T20 World Cup 2026 में आज पड़ोसी पाकिस्तान का भविष्य दांव पर लगा है. शुक्रवार को इंग्लैंड की न्यूजीलैंड पर 4 विकेट से जीत ने उसके करोड़ों चाहने वालों के चेहरे पर मुस्कान लौटा दी. लेकिन समस्या यह है कि आज पाकिस्तान का वर्ल्ड कप सह आयोजक श्रीलंका (Pakistan vs Sri Lanka) को उसके घरेलू पल्लेकल इंटरनेशनल स्टेडियम (ICC Men's T20 World Cup 2026 ) में सिर्फ हराने भर से काम नहीं चलेगा. पाकिस्तान के लिए सेमीफाइनल के टिकट के लिए जो गणित है, वह अपने आप में खासा चुनौतीपूर्ण है. इस समीकरण (Pak vs Sl calculation) ने मुकाबले को बहुत ही ज्यादा रुचिकर बना दिया है. भारतीय पूर्व दिग्गज भी राय दे रहे हैं. वीरेंद्र सहवाग ने पाकिस्तान के सेमीफाइनल टिकट को खारिज करते हुए अप्रत्यक्ष रूप से बोल दिया है-इनसे न हो पाएगा! वैसे सहवाग ने एक रास्ते का भी जिक्र किया है जिससे वह सेमीफाइनल में पहुंच भी सकता है.
सहवाग ने कहा, 'उन्हें नहीं लगता कि पाकिस्तान की टीम सेमीफाइनल में पहुंचने की जरूरी शर्तों को पूरा भी कर पाएगी. बात यह है कि अगर पाकिस्तान पहले बैटिंग करती है, तो उसे टिकट हासिल करने के लिए करीब 65 रन से जीतना होगा. और पड़ोसी अगर बाद में बैटिंग करता है, तो उसे 13.2 ओवरों यानी 79 गेंदों पर जीत दर्ज करनी होगी.
'इस बार दुआ कबूल होना मुश्किल'
एक शो में सहवाग ने 'एकदम साफ, नो बकवास' की तर्ज पर कहा, 'नहीं होने वाला.' जब सहवाग से लक्ष्य का पीछा करने पर सवाल किया, तो उन्होंने कहा, 'वो भी नहीं होने वाला.' अपने समय के दिग्गज बल्लेबाज ने बात आगे बढ़ाते हुए कहा, 'मैं यही कह रहा था कि यह नहीं होगा. यह पाकिस्तान के लिए उतना आसान नहीं है. यह सही है कि इंग्लैंड-न्यूजीलैंड मैच से उनकी दुआएं कबूल हो गईं, लेकिन ये दुआ श्रीलंका के खिलाफ काम नहीं करेंगी. मुझे नहीं लगता कि पाकिस्तान आज सेमीफाइनल में पहुंच पाएगा.' वैसे सहवाग ने पाकिस्तान के अंतिम चार में पहुंचने का एक रास्ता बताते हुए कहा कि पाकिस्तान तभी सेमीफाइनल में पहुंचेगा, जब श्रीलंका बहुत ही ज्यादा खराब खेलेगा. पूर्व ओपनर ने सवाल उठाते हुए कहा कि जो टीम लगातार 160 रन बनाने के लिए संघर्ष कर रही है, वह अचानक से कैसे इस स्कोर का सफलतापूर्वक पीछा कर सकती है. और वह भी इतने कम ओवरों में.
पाकिस्तान के लिए इकलौता रास्ता
वीरू बोले, 'अगर वे किसी भी तरह क्वालीफाई कर लेते हैं, तो यह अच्छी बात होगी. अगर पाकिस्तान 160 रन बनाता है और उन्हें 60 रन से मैच जीतना है, तो फिर ऐसा करने के लिए श्रीलंका को बहुत ही ज्यादा खराब क्रिकेट खेलनी होगी. और इसी इकलौते रास्ते से पाकिस्तान सेमीफाइनल में पहुंच सकता है. इसके लिए श्रीलंका को 90 पर ऑल आउट होना होगा. यह होना संभव नहीं है. वैसे 13.2 ओवरों में लक्ष्य का पीछा किया जा सकता है, लेकिन इसके लिए पाकिस्तान की टीम में स्तरीय बल्लेबाज नहीं हैं. बात यह है कि पाकिस्तान 160 रन बनाने में सक्षम नहीं है. फिर वे इस स्कोर को लगभग 14 ओवरों में कैसे हासिल कर पाएंगे.'
PAK vs SL, T20 World Cup: श्रीलंका के खिलाफ किस अंतर से जीतने पर पाकिस्तान पहुंचेगा सेमीफाइनल में? ICC ने दिया समीकरण
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं