ण टीम परफॉर्मेंस बना दिया. टूर्नामेंट की क्या शानदार शुरुआत है!!"
Just landed and caught up with the result. Looks like I missed a very special performance from our team. Smriti's innings and Deepti Sharma's five-wicket haul will rightly earn plenty of praise, but contributions from Shree Charani, Richa Ghosh, and the rest of the group seem to…
— Sachin Tendulkar (@sachin_rt) June 14, 2026
वर्ल्ड चैंपियन की तरह खेली 'वुमन इन ब्लू'
50-ओवर फॉर्मेट की मौजूदा वर्ल्ड चैंपियन भारतीय महिला टीम ने टी20 विश्व कप के अपने पहले ही मैच में जिस तरह का दबदबा दिखाया है, उसने विरोधी टीमों के खेमे में हलचल मचा दी है. बर्मिंघम में पाकिस्तान को चारों खाने चित करने के बाद टीम इंडिया ने यह साफ कर दिया है कि वे इस बार 50-ओवर और 20-ओवर दोनों फॉर्मेट के विश्व कप खिताब एक साथ अपने नाम करने की सबसे प्रबल दावेदार क्यों हैं. मंधाना की फिफ्टी और दीप्ति-चरणी की स्पिन जोड़ी के घातक प्रदर्शन के बाद अब खुद मास्टर ब्लास्टर की इस तारीफ से भारतीय टीम का मनोबल आसमान पर होगा.
मैच की बात करें तो भारत ने पहले बल्लेबाज़ी करने का फ़ैसला किया, लेकिन शैफ़ाली वर्मा (6) और जेमिमा रोड्रिग्स (1) के जल्दी आउट होने से टीम का स्कोर 18/2 हो गया. स्मृति मंधाना (44 गेंदों में 68 रन, नौ चौके और दो छक्के) और कप्तान हरमनप्रीत कौर (35 गेंदों में 36 रन, चार चौके) के बीच 91 रनों की साझेदारी ने भारत को 100 रनों के पार पहुंचाया. ऋचा घोष (17 गेंदों में 34 रन, पांच चौके और एक छक्का) की तेज़ बल्लेबाज़ी की बदौलत भारत ने 20 ओवर में 170/6 का स्कोर बनाया. पाकिस्तान के लिए सादिया इक़बाल और फ़ातिमा सना ने दो-दो विकेट लिए और वे टीम की प्रमुख गेंदबाज़ रहीं.
लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान ने 38 रनों की ठोस ओपनिंग साझेदारी के साथ ठीक-ठाक शुरुआत की, लेकिन जल्द ही भारतीय गेंदबाज़ों ने मैच पर पकड़ बना ली और पाकिस्तान का स्कोर 91/7 और फिर 17 ओवर में 106/10 कर दिया. मुनीबा अली (35 गेंदों में 41 रन, पांच चौके) ही एकमात्र ऐसी खिलाड़ी थीं जो 20 रनों का आंकड़ा पार कर सकीं. दीप्ति (5/10) और श्री चरणी (चार ओवर में 3/21) ने अपनी स्पिन गेंदबाज़ी से पाकिस्तान को परेशान कर दिया. शैफ़ाली को भी एक विकेट मिला. दीप्ति को 'प्लेयर ऑफ़ द मैच' का अवॉर्ड मिला.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं