- क्विंटन डी कॉक ने आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप में दक्षिण अफ्रीका के लिए सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड बनाया है
- दक्षिण अफ्रीका ने वेस्टइंडीज के 177 रनों के लक्ष्य को 16.1 ओवरों में एक विकेट खोकर हासिल किया
- वेस्टइंडीज की तरफ से रोमारियो शेफर्ड ने नाबाद 52 और जेसन होल्डर ने 49 रन बनाए थे
Quinton De Kock Creates History: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 47वें मुकाबले में चार छक्के उड़ाते हुए क्विंटन डी कॉक (Quinton De Kock) ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है. वह दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम की तरफ से टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं. डी कॉक से पहले यह बड़ी उपलब्धि पूर्व कप्तान एबी डिविलियर्स (AB de Villiers) के नाम थी. मगर डी कॉक ने अब उन्हें पीछे छोड़ दिया है. खबर लिखे जाने तक डी कॉक ने अफ्रीकी टीम की तरफ से शिरकत करते हुए टी20 वर्ल्ड कप में 33 छक्के लगाए हैं.
लक्ष्य का पीछा करते हुए क्विंटन डी कॉक ने बनाए 47 रन
वेस्टइंडीज की तरफ से जीत के लिए मिले 177 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए क्विंटन डी कॉक का बल्ला आज खूब चला. पारी का आगाज करते हुए उन्होंने कुल 24 गेंदों का सामना किया. इस बीच 195.83 की स्ट्राइक रेट से 47 रन बनाने में कामयाब रहे. इस दौरान क्रिकेट प्रेमियों को उनके बल्ले से चार चौके और चार खूबसूरत छक्के देखने को मिले. मैच के दौरान उन्हें चेज ने होल्डर के हाथों कैच आउट करते हुए पवेलियन का रास्ता दिखाया.
दक्षिण अफ्रीका को नौ विकेट से मिली जीत
बात करें मैच के परिणाम के बारे में तो अहमदाबाद में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज की टीम 20 ओवरों में 176/8 रन बनाने में कामयाब हुई थी. नौवें क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए रोमारियो शेफर्ड सर्वोच्च स्कोरर रहे. जिन्होंने नाबाद 52 रन बनाए. उनके अलावा सातवें क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए जेसन होल्डर ने 31 गेंदों में 49 रनों का योगदान दिया.
विपक्षी टीम की तरफ से जीत के लिए मिले 177 रनों के लक्ष्य को दक्षिण अफ्रीकी टीम ने 16.1 ओवरों में एक विकेट के नुकसान पर आसानी से हासिल कर लिया. पारी का आगाज करते हुए कैप्टन एडन मारक्रम ने 46 गेंद में नाबाद 82 रन बनाए. उनके अलावा क्विंटन डी कॉक ने 24 गेंद में 47 और रायन रिकलटन ने 28 गेंद में नाबाद 45 रनों का योगदान दिया.
यह भी पढ़ें- World Record: टी20 वर्ल्ड कप में जो आजतक कोई नहीं कर पाया, वो अनोखा कारनामा रोमारियो शेफर्ड ने कर दिखाया
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं