Rishabh Pant Dedicated Thrilling Win Against RCB To Sanjiv Goenka: आईपीएल 2026 (IPL 2026) का 50वां मुकाबला बीते गुरुवार (सात मई) को लखनऊ सुपर जायंट्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (LSG vs RCB) के बीच लखनऊ में खेला गया. जहां डीएलएस पद्धति के तहत लखनऊ की टीम नौ रनों से बाजी मारने में कामयाब रही. मैच के हीरो ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर मिचेल मार्श रहे. जिन्होंने पारी का आगाज करते हुए 56 गेंदों में 111 रनों की विस्फोटक शतकीय पारी खेली. जिसके लिए उन्हें 'प्लेयर ऑफ द मैच' भी चुना गया. वहीं गेंदबाजी में प्रिंस यादव का जलवा रहा. जिन्होंने टीम के लिए सर्वाधिक तीन सफलता प्राप्त की. मगर मुकाबला संपन्न होने के बाद कैप्टन ऋषभ पंत ने इस शानदार जीत को टीम के मालिक संजीव गोयनका को समर्पित किया.
मैच समाप्त होने के बाद पंत ने कहा, 'मैं यह जीत अपनी टीम के मालिक संजीव गोयनका सर को समर्पित करना चाहता हूं. क्योंकि भले ही हमारा प्रदर्शन उतना अच्छा नहीं रहा हो, लेकिन जिस तरह से उन्होंने हर मैच से पहले हमारा साथ दिया और हमें आत्मविश्वास दिया, वह हमारी टीम के लिए वाकई बहुत बड़ी बात थी. उन्हें बहुत-बहुत धन्यवाद.'
लखनऊ को मिली रोमांचक मिली जीत
बात करें मैच के बारे में तो इकाना में लखनऊ की टीम बाजी मारने में कामयाब रही. बारिश से प्रभावित मुकाबले में डकवर्थ लुईस नियम के तहत मिले 213 रनों का लक्ष्य का पीछा करते हुए आरसीबी 19 ओवर में 6 विकेट खोकर 203 रन ही बना सकी. एलएसजी की यह इस सीजन की तीसरी जीत है.
बारिश के कारण हुए समय की बर्बादी की वजह से ओवरों में कटौती की गई और मुकाबले को 19-19 ओवर का किया गया. एलएसजी से मिले 210 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी की शुरुआत अच्छी नहीं रही. जैकब बेथेल सिर्फ 4 रन बनाकर मोहम्मद शमी का शिकार बने. इसके बाद प्रिंस यादव ने बेहतरीन गेंद पर विराट कोहली को 46 पारियों के बाद 'डक' पर पवेलियन भेजा.
हालांकि, दो विकेट 9 रनों के स्कोर पर गिरने के बाद देवदत्त पडिक्कल और कप्तान रजत पाटीदार ने मोर्चा संभाला. दोनों ने मिलकर तीसरे विकेट के लिए 53 गेंदों में 95 रनों की अहम साझेदारी निभाई. पडिक्कल 25 गेंदों में 34 रन बनाकर आउट हुए. वहीं, रजत ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 31 गेंदों में 61 रनों की दमदार पारी खेली. अपनी इस पारी में रजत ने 3 चौके और 6 छक्के लगाए. जितेश शर्मा का निराशाजनक प्रदर्शन इस मुकाबले में भी जारी रहा और वह सिर्फ एक रन ही बना सके.
टिम डेविड ने 17 गेंदों में 4 चौके और 3 छक्कों की मदद से 40 रन बनाए. क्रुणाल पांड्या 16 गेंदों में 28 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि रोमरियो शेफर्ड ने 15 गेंदों में नाबाद 23 रन बनाए. हालांकि, क्रुणाल-शेफर्ड की दमदार पारी भी आरसीबी को जीत नहीं दिला सकी. गेंदबाजी में एलएसजी की ओर से प्रिंस यादव ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 33 रन देकर 3 विकेट चटकाए. वहीं, शाहबाज अहमद ने दो विकेट अपने नाम किए. मोहम्मद शमी ने एक विकेट निकाला.
इससे पहले, एलएसजी ने 20 ओवर में 3 विकेट गंवाकर स्कोरबोर्ड पर 209 रन लगाए थे. मिचेल मार्श और अर्शिन कुलकर्णी ने पहले विकेट के लिए 9.2 ओवर में 95 रन जोड़े. अर्शिन 17 रन बनाकर आउट हुए. मार्श ने निकोलस पूरन संग मिलकर दूसरे विकेट के लिए 70 रनों की साझेदारी निभाई. पूरन ने 23 गेंदों में 38 रन बनाए. मार्श एक छोर संभालकर खड़े रहे और उन्होंने 49 गेंदों में अपना शतक पूरा किया.
मार्श ने 56 गेंदों में 9 चौके और 9 गगनचुंबी छक्कों की मदद से 111 रन बनाए. अंत के ओवरों में कप्तान ऋषभ पंत ने 10 गेंदों में नाबाद 32 रन बनाए. पंत ने 4 चौके और 2 छक्के लगाए. गेंदबाजी में आरसीबी की तरफ से जोश हेजलवुड, क्रुणाल पांड्या और रसिख सलाम ने एक-एक विकेट चटकाया. आरसीबी को इस सीजन की चौथी हार का सामना करना पड़ा है. (आईएएनएस इनपुट के साथ)
यह भी पढ़ें- संजीव गोयनका के हाथ में किसकी थी तस्वीर? RCB के खिलाफ मिली जीत तो हाथ जोड़कर किया प्रणाम
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं