बैटिंग के मास्टर सचिन तेंदुलकर पिछले दिनों शुरू किए गए अपने बिजनेस को भी बुलेट शॉट की तरह गति देने की तैयारी में है. तेदुलकर ने कुछ महीने पहले एथलीजर ब्रांड वाला Ten X You जूते लॉन्च किए थे. और संचालन के पहले ही साल में एक लाख ग्राहक का आकंड़ा छूने के बाद कंपनी ने अगले चार से पांच महीनों के लिए सौ करोड़ रुपये (10.77 मिलियन यूएस डॉलर) का टारगेट तय गिया है. तेंदुलकर, कार्तिक गुरुमूर्ति और करण अरोड़ा की साझेदारी में पिछले साल अक्तूबर में इस ब्रांड को लॉन्च किया गया था. इसके मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) और सह-संस्थापक गुरुमूर्ति के अनुसार, कंपनी ने लगभग ₹75 करोड़ रुपये का का ग्रॉस मर्चेंडाइज वैल्यू (GMV) दर्ज किया है. गुरुमूर्ति ने सीएनबीसी टीवी18 (CNBC TV18) से कहा, 'हम वर्तमान में लगभग 75 करोड़ पर चल रहे हैं. भारत में क्रिकेट सीजन अक्टूबर से लेकर मई में आईपीएल (IPL) तक चलता है. और जैसे-जैसे हम आगे बढ़ रहे हैं, हम अगले चार से पांच महीनों के भीतर ₹100 करोड़ के रन रेट का लक्ष्य रख रहे हैं.'
रनिंग शू और परिधान की भी तैयारी
कंपनी ने अपना शुरुआती कारोबार क्रिकेट फुटवियर के इर्द-गिर्द खड़ा किया है, लेकिन अब अपनी कंपनी विस्तार की दिशा में बढ़ते हुए रनिंग (दौड़ने वाले जूते) और परिधान (अपैरल) की ओर भी तेजी से देख रही है. गुरुमूर्ति ने बताया कि ब्रांड के कुल कारोबार में क्रिकेट की हिस्सेदारी लगभग 45 प्रतिशत है, जबकि रनिंग का योगदान करीब 30 प्रतिशत और अपैरल का लगभग 15 प्रतिशत है.
ऑलराउंडर शू सबसे ज्यादा बिका
इसके सबसे बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले उत्पादों में से एक क्लब-स्तर के खिलाड़ियों के लिए डिजाइन किया गया 'ऑल-राउंडर क्रिकेट शू' (जूता) रहा है कंपनी ने भारत के कई पिन कोड पर इसके 50,000 जोड़े बेचे हैं और उसका मानना है कि यह देश में सबसे तेजी से बढ़ने वाले क्रिकेट शू मॉडलों में से एक है. गुरुमूर्ति ने कहा,'क्लब-स्तर के खिलाड़ियों के लिए बनाए गए हमारे ऑल-राउंडर क्रिकेट शू को काफी पसंद किया गया है और हमने भारत के कई पिन कोड पर इसके 50,000 जोड़े बेचे हैं.'
ब्रांड ने अपने क्रिकेट फुटवियर को ₹3,000 से ₹7,000 के प्राइस ब्रैकेट में रखा है, जहां उसका मानना है कि स्थापित प्रतिस्पर्धी सीमित हैं. उपभोक्ताओं के एक बड़े वर्ग तक पहुंचने के लिए कंपनी ₹3,000 से कम कीमत वाले उत्पाद पेश करने की भी योजना बना रही है.कंपनी अब विकास के लिए भारत के सबसे बड़े शहरों से आगे देख रही है.
रिटेल बिक्री बढ़ाने पर जोर
कंपनी के प्लान के तहत अगले चरण में इसकी खुदरा उपस्थिति (रिटेल प्रेजेंस) का विस्तार करना और फुटवियर व अपैरल की रेंज को और व्यापक बनाना है. हालांकि, क्रिकेट इसकी सबसे बड़ी श्रेणी बनी हुई है, लेकिन कंपनी इस बात पर दांव लगा रही है कि रनिंग उत्पाद और अधिक किफायती विकल्प उसे क्रिकेट बाजार से बाहर के ग्राहकों तक पहुंचने में मदद कर सकते हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं