विज्ञापन

'भारत को लोकतंत्र का पाठ पढ़ाना बंद करें', मेलोनी की करीबी ने इतालवी नेता के 'वोट चोरी' बयान पर साधा निशाना

भारत की राजनीति में विदेशी नेताओं की टिप्पणी को लेकर एक नया विवाद खड़ा हो गया है. इटली की सांसद डेबोरा बर्गामिनी ने यूरोपियन सोशलिस्ट पार्टी (PES) के महासचिव जियाकोमो फिलिबेक के बयान पर कड़ी आपत्ति जताई है.

'भारत को लोकतंत्र का पाठ पढ़ाना बंद करें', मेलोनी की करीबी ने इतालवी नेता के 'वोट चोरी' बयान पर साधा निशाना
मित्र देश के घरेलू राजनीतिक मुद्दों में हस्तक्षेप अनुचित
  • इटली की नेता डेबोरा बर्गामिनी ने भारतीय लोकतंत्र पर विदेशी नेताओं की टिप्पणियों को अनुचित और अस्वीकार्य बताया
  • बर्गामिनी ने कहा- भारत के पास स्वतंत्र न्यायपालिका और मजबूत लोकतांत्रिक संस्थान हैं जो विवाद सुलझाने में सक्षम
  • बर्गामिनी ने मित्र देशों के घरेलू राजनीतिक मामलों में बिना सबूत के हस्तक्षेप को अनुचित बताया
नई दिल्‍ली:

भारत की राजनीति में विदेशी नेताओं की टिप्पणी को लेकर एक नया विवाद खड़ा हो गया है. इटली की सत्तारूढ़ पार्टी 'फोर्जा इटालिया' की नेता डेबोरा बर्गामिनी ने भारतीय लोकतंत्र पर की गई टिप्पणी को लेकर अपने ही देश के नेता जियाकोमो फिलिबेक को आड़े हाथों लिया है. फिलिबेक 'पार्टी ऑफ यूरोपियन सोशलिस्ट्स' (पीईएस) के महासचिव हैं. बर्गामिनी ने कहा कि जिस देश में 97 करोड़ मतदाता हों, उसे लोकतंत्र के सिद्धांतों पर यूरोप से उपदेश सुनने की जरूरत नहीं है. 'फोर्जा इटालिया' इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के गठबंधन का एक हिस्सा है.

बर्गामिनी ने इस बात पर जोर दिया कि भारत के पास अपने खुद के स्थापित राजनीतिक संस्थान और एक स्वतंत्र न्यायपालिका है, जो देश के लोकतांत्रिक ढांचे के अनुरूप आंतरिक विवादों और शिकायतों को सुलझाने में सक्षम है. अपने फेसबुक अकाउंट पोस्ट में, बर्गामिनी ने 'इंडियन नेशनल कांग्रेस' (भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस) की तेलंगाना में आयोजित बैठक का जिक्र किया. यहां फिलिबेक ने वोट चोरी से जुड़ा बयान दिया था.

SIR की तारीफ!

डेबोरा बर्गामिनी ने कहा, "यूरोपीय सोशलिस्ट और डेमोक्रेट्स समूह के एक इतालवी प्रतिनिधि ने, इंडियन नेशनल कांग्रेस पार्टी द्वारा आयोजित एक बैठक में हिस्सा लेते हुए, प्रधानमंत्री मोदी की पार्टी बीजेपी पर निशाना साधा." बर्गामिनी ने कहा कि फिलिबेक की ये टिप्पणियां ऐसे समय में आईं जब भारतीय विपक्ष, मतदाता सूची (इलेक्टोरल रोल) में बदलाव को लेकर सत्ताधारी सरकार की आलोचना कर रहा था. इस प्रक्रिया का उद्देश्य मतदाता सूची को अपडेट करना और उसमें से डुप्लिकेट प्रविष्टियों, मृत व्यक्तियों और कहीं और चले गए लोगों के नामों को हटाना है.

मित्र देश के घरेलू राजनीतिक मुद्दों में हस्तक्षेप अनुचित

भारत में एसआईआर के मुद्दे पर बर्गामिनी ने कहा कि लोकतांत्रिक समाज में राजनीतिक दलों और व्यक्तियों को आरोप लगाने और अपनी दलीलें पेश करने की छूट होती है, लेकिन ऐसे दावों के समर्थन में सबूत होने चाहिए. बर्गामिनी ने कहा, "मेरा मानना ​​है कि लोकतंत्र में हर कोई अपनी दलीलें या आरोप रखने के लिए स्वतंत्र है. बशर्ते कि वे उन्हें साबित कर सकें. इसके अलावा, ऐसे मामलों में किसी बड़े मित्र राष्ट्र की घरेलू राजनीतिक बहस में हस्तक्षेप करना अनुचित है—एक ऐसा देश जिसके साथ इटली ने एक 'विशेष रणनीतिक साझेदारी' कायम की है, जो सभी क्षेत्रों में गहरे सहयोग को बढ़ावा देती है."

बर्गामिनी ने भारत के लोकतांत्रिक संस्थानों का सम्मान करने के महत्व पर भी जोर दिया. उन्होंने आगे कहा, "इसके अलावा, एक यूरोपीय होने के नाते, हमें ऐसे देश को लोकतंत्र पर उपदेश देना अनुचित लगता है, जो 970 मिलियन नागरिकों को अपना वोट डालने का अधिकार देता है. भारत के पास अपने खुद के राजनीतिक संस्थान और न्यायपालिका है; किसी भी विवाद या शिकायत का समाधान लोकतंत्र के स्थापित नियमों के अनुसार और उनका सम्मान करते हुए किया जाना चाहिए."

ये भी पढ़ें:-कौन है 'वोट चोर, गद्दी छोड़' का नारा लगाने वाला इटैलियन नेता जियाकोमो फिलिबेक? मेलोनी का है कट्टर विरोधी

कैसे शुरू हुआ विवाद?

यह विवाद 14 नवंबर को हैदराबाद में आयोजित 'भारत समिट 2026' में फिलिबेक द्वारा की गई टिप्पणियों के बाद शुरू हुआ, जहां उन्होंने विपक्ष के नेता राहुल गांधी के साथ मंच साझा किया था. अपने संबोधन के दौरान, फिलिबेक ने दावा किया कि भारतीय लोकतंत्र "हमले की चपेट में" है और उसे "हाईजैक" किया जा रहा है. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार की आलोचना करते हुए कांग्रेस पार्टी के चुनावी नारे को भी दोहराया. फिलिबेक की टिप्पणियों के जवाब में इतालवी सांसद बर्गामिनी ने कहा कि भारत की चुनावी प्रक्रियाओं से जुड़े मतभेदों और शिकायतों का समाधान देश की अपनी लोकतांत्रिक संस्थाओं और न्यायिक प्रणाली के माध्यम से किया जाना चाहिए.

ये भी पढ़ें:- राहुल गांधी के मंच से इटली के नेता ने लगाए ‘वोट चोर, गद्दी छोड़' के नारे, BJP ने विदेशी दखल बताया

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
India Democracy, Italy, Bharat Summit 2026, Rahul Gandhi
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com