Pakistan Semi-Final Qualification All Possible Scenario; T20 World Cup 2026: पाकिस्तान का टी20 वर्ल्ड कप 2026 अभियान शुक्रवार को ही समाप्त हो सकता है, जब कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में इंग्लैंड और न्यूज़ीलैंड आमने-सामने होंगे. पाकिस्तान टीम की सेमीफाइनल की उम्मीदें पूरी तरह इस मुकाबले के नतीजे पर टिकी हैं. सलमान अली आगा की अगुवाई वाली पाक टीम सुपर 8 ग्रुप 2 में अब तक एक भी मैच नहीं जीत सका है, जबकि इंग्लैंड लगातार दो जीत के साथ अंतिम चार में जगह बना चुका है. पाकिस्तान का सुपर 8 में सिर्फ एक मुकाबला बाकी है, जो शनिवार को श्रीलंका के खिलाफ खेला जाएगा.
समीकरण 1
यदि इंग्लैंड शुक्रवार को न्यूजीलैंड को हरा देता है और पाकिस्तान अपने अंतिम मैच में श्रीलंका को मात देता है, तो पाकिस्तान और न्यूजीलैंड दोनों के तीन-तीन अंक हो जाएंगे. ऐसे में फैसला नेट रन रेट के आधार पर होगा. पाकिस्तान को उम्मीद करनी होगी कि न्यूजीलैंड बड़े अंतर से हारे और पाकिस्तान खुद श्रीलंका पर बड़ी जीत दर्ज करे, तभी वह नेट रन रेट में कीवी टीम को पीछे छोड़ सकेगा.
समीकरण 2
अगर न्यूजीलैंड इंग्लैंड को हरा देता है, तो पाकिस्तान श्रीलंका के खिलाफ मैच से पहले ही टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगा, क्योंकि वह अंक तालिका में कीवी टीम की बराबरी नहीं कर पाएगा. वहीं यदि इंग्लैंड-न्यूजीलैंड मैच बारिश के कारण रद्द हो जाता है, तब भी पाकिस्तान की राह बंद हो जाएगी, भले ही वह अपने आखिरी मुकाबले में जीत हासिल कर ले.
न्यूजीलैंड ने श्रीलंका पर 61 रन की बड़ी जीत के बाद अपना नेट रन रेट +3.050 कर लिया है. सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए उसे सिर्फ भारी हार से बचना होगा. दूसरी ओर, इंग्लैंड पहले ही अंतिम चार में पहुंच चुका है, लेकिन वह लय बरकरार रखने के इरादे से उतरेगा.
यह मुकाबला न्यूजीलैंड के लिए बेहद अहम है, जबकि पाकिस्तान की नजरें इस मैच पर टिकी रहेंगी, क्योंकि इसी के साथ उसके विश्व कप सफर का फैसला हो सकता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं