मौजूदा समय में श्रीलंका की टीम पाकिस्तान दौरे पर है. जहां दोनों टीमों के बीच टेस्ट सीरीज जारी है. पहला मुकाबला रावलपिंडी में खेला जा रहा है. वहीं दूसरा मुकाबला लाहौर में खेला जाना था. मगर लाहौर में मौसम की परिस्थितियों को देखते हुए पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने बड़ा फैसला लिया है. दूसरा मुकाबला भी अब रावलपिंडी में ही खेला जाएगा.
आपको बता दें कि लाहौर मौजूदा समय में मौसमी स्मॉग की गंभीर चपेट में है. अक्टूबर से दिसंबर के बीच भारत और पाकिस्तान के कई हिस्सों में यह समस्या अक्सर देखने को मिलती है. स्विट्जरलैंड की वायु गुणवत्ता निगरानी संस्था आईक्यूएयर के अनुसार लाहौर दुनिया के सबसे प्रदूषित शहरों में एक है.
क्रिकइन्फो की रिपोर्ट के मुताबिक प्रसारणकर्ताओं ने चिंता जाहिर की थी कि लाहौर में घना स्मॉग बना रहता है तो मैच का प्रसारण प्रभावित हो सकता है. जारी सप्ताह में ही लाहौर की वायु गुणवत्ता बद से बदतर हो गई है.
पहले भी लाहौर से रावलपिंडी स्थानांतरित हुए हैं मैच
यह पहली दफा नहीं है जब लाहौर से कोई मुकाबला रावलपिंडी स्थानांतरित हुआ है. पहले भी क्रिकेट प्रेमियों को ऐसा वाक्या देखने को मिल चुका है. नवंबर 2020 में पाकिस्तान और जिम्बाब्वे के बीच हुई सीमित ओवरों की सीरीज उस दौरान लाहौर से रावलपिंडी स्थानांतरित करना पड़ा था.
इसके अलावा दिसंबर 2022 में न्यूजीलैंड और पाकिस्तान के बीच एक टेस्ट मैच को मुल्तान से कराची शिफ्ट किया गया था.
तय तारीख पर खेला जाएगा मैच
पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच खेले जाने वाले दूसरे टेस्ट के लिए जरूर मैदान चेंज हुआ है. मगर तारीख में कोई बदलाव नहीं हुआ है. दूसरा मुकाबला 17 से 21 दिसंबर के बीच ही खेला जाएगा.
यह भी पढ़ें- IND vs PAK नहीं, IND+PAK! सहवाग ने चुनी सबसे खतरनाक प्लेइंग XI, सचिन-सौरव ओपनर, कपिल-इमरान को भी मिली जगह
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं