विज्ञापन

'चेपॉक में करियर खत्म करना चाहता था, लेकिन...', अश्विन ने गौतम गंभीर से रिटायरमेंट की बातचीत का किया खुलासा

अश्विन की मानें तो वह बांग्लादेश के खिलाफ चेपॉक पर हुए टेस्ट के बाद ही संन्यास लेना चाहते थे, जबकि उससे पहले इंग्लैंड दौरे से ही वह इसके बारे में सोच रहे थे.

'चेपॉक में करियर खत्म करना चाहता था, लेकिन...', अश्विन ने गौतम गंभीर से रिटायरमेंट की बातचीत का किया खुलासा
अश्विन ने गौतम गंभीर से रिटायरमेंट की बातचीत का किया खुलासा

आर. अश्विन ने खुलासा किया है कि मुख्य कोच गौतम गंभीर ने उनसे 2024-25 बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के दौरान अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने से पहले, घरेलू सीज़न में खेलना जारी रखने के लिए कहा था. ऑस्ट्रेलिया में पांच टेस्ट मैचों की सीरीज के बीच अश्विन ने संन्यास की घोषणा कर दी और तीसरे टेस्ट के बाद घर लौट आए थे. उन्होंने सबसे पहले पूर्व कप्तान विराट कोहली को अपने इस फैसले के बारे में बताया था. बता दें, यह सीरीज ना सिर्फ अश्विन के लिए बल्कि विराट कोहली और रोहित शर्मा के लिए भी आखिरी टेस्ट सीरीज साबित हुई थी.  संन्यास लेने के लगभग दो साल बाद, अश्विन ने आकाश चोपड़ा के यूट्यूब चैनल पर इस फैसले के समय के बारे में बात की और बताया है कि आखिर कैसे वह इस फैसले पर पहुंचे थे. 

अश्विन ने आकाश चोपड़ा के साथ बातचीत में बताया कि 2024 में इंग्लैंड के खिलाफ भारत की घरेलू टेस्ट सीरीज के दौरान ही उनके मन में संन्यास लेने के विचार आने लगे थे.अश्विन ने कहा,"इंग्लैंड सीरीज के दौरान मैं सोच रहा था कि मुझे कब तक खेलते रहना चाहिए. अगर आपने अपना एक स्टैंडर्ड सेट किया है और आपको लगता है कि उसे बनाए रखना मुश्किल हो रहा है - दिमाग की वजह से नहीं, बल्कि शरीर की वजह से - तो यह बहुत निराशाजनक होता है. मैंने इंजेक्शन लिए, लेकिन फिर न्यूजीलैंड सीरीज बहुत निराशाजनक रही. मुझे लगा कि मैं अपनी टीम के लिए सीरीज नहीं जिता सका, और हम वापसी भी नहीं कर पाए."

गंभीर ने अश्विन को भारत के घरेलू सत्र में खेलने के लिए प्रोत्साहित किया था. बावजूद इसके कि ऑफ स्पिनर ने जारी रखने को लेकर आपत्ति जताई थी. अश्विन ने बांग्लादेश सीरीज के दौरान चेपॉक में अपना करियर समाप्त करने पर विचार किया. अश्विन ने कहा,"मैंने गौतम से भी बात की और उन्होंने मुझे कम से कम घरेलू सत्र खेलने के लिए कहा. बांग्लादेश के खिलाफ, मैंने सोचा, क्या मैं इसे चेपॉक में खत्म कर सकता हूं? लेकिन यह बस खींचता रहा. फिर मुझे लगा कि यह हो गया और पर्थ में ही फैसला किया गया." 

भारत ने बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के पहले टेस्ट की प्लेइंग इलेवन से अश्विन और रवींद्र जडेजा दोनों को बाहर रखा. अश्विन दूसरे टेस्ट में वापस आए थे, लेकिन ब्रिसबेन टेस्ट के दौरान वह प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं थे. अश्विन टीम में सीनियर गेंदबाज की भूमिका में थे, जबकि गाबा टेस्ट के लिए वाशिंगटन सुंदर को चुना गया था. उसी समय अश्विन को यह एहसास हो गया कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उनका सफर खत्म हो चुका है. ब्रिस्बेन में बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी सीरीज के तीसरे टेस्ट के बाद उन्होंने संन्यास की घोषणा कर दी.

अश्विन ने 106 टेस्ट मैचों में 537 विकेट लेकर भारत के लिए दूसरे सबसे ज़्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज़ के रूप में अपना टेस्ट करियर समाप्त किया, और इस प्रारूप में कुल 3503 रन बनाए. वह 2011 में वनडे विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम और 2013 में चैंपियंस ट्रॉफी जीतने वाली टीम का हिस्सा थे.

यह भी पढ़ें: 'मैदान बदला, अंदाज नहीं' वापसी करते ही सूर्यकुमार यादव ने मचाई तबाही, 285 के स्ट्राइक रेट से कूटे रन

यह भी पढ़ें: 'मैं विराट को बताने नहीं गया था...' रिटायरमेंट से पहले कोहली से क्या बोले थे अश्विन? किया दिलचस्प खुलासा

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
India, Ravichandran Ashwin, Gautam Gambhir, Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com