लॉर्ड्स में इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे और आखिरी वनडे मैच से पहले खबरें आई थीं कि वनडे फॉर्मेट में ये रोहित शर्मा का आखिरी मैच हो सकता है. हालांकि, BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने इन अफवाहों को खारिज कर दिया. सैकिया ने साफ किया कि जब तक चयनकर्ता रोहित को अपनी योजनाओं में शामिल रखेंगे, तब तक वह भारत के लिए खेलते रहेंगे. मैच से ठीक पहले एक वीडियो सामने आया है जिसमें रोहित, हेड कोच गौतम गंभीर और सपोर्ट स्टाफ के अन्य सदस्यों के साथ लॉर्ड्स की मशहूर बालकनी में हंसते-मुस्कुराते नजर आ रहे हैं.
इस क्लिप में गंभीर कुछ इशारे करते हुए दिख रहे हैं, जिससे रोहित और बाकी सपोर्ट स्टाफ के चेहरे पर हंसी आ जाती है. हालांकि ये पता नहीं चल सका है कि दोनों के बीच क्या बातचीत हो रही थी. यह वीडियो स्टार स्पोर्ट्स ने मैच से ठीक पहले शेयर किया था. यह खुशनुमा पल एक हालिया रिपोर्ट के बाद आया है जिसमें दावा किया गया था कि गंभीर और मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर के रोहित के साथ रिश्ते तनावपूर्ण रहे हैं. ऐसे में फैंस के बीच एक बार फिर सस्पेंस बढ़ गया है.
इंग्लैंड के खिलाफ रविवार को आखिरी मैच में सबकी नजरें रोहित शर्मा पर होंगी, क्योंकि सीरीज अभी 1-1 से बराबरी पर है. रोहित का मौजूदा फ़ॉर्म - जिसमें उन्होंने आठ पारियों में 30.12 की औसत और 88.60 के स्ट्राइक रेट से सिर्फ़ 241 रन बनाए हैं - कुछ चयनकर्ताओं को प्रभावित करने में नाकाम रहा है, और वे अब पूर्व कप्तान को टीम में बनाए रखने के पक्ष में नहीं हैं.
Locked in, but enjoying the moment 💙#RohitSharma and #GautamGambhir share a laugh on the Lord's balcony before India take the field for the series-deciding ODI. 👏#ENGvIND 3rd ODI 👉 SUN, 19th JULY, 2:30 PM on JioHotstar pic.twitter.com/FUCQX0HxTa
— Star Sports (@StarSportsIndia) July 18, 2026
सूत्रों ने NDTV को बताया था कि पिछले महीने अफ़गानिस्तान सीरीज़ शुरू होने से पहले चयन समिति के कुछ सदस्यों ने रोहित को बता दिया था कि वे उन्हें अब अपनी योजनाओं का हिस्सा नहीं मानते हैं. चयनकर्ताओं और रोहित के बीच हुई बातचीत के दौरान भारत के हेड कोच गौतम गंभीर को भी जानकारी दी गई थी.
हालांकि, BCCI के शीर्ष अधिकारियों से संपर्क करने के बाद रोहित को अफगानिस्तान सीरीज और इंग्लैंड सीरीज के लिए चुना गया था. लेकिन, इंग्लैंड के खिलाफ पहले दो वनडे मैचों में रोहित के बल्ले से सिर्फ़ 11 और 26 रन ही निकल पाए, जिसके बाद चयनकर्ताओं के ग्रुप को अनुभवी ओपनर के सामने अपना रुख फिर से स्पष्ट करना पड़ा, जबकि रोहित अपने करियर को आगे बढ़ाने के लिए बेताब हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं