भारत और पाकिस्तान की क्रिकेट प्रतिद्वंद्विता मैदान पर जितनी रोमांचक रही है, मैदान के बाहर दोनों देशों के खिलाड़ियों से जुड़े किस्से भी उतने ही दिलचस्प रहे हैं. ऐसा ही एक किस्सा 2007 का है, जब पाकिस्तान की टीम भारत दौरे पर आई थी. उस दौरान शोएब अख्तर ने मजाक में सचिन तेंदुलकर को उठाने की कोशिश की, लेकिन मास्टर ब्लास्टर उनके हाथ से फिसलकर नीचे गिर गए. इसके बाद रावलपिंडी एक्सप्रेस की हालत खराब हो गई थी. सालों बाद शोएब ने खुद बताया कि उन्हें डर था कि अगर सचिन को चोट लग जाती तो उन्हें भारत का वीजा तक नहीं मिलता.
सचिन को उठाना शोएब अख्तर को पड़ा भारी
शोएब अख्तर ने Geo News के साथ बातचीत में 2007 के इस किस्से को याद किया था. ये वीडियो अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है और क्रिकेट फैंस के बीच काफी पसंद भी किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि भारत दौरे के दौरान एक अवॉर्ड फंक्शन के बाद खिलाड़ियों का गेट-टुगेदर था. हमेशा कुछ अलग करने की कोशिश करने वाले शोएब ने मजाक में सचिन तेंदुलकर को उठाने की कोशिश की.
शोएब सचिन को उठा भी पाए, लेकिन तभी उनका बैलेंस बिगड़ गया और सचिन उनके हाथ से फिसलकर नीचे गिर गए. सचिन को ज्यादा चोट नहीं लगी, लेकिन उस पल शोएब को लगा कि अब वह बड़ी मुसीबत में फंस गए हैं.
शोएब अख्तर ने बताया कि, मैंने सचिन को कहा कि सचिन तुम उतने लंबे-चौड़े लगते नहीं हो, और मेरी एक ख्वाहिश है, क्योंकि आप मेरे अच्छे दोस्त और आप मुझे प्यार भी करते हो. इस बीच वहां मौजूद वीरेंद्र सहवाग ने कहा कि मत करो ये हमारे भगवान हैं. अगर ये गिर गए और इन्हें चोट पहुंच गई तो इंडियन तुम्हें जिंदा जला देंगे और वही हुआ सचिन मेरे हाथ से फिसल गए और नीचे गिर गए. मैं डर गया और तुरंत उन्हें गले से लगा लिया, पूछा कि आपको कुछ हुआ तो नहीं. सचिन ने कहा कि मैं ठीक हूं, क्या कर रहा है कल मैच है. मैंने कहा मुझे माफ करें.'
यहां देखें शोएब अख्तर का पूरा वीडियो
सहवाग ने सुनाया उसी घटना का दूसरा पहलू
इस कहानी को और दिलचस्प बनाता है वीरेंद्र सहवाग का बाद का खुलासा. सहवाग ने बताया था कि इस घटना के बाद भारतीय खिलाड़ियों ने शोएब अख्तर की खूब टांग खिंचाई की थी. सहवाग खुद उन्हें बार-बार चिढ़ाते थे कि उनका करियर खत्म हो गया क्योंकि उन्होंने भारत के सबसे बड़े खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर को गिरा दिया है.
सहवाग के मुताबिक शोएब इस घटना के बाद सचिन के पीछे-पीछे घूम रहे थे और उनसे माफी मांग रहे थे. यहां तक कि उन्होंने सचिन के पैर छूकर भी माफी मांगी थी. सहवाग ने बताया था कि वह और सचिन आज भी जब साथ बैठते हैं तो इस घटना को याद करके हंसते हैं.
2007 में आखिरी बार टेस्ट सीरीज खेलने था पाकिस्तान
पाकिस्तान का 2007 का भारत दौरा क्रिकेट इतिहास में भी खास है. टीम ने भारत के खिलाफ पांच वनडे और तीन टेस्ट मैच खेले थे. यही दौरा भारत में पाकिस्तान की आखिरी टेस्ट सीरीज भी रहा. उस दौरे के दौरान हुई सचिन और शोएब की यह घटना बाद में दोनों खिलाड़ियों के कई दिलचस्प किस्सों में शामिल हो गई. यानी एक ही घटना के दो अलग-अलग पहलू सामने आते हैं. शोएब अख्तर के मुताबिक सचिन के गिरने के बाद उन्हें डर था कि भारतीय फैंस उन्हें नहीं छोड़ेंगे, जबकि सहवाग ने बताया कि भारतीय खिलाड़ियों ने उन्हें खूब चिढ़ाया और शोएब सचिन से माफी मांगते हुए घूम रहे थे. यही वजह है कि भारत-पाकिस्तान क्रिकेट की पुरानी यादों में यह किस्सा आज भी खास जगह रखता है.
ये भी पढ़ें- हरभजन सिंह की बायोपिक बनी तो हीरो कौन होगा? भज्जी ने खुद बताया नाम
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं