RCB Captain Rajat Patidar on IPL 2026 Final vs GT: आईपीएल 2026 के फाइनल मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की भिड़ंत रविवार को गुजरात टाइटंस (GT) से होनी है. इससे पहले आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार आईपीएल 2026 के इस खिताबी मुकाबले को किसी बड़े दबाव के बिना एक सामान्य मैच की तरह खेलेंगे. अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में गुजरात टाइटंस (GT) के खिलाफ होने वाले फाइनल मैच से पहले पाटीदार ने साफ किया कि वो नतीजे की चिंता किए बिना सिर्फ वर्तमान पर ध्यान देना चाहते हैं.
लगातार दूसरे फाइनल खेलने पर रजत पाटीदार का बयान
आरसीबी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल 'एक्स' पर कप्तान रजत पाटीदार का एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में पाटीदार ने कहा, "लगातार दो बार फाइनल में पहुंचना और वह भी उसी मैदान पर, बहुत अच्छा अहसास है. इस ग्राउंड से पिछले साल की हमारी कई अच्छी यादें जुड़ी हुई हैं. माना कि यह फाइनल है और मंच बहुत बड़ा है, लेकिन मेरे लिए यह एक आम मैच की तरह ही है."
पाटीदार ने मैच को लेकर अपनी रणनीति बताते हुए आगे कहा, "मैं हमेशा बड़े मुकाबलों को भी एक नॉर्मल गेम की तरह ही देखना पसंद करता हूं. मेरी कोशिश वर्तमान में रहने की होती है. मैं बहुत आगे की नहीं सोचता कि फाइनल में क्या होगा या इसका नतीजा क्या निकलेगा. बस वर्तमान पर फोकस रखना जरूरी है."
आरसीबी का आईपीएल 2026 का शानदार सफर
रजत पाटीदार की कप्तानी में आरसीबी इस सीजन की सबसे मजबूत टीमों में से एक साबित हुई है. टीम ने लीग स्टेज के 14 मैचों में से 9 में जीत दर्ज की. आरसीबी ने टूर्नामेंट की शुरुआत चेन्नई सुपर किंग्स, मुंबई इंडियंस, कोलकाता नाइट राइडर्स और पंजाब किंग्स जैसी मजबूत टीमों को हराकर बेहद आक्रामक अंदाज में की थी. बीच के कुछ मैचों में मुश्किल समय आने के बावजूद टीम ने शानदार वापसी की.
लगातार दूसरी बार फाइनल में पहुंचने का श्रेय पाटीदार ने किसी एक खिलाड़ी को देने के बजाय पूरी टीम की सामूहिक मेहनत को दिया. उन्होंने कहा, "टूर्नामेंट में अब तक हमने जिस तरह का क्रिकेट खेला है, उस पर पूरी टीम को गर्व होना चाहिए. हर खिलाड़ी ने जिम्मेदारी ली और टीम की जीत में अपना योगदान दिया, जो कि टीम के लिए सबसे सकारात्मक बात है."
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं