आगामी सैयद मुश्ताक अली T20 टूर्नामेंट के लिए बड़ौदा की टीम में हार्दिक पांड्या को शामिल नहीं किया गया है. 33 वर्षीय हार्दिक अभी भी पैर की हड्डी की चोट से उबर रहे हैं. हार्दिक पांड्या IPL 2026 के बाद से ही प्रतिस्पर्धी क्रिकेट से दूर हैं और 8 मार्च को हुए T20 वर्ल्ड कप फाइनल के बाद से उन्होंने कोई अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेला है. उसके बाद से यह ऑलराउंडर लगातार चोटों से जूझ रहा है.
पुडुचेरी में ऑस्ट्रेलिया 'A' के खिलाफ इंडिया 'A' की वनडे सीरीज के लिए जब उनका नाम चुना गया, तो वापसी की थोड़ी उम्मीद जगी थी, लेकिन पैर की चोट ने उन्हें एक्शन से दूर कर दिया. क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार, बीसीसीआई ने बड़ौदा क्रिकेट एसोसिएशन को निर्देश दिया है कि हार्दिक को बेंगलुरु स्थित 'सेंटर ऑफ एक्सीलेंस'में अपने रिहैबिलिटेशन प्रोग्राम पर ध्यान देना चाहिए.
इस बीच, हार्दिक के भाई क्रुणाल पांड्या बड़ौदा की कप्तानी जारी रखेंगे, जबकि अतीत सेठ को उप-कप्तान बनाया गया है. बड़ौदा को एलीट ग्रुप A में रखा गया है, जिसमें उनके साथ मौजूदा चैंपियन झारखंड, बंगाल, कर्नाटक, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, चंडीगढ़ और मिजोरम शामिल हैं.
बड़ौदा टीम: क्रुणाल पंड्या (कप्तान), अतीत शेठ (उपकप्तान), दीपक हुडा, शिवालिक शर्मा, शाश्वत रावत, अमित पासी (विकेटकीपर), जितेश शर्मा (विकेटकीपर), भानु पनिया, महेश पिठिया, परीक्षित पाटीदार, हेमंत पुंडे, राज लिंबानी, रसिक डार, ध्रुव बी पटेल, सफवन पटेल.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं