मुंबई इंडियंस ने गुरुवार को घोषणा की कि IPL 2027 से पहले उन्होंने बॉलिंग कोच लसिथ मलिंगा और पारस म्हांब्रे, तथा फील्डिंग कोच कार्ल हॉपकिंसन के साथ अपने रास्ते अलग कर लिए हैं. इन तीन कोचों के जाने से यह संकेत मिलता है कि पांच बार की IPL विजेता टीम अपने कोचिंग सेटअप में बड़ा बदलाव कर रही है. इससे पहले, पिछले हफ्ते ही मुख्य कोच महेला जयवर्धने की जगह कीरोन पोलार्ड को नियुक्त किया गया था.
मुंबई इंडियंस ने एक आधिकारिक बयान में कहा, 'मुंबई इंडियंस ने आज घोषणा की है कि लसिथ मलिंगा, पारस म्हांब्रे और कार्ल हॉपकिंसन अब पुरुष टीम के कोचिंग सेटअप में अपनी भूमिकाओं से हट रहे हैं. हम फ्रेंचाइजी के प्रति उनके समर्पण, योगदान और सेवा के लिए उन्हें धन्यवाद देते हैं.'
श्रीलंका के पूर्व तेज गेंदबाज मलिंगा लंबे समय तक मुंबई इंडियंस से जुड़े रहे. पहले वे एक खिलाड़ी के तौर पर टीम का हिस्सा थे और बाद में कोचिंग स्टाफ में शामिल हुए. मुंबई इंडियंस ने कहा, 'लसिथ मलिंगा मुंबई इंडियंस परिवार का एक अहम हिस्सा रहे हैं और फ्रेंचाइजी के इतिहास के सबसे खास चेहरों में से एक हैं.'
मुंबई की गेंदबाजी अटैक की कमान संभालने और चार IPL खिताब तथा 2011 चैंपियंस लीग T20 जीत में अहम भूमिका निभाने से लेकर, एक मेंटर और कोच के रूप में वापसी करने तक - मुंबई के साथ लसिथ का सफर वाकई बहुत खास रहा है.' पारस म्हांब्रे अक्टूबर 2024 में भारतीय टीम के साथ अपना कोचिंग कार्यकाल खत्म होने के बाद मुंबई के सपोर्ट स्टाफ में शामिल हुए थे.
मुंबई इंडियंस ने कहा, 'पारस म्हांब्रे का मुंबई इंडियंस के साथ एक लंबा और महत्वपूर्ण जुड़ाव रहा है. वे पहले 2010 से 2017 तक टीम के साथ थे और फिर 2024 में वापस लौटे.' 'अपने दोनों कार्यकालों के दौरान, पारस ने टीम में अपना भरपूर अनुभव और समर्पण जोड़ा, साथ ही उन्हें MI की संस्कृति की भी गहरी समझ है.'
इंग्लैंड और आयरलैंड के पूर्व फील्डिंग कोच कार्ल हॉपकिंसन, जेम्स पैमेंट की जगह लेते हुए IPL 2025 से पहले मुंबई इंडियंस से जुड़े थे. मुंबई ने कहा कि, 'कार्ल हॉपकिन्सन 2025 सीजन से पहले मुंबई इंडियंस से जुड़े. वे इंग्लैंड की पुरुष टीम के साथ काम करने के दौरान मिले अपने बहुमूल्य अंतरराष्ट्रीय अनुभव को अपने साथ लाए हैं. फ्रेंचाइजी के साथ अपने पूरे कार्यकाल के दौरान, उनके पेशेवर रवैये, विशेषज्ञता और टीम की फील्डिंग के स्तर को बेहतर बनाने के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को काफी सराहा गया है.'
यह भी पढ़ें- PSL की किस टीम में अभिषेक शर्मा को देखना चाहते हैं पाकिस्तानी? कामरान अकमल के जवाब ने जीता फैंस का दिल
यह भी पढ़ें- वैभव नंबर-1, हार्दिक और बुमराह को भी किया शामिल, अनाया बांगड़ की प्लेइंग XI में एक से बढ़कर एक धुरंधर
यह भी पढ़ें- वर्ल्ड चैंपियनशिप में महिला पहलवानों की चांदी, भारत की काजल और नीलम ने रचा इतिहास
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं