वर्ल्ड कप, एशिया कप और ICC टूर्नामेंट में लगातार मुंह की खाने वाले पाकिस्तान को भारत के खिलाफ जीत का इंतजार किस कदर था, इसका अंदाजा प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के एक ट्वीट से लगाया जा सकता है. हॉन्ग कॉन्ग सिक्सेस टूर्नामेंट में पाकिस्तान ने भारत को क्या हराया, प्रधानमंत्री ने तुरंत सोशल मीडिया पर पोस्ट कर टीम को बधाई दे दी. हालांकि जिस टूर्नामेंट को कई क्रिकेट फैंस मुश्किल से जानते हैं, उस पर पीएम का इतना उत्साह लोगों को हैरान कर गया. नतीजा यह रहा कि बधाई से ज्यादा चर्चा उनके ट्वीट और उस पर हो रही ट्रोलिंग की होने लगी.
भारत के खिलाफ जीत पर PM शहबाज शरीफ ने क्या लिखा?
शहबाज शरीफ ने एक्स पर लिखा, 'हांगकांग सिक्सस 2026 के शुरुआती मुकाबले में भारत के खिलाफ चार विकेट से शानदार जीत हासिल करने पर हमारे लड़कों को बधाई! यह क्रिकेट का एक अच्छा मैच था. मैं पीसीबी चेयरमैन मोहसिन नकवी और उनकी टीम की भी तारीफ करता हूं, जिन्होंने हमारे खिलाड़ियों को तैयार करने और उन्हें सपोर्ट करने के लिए कड़ी मेहनत की है. हालांकि, उनके पोस्ट में एक तथ्यात्मक चूक भी थी. उन्होंने भारत के खिलाफ मुकाबले को शुरुआती मैच बताया, जबकि पाकिस्तान इससे पहले यूएई के खिलाफ अपना पहला मैच खेल चुका था.
PM के ट्वीट पर लोगों ने लिए मजे, बोले- इतनी खुशी क्यों?
शहबाज शरीफ के पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर यूजर्स ने जमकर प्रतिक्रिया दी. कुछ लोगों ने सवाल उठाया कि देश के प्रधानमंत्री एक छह ओवर वाले टूर्नामेंट में मिली जीत पर इतना उत्साह क्यों दिखा रहे हैं. एक यूजर ने तंज कसते हुए लिखा, 'बधाई हो, दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट टूर्नामेंट में भारत के खिलाफ जीत के लिए. यह किसी भी विश्व कप या एशिया कप से बड़ी उपलब्धि है.' एक अन्य यूजर ने तंज कसते हुए लिखा, 'इतना उत्साह देखकर हंसी आ रही है. मुझे तो यह देखने के लिए गूगल करना पड़ा कि आखिर हॉन्ग कॉन्ग सिक्सेस है क्या.
एक अन्य यूजर ने लिखा, 'अब तो एक हफ्ते की छुट्टी घोषित कर दीजिए.' वहीं, एक दूसरे यूजर ने सवाल किया कि प्रधानमंत्री होकर इस तरह की जीत पर इतना जश्न मनाने की क्या जरूरत है. एक यूजर ने तो पाकिस्तान के पीएम को 'छोटी-छोटी खुशियां' वाला तंज भी दे दिया. कुछ लोगों ने यह भी पूछा कि मोहसिन नकवी को हर बार टीम की जीत का श्रेय क्यों दिया जा रहा है, मानो वही मैदान पर खेल रहे हों या कप्तानी कर रहे हों.
आखिर क्या है हॉन्ग कॉन्ग सिक्सेस टूर्नामेंट?
दरअसल, हॉन्ग कॉन्ग सिक्सेस सामान्य अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से अलग छह खिलाड़ियों वाली टीमों का टूर्नामेंट है. इसमें एक पारी में सिर्फ छह ओवर होते हैं. इसका मकसद सिर्फ मनोरंजक क्रिकेट को बढ़ावा देना है. इस टूर्नामेंट की शुरुआत 1993 में हुई थी. 2012 के बाद इसका नियमित आयोजन रुक गया था और 2024 में इसकी वापसी हुई. यह पारंपरिक वनडे या टी20 विश्व कप जैसा टूर्नामेंट नहीं है. इसका फॉर्मेट छोटा और अलग है. ऐसे में भारत के खिलाफ इस मुकाबले में मिली जीत पर प्रधानमंत्री के उत्साह को लेकर सोशल मीडिया पर सवाल उठाए जा रहे हैं.
मैच में क्या हुआ था?
शुक्रवार को खेले गए ग्रुप सी मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए छह ओवर में पांच विकेट पर 88 रन बनाए. शशांक सिंह ने सिर्फ 11 गेंदों में 40 रन की तूफानी पारी खेली. पाकिस्तान ने ख्वाजा नफे के 12 गेंदों में 41 और अब्बास अफरीदी के आठ गेंदों में 35 रन की बदौलत 3.5 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया. अब्बास अफरीदी ने क्रुणाल पांड्या के एक ओवर में पांच छक्के जड़कर मैच का रुख पाकिस्तान की ओर मोड़ दिया. पाकिस्तान ने चार विकेट से जीत दर्ज की.
यह भी पढ़ें- द्रविड़ की वजह से टूटा दिल तो मां को लगाया फोन, और कुछ इस तरह जर्सी नंबर 45 ने रच दिया इतिहास
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं