विज्ञापन
This Article is From Sep 17, 2013

महेंद्र सिंह धोनी के बाइक के शौक से पुलिस हुई परेशान

महेंद्र सिंह धोनी के बाइक के शौक से पुलिस हुई परेशान
महेंद्र सिंह धोनी का फाइल फोटो
रांची: झारखंड की राजधानी रांची में भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी पिछले लगभग दो सप्ताह से आराम फरमा रहे हैं, लेकिन इस दौरान बार-बार उनके मोटरसाइकिल पर शहर के विभिन्न इलाकों में घूमने से स्थानीय पुलिस और प्रशासन के पसीने छूट रहे हैं। ऐसे में उन्होंने उनसे अपने कार्यक्रम की सूचना पुलिस को देने का अनुरोध किया है।

रांची के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक साकेत कुमार सिंह ने आज बताया कि धोनी से अनुरोध किया गया है कि वह अपने कार्यक्रमों की पूर्व सूचना पुलिस को अवश्य दें, जिससे उन्हें आवश्यक पुलिस सुरक्षा प्रदान की जा सके।

उन्होंने कहा, धोनी को मोटरसाइकिल की सवारी करने से कोई नहीं रोकेगा और न ही उन्हें कहीं जाने से रोका-टोका जाएगा, लेकिन उन्हें जहां भी जाना होगा वहां जाने का सुरक्षित इंतजाम तो अवश्य किया जाएगा। यह हमारा कर्तव्य है। रांची में चैंपियंस लीग क्रिकेट का पहला टी-20 मैच 22 सितंबर को खेला जाएगा और उसमें टाइटंस के खिलाफ चेन्नई सुपरकिंग्स का नेतृत्व अपने गृह मैदान पर धोनी करेंगे।

धोनी को पिछले एक सप्ताह से कंधे पर बैग लटका कर हेलमेट लगाए हुए अपनी मोटरसाइकिलों पर शहर के अनेक इलाकों का चक्कर लगाते देखा गया है। शहर के अनेक इलाकों में उनकी इस मस्ती की चर्चा है। कई दिन तो धोनी इसी तरह झारखंड क्रिकेट संघ के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम पहुंच गए और वहां अभ्यास किया। इसके अलावा वह बिरसा फुटबाल स्टेडियम और अनेक अन्य मैदानों में जाकर वहां खेल रहे खिलाड़ियों, फुटबॉलरों और तीरंदाजों से भी मुलाकात की और उनके साथ खेले भी।

धोनी की इन मस्तियों की फोटो खींचने के लिए विभिन्न मीडिया हाउस के कैमरा मैन उनके हरमू स्थित घर के आसपास टकटकी लगाए बैठे हैं।

धोनी आज भी क्रिकेट स्टेडियम अपनी बाइक पर ही गए, लेकिन उन्हें वहां से गाड़ी में पुलिस की सुरक्षा में वापस घर लाया गया। रांची में चैंपियंस लीग क्रिकेट के कुल पांच मैच होने हैं और 28 सितंबर को अंतिम मैच तक यहां की पुलिस को इसी तरह सतर्क रहना होगा।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
धोनी, महेंद्र सिंह धोनी, धोनी का बाइक शौक, Dhoni, MS Dhoni, Dhoni On Bike
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com