विज्ञापन

एक और आईपीएल स्टार क्रिकेटर के खिलाफ पुलिस शिकायत, शादी का वादा कर शारीरिक शोषण का आरोप

कुछ साल पहले ही उत्तर प्रदेश के क्रिकेटर यश दयाल भी इसी तरह के मामले में फंसे थे. अब कुछ ऐसा ही आरोप बंगाल के लिए खेलने वाले अभिषेक पोरेल पर लगा है

एक और आईपीएल स्टार क्रिकेटर के खिलाफ पुलिस शिकायत, शादी का वादा कर शारीरिक शोषण का आरोप
बंगाल और दिल्ली के लिए खेलने वाले अभिषेक पोरेल
Source: Social media

उत्तर प्रदेश के क्रिकेटर यश दयाल क्लब में एक और क्रिकेटर का नाम जुड़ गया है.  बंगाल और दिल्ली कैपिटल्स के विकेटकीपर-बल्लेबाज अभिषेक पोरेल के खिलाफ एक महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है, जिसने आरोप लगाया है कि पोरेल ने शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए. और उसके साथ मारपीट व आपराधिक धमकी (क्रिमिनल इंटिमिडेशन) भी की. वहीं, पूर्व में भारत A टीम के साथ इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया का दौरा करने वाले   पोरेल ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है. यह शिकायत मंगलवार को हुगली जिले के मोगरा पुलिस स्टेशन में महिला और उसकी मां द्वारा दर्ज कराई गई. इसके बाद पुलिस ने कहा कि उन्होंने मामले की जांच शुरू कर दी है.

शादी के वादे पर संबंध बनाए, मारपीट का आरोप

शिकायत के अनुसार महिला ने आरोप लगाया कि वह और पोरेल पिछले तीन वर्षों से रिलेशनशिप (रिश्ते) में थे और पिछले साल उनके बीच मतभेद पैदा हो गए थे.  इसके बाद कथित तौर पर क्रिकेटर ने उससे "दूरी बनाना" शुरू कर दिया. उसने आगे आरोप लगाया कि पोरेल ने उससे शादी करने का वादा किया था लेकिन अब वह ऐसा करने के लिए तैयार नहीं हैं. अपनी शिकायत में महिला ने आरोप लगाया कि पोरेल ने शादी का वादा करके उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और साथ ही उन पर मारपीट और आपराधिक धमकी देने का भी आरोप लगाया. एक पुलिस अधिकारी ने बताया, 'हमें एक शिकायत मिली है और हमने जांच शुरू कर दी है.'

क्रिकेटर ने आरोपों का खंडन किया

पोरेल जो वर्तमान में बेंगलुरु में हैं, ने आरोपों से इनकार किया और उन्हें झूठा बताया. उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस ने अभी तक उनसे संपर्क नहीं किया है. मीडिया में पोरेल के हवाले से कहा गया, टमैं अभी अच्छा खेल रहा हूं, इसलिए तरह-तरह की बातें सामने आ रही हैं.' 23 वर्षीय खिलाड़ी ने आगे कहा कि पुलिस द्वारा अपनी शुरुआती जांच पूरी करने के बाद वह विस्तार से इसका जवाब देंगे.

उन्होंने कहा, 'जब पुलिस जांच करेगी तो मैं इस बारे में बात करूंगा. मैंने अभी तक पुलिस से बात नहीं की है.' एक बाएं हाथ के शीर्ष क्रम के बल्लेबाज पोरेल ने 2023 से इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में दिल्ली कैपिटल्स का प्रतिनिधित्व किया है. उन्होंने पिछले सीजन में दिल्ली कैपिटल्स के लिए चार पारियों में 108 रन बनाए थे. उन्होंने 2021-22 सीजन में बंगाल के लिए प्रथम श्रेणी (फर्स्ट-क्लास) क्रिकेट में पदार्पण किया था और अब तक 32 प्रथम श्रेणी और 23 लिस्ट ए मैच खेल चुके हैं.


 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Abishek Porel, India A, Delhi Capitals, Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com