विज्ञापन

Super Over: सुपर ओवर में 'सुपरमैन' अंदाज, रिंकू सिंह ने कैच लपक कर पलट दी बाजी, टर्निंग पॉइंट पर दिया बड़ा बयान - VIDEO

KKR vs LSG Super Over, IPL 2026; Rinku Singh Statement: सुपर ओवर में कैच को लेकर मैच के बाद अपनी जादुई फील्डिंग पर बात करते हुए रिंकू सिंह ने कहा कि उन्हें फील्डिंग का जुनून रहा है.

Super Over: सुपर ओवर में 'सुपरमैन' अंदाज, रिंकू सिंह ने कैच लपक कर पलट दी बाजी, टर्निंग पॉइंट पर दिया बड़ा बयान - VIDEO
KKR vs LSG Super Over, IPL 2026; Rinku Singh Statement:

KKR vs LSG Super Over, IPL 2026; Rinku Singh Statement: आईपीएल 2026 के 38वें मुकाबले में इकाना स्टेडियम के भीतर रविवार को जो ड्रामा देखने को मिला, उसे क्रिकेट प्रेमी सालों तक याद रखेंगे. कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) और लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के बीच का यह मुकाबला महज रनों और विकेटों की जंग नहीं था, बल्कि यह रिंकू सिंह की चुस्ती और फुर्ती का गवाह बना. मैच में रिंकू ने अपने बल्ले से तो जीत का चौका जड़ा ही, लेकिन उससे पहले बाउंड्री लाइन पर 'कैचों का पंजा' खोलकर उन्होंने पूरी बाजी पलट दी.

155 रनों के लक्ष्य का पीछा कर रही लखनऊ की टीम जब भी बड़े शॉट्स खेलने की कोशिश करती, गेंद रिंकू सिंह के हाथों में जा गिरती. मैच के दौरान रिंकू ने एक के बाद एक 4 शानदार कैच लपककर लखनऊ के मध्यक्रम की कमर तोड़ दी. उनकी फील्डिंग ऐसी थी मानो गेंद खुद उनके हाथों की तलाश कर रही हो, लेकिन असली रोमांच अभी बाकी था.

सुपर ओवर का वो टर्निंग पॉइंट बना रिंकू का कैच

मुकाबला टाई होने के बाद सुपर ओवर में सुनील नरेन ने निकोलस पूरन को पहली ही गेंद पर बोल्ड कर दिया था. दबाव लखनऊ पर था. तीसरी गेंद पर एडेन मार्करम ने एक जोरदार प्रहार किया, जो छक्के की ओर बढ़ रहा था. बाउंड्री पर खड़े रोवमैन पॉवेल ने हवा में उछलकर गेंद को अंदर धकेला और वहां मौजूद रिंकू सिंह ने गजब की फूर्ती दिखाते हुए उस कैच को पूरा किया. यह मैच का 5वां और सबसे महत्वपूर्ण कैच था. इस कैच की बदौलत लखनऊ की टीम सुपर ओवर में महज 1 रन ही बना सकी.

बचपन से ही फील्डिंग का जुनून

मैच के बाद अपनी जादुई फील्डिंग और उस निर्णायक सुपर ओवर कैच पर बात करते हुए रिंकू सिंह ने कहा कि उन्हें बचपन से ही फील्डिंग का जुनून रहा है. अपनी फिटनेस का श्रेय देते हुए उन्होंने बताया कि स्वाभाविक रूप से फिट होने की वजह से वे मैदान पर तेजी से दौड़ पाते हैं और ज्यादा से ज्यादा एरिया कवर कर लेते हैं, क्योंकि उन्हें फील्डिंग करने में वाकई बहुत मजा आता है. सुपर ओवर के उस टर्निंग पॉइंट वाले कैच को लेकर रिंकू ने ईमानदारी से स्वीकार किया कि वो उस पल के लिए पूरी तरह तैयार नहीं थे. उन्हें लगा था कि गेंद किसी और दिशा में जाएगी, लेकिन जैसे ही वह अचानक उनकी ओर आई, उन्होंने मुस्तैदी दिखाई और उसे लपकने में कामयाब रहे.

रिंकू सिंह ने लखनऊ के खिलाफ जिस फुर्तीले अंदाज में सुपर ओवर में बॉउंड्री लाइन पर छलांग लगाते हुए कैच लपका उसने सूर्यकुमार यादव के द्वारा दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ t20 वर्ल्ड कप २०२४ के फाइनल में लपके गए कैच की याद दिला दी.

रिंकू सिंह ने बल्ले से दिखाया दम

मैदान पर 'कैचों के शहंशाह' बने रिंकू सिंह जब 2 रनों का पीछा करने सुपर ओवर में उतरे, तो उनके इरादे साफ थे. पहली ही गेंद पर शानदार चौका जड़कर उन्होंने न केवल केकेआर को जीत दिलाई, बल्कि यह भी साबित कर दिया कि क्यों उन्हें मॉडर्न क्रिकेट का सबसे बड़ा 'मैच विनर' माना जाता है. "पकड़ो कैच, जीतो मैच" का मंत्र रिंकू ने इकाना के मैदान पर पूरी तरह चरितार्थ कर दिया.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com