दिल्ली पुलिस ट्रैफिक (सेंट्रल रेंज) के डीसीपी ने राजधानी दिल्ली में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन को देखते हुए डीडीसीए को एक खास पत्र लिखा था. जिसमें अनुरोध किया गया था कि 13 सितंबर 2026 को अरुण जेटली स्टेडियम में होने वाले भारत बनाम अफगानिस्तान टी20 इंटरनेशनल मुकाबला टाल दिया जाए या किसी और दिन के लिए शेड्यूल कर दिया जाए. जिसपर अब दिल्ली क्रिकेट एसोसिएशन ने अपना जवाब दिया है. डीडीसीए का कहना है भारत और अफगानिस्तान के बीच खेले जाने वाले तीन मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज का पहला मुकाबला निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही होगा.
आपको बता दें कि मौजूदा समय में अफगानिस्तान की टीम तीन मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज के लिए भारत दौरे पर है. दोनों टीमों के बीच सीरीज का पहला मुकाबला 13 सितंबर को खेला जाना है. वहीं दूसरे और तीसरे मुकाबले के लिए दोनों टीमें 15 और 17 सितंबर को आमने-सामने होंगी. सभी मैच राजधानी दिल्ली में ही खेले जाएंगे.
डीडीसीए का जवाब
दिल्ली पुलिस ट्रैफिक को जवाब देते हुए डीडीसीए ने अपने संदेश में लिखा है, 'भारत और अफगानिस्तान के बीच पहला टी20 मुकाबला 13 सितंबर को अरुण जेटली स्टेडियम में निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही होगा.'
डीडीसीए की तरफ से आगे लिखा गया है, 'दिल्ली यातायात पुलिस के साथ बैठक के बाद डीडीसीए को सभी आवश्यक सहयोग और व्यवस्थाओं का आश्वासन दिया गया है. मैच स्थगित नहीं किया जाएगा.'
इससे पहले दिल्ली पुलिस ने डीडीसीए से किया था अनुरोध
इससे पहले आज ही दिल्ली यातायात पुलिस ने ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के लिए व्यापक यातायात और सुरक्षा व्यवस्थाओं का हवाला देते हुए डीडीसीए से पहले मैच का समय बदलने के लिए अनुरोध किया था.
यह भी पढ़ें- किशन से पहले किस खिलाड़ी ने बनाया था ईस्ट जोन को चैंपियन? एक नहीं दो बार दिलाई थी दलीप ट्रॉफी का खिताब
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं