विज्ञापन

IPL के चैंपियंस का लग रहा है एक और मेला, डबल आईपीएल चैंपियन रजत पाटीदार अब किस टीम के बनेंगे चैंपियन?

रजत पाटीदार की अगुवाई में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने लगातार दूसरी बार आईपीएल का खिताब अपने नाम किया है. अब यह चैंपियन खिलाड़ी मध्यप्रदेश की लीग में नजर आने वाला है.

IPL के चैंपियंस का लग रहा है एक और मेला, डबल आईपीएल चैंपियन रजत पाटीदार अब किस टीम के बनेंगे चैंपियन?
Rajat Paridar Gwalior Cheetahs MP League T20 2026

एमएस धोनी, रोहित शर्मा और रजत पाटीदार सिर्फ़ तीन ऐसे कप्तान हैं जिन्हें आईपीएल में बैक-टू बैक दो बार ख़िताब जीतने का गौरव हासिल है. रजत पाटीदार ने पिछले साल बैंगलोर का ख़िताब जीता लेकिन उनको शायद ही वो श्रेय मिल पाया जो उन्हें मिल पाया. लेकिन लगातार दूसरी बार आईपीएल का ख़िताब जीतनेवाले रजत पाटीदार का इस बार सिक्का चल गया है.  IPL क्वालीफ़ायर-1 में ख़ासकर गुजरात के ख़िलाफ़ 33 गेंदों पर उनकी नाबाद 93 रनों की मैचविनिंग पारी ने सबको हैरत में डाल दिया. रजत पाटीदार इतने पर भी थके नहीं हैं. कल से इंदौर में शुरू हो रहे मध्य प्रदेश लीग (MPL) का सिंधिया कप उनका अगला निशाना होगा.   

कल से शुरू हो रहा है MPL

मध्य प्रदेश के सबसे बड़े क्रिकेट आयोजनों में से एक आदित्य बिड़ला ग्रुप मध्य प्रदेश लीग (MPL) टी-20 सिंधिया कप के नए सीजन का इंतजार अब लगभग खत्म हो चुका है. 3 जून से ऐतिहासिक होलकर स्टेडियम में शुरू होने जा रहे इस टूर्नामेंट को लेकर पूरे इंदौर में उत्साह का माहौल है. राज्य भर के शीर्ष क्रिकेट प्रतिभाएं आने वाले हफ्तों में रोमांचक मुकाबलों के जरिए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी.

ग्वालियर की ताक़त बनेंगे पाटीदार

टीम इंडिया और बैंगलोर टीम के स्टार ऑलराउंडर वेंकटेश अय्यर ने NDTV कनसल्टिंग एडिटर बोरिया मजूमदार को एक इंटरव्यू में रजत पाटीदार की गुजरात के ख़िलाफ़ नाबाद 93 रनों की पारी के बारे में बात करते हुए कहा, “किसी को भरोसा नहीं था कि वह यह सब कर सकते हैं. मुझे भी नहीं था. लेकिन उन्होंने हम सबको हैरान कर दिया. लेकिन जब हम रणजी ट्रॉफी खेल रहे थे तब और मध्य प्रदेश में भी सबको भरोसा था कि यह खिलाड़ी इसलिए का नहीं टॉप टियर का खिलाड़ी है बड़ी लीग का खिलाड़ी है. 10 साल पहले भी जब वह रणजी ट्रॉफी में स्कोर कर रहे थे तो हमें लगता था इन्हें टीम इंडिया में होना चाहिए था. यह होना ही था अच्छे लोगों के साथ अच्छी बात हो ही जाती है.” 

पाटीदार को टीम इंडिया के टी-20 कैप का इंतज़ार

कमाल की बात है कि 57 आईपीएल मैचों में 165 के स्ट्राइक रेट से बैटिंग करनेवाले, 2026 के आईपीएल में 193 के स्ट्राइक रेट से बैटिंग करनेवाले, बतौर कप्तान लगातार दो आईपीएल का ख़िताब जीतने वाले रजत पाटीदार ने टीम इंडिया के लिए 3 टेस्ट और 1 वनडे खेले हैं. लेकिन 33 साल के इस स्टाइलिश कप्तान को अबतक टीम इंडिया के टी-20 का कैप हासिल नहीं हुआ है.  

ओपनिंग मैच में ग्वालियर की टक्कर उज्जैन से 

टूर्नामेंट के उद्घाटन मुकाबले में अनुभवी ग्वालियर चीता का सामना नई टीम उज्जैन फाल्कन्स से होगा. दोनों टीमें अपने अभियान की शुरुआत जीत के साथ करना चाहेंगी, ऐसे में क्रिकेट प्रेमियों को रोमांच से भरपूर मुकाबले की उम्मीद है. ग्वालियर चीताज़ टीम को दो बार के आईपीएल विजेता कप्तान रजत पाटीदार की मौजूदगी से मजबूती मिलेगी, जबकि उज्जैन फाल्कन्स के पास युवा और प्रतिभाशाली ऑलराउंडर माधव तिवारी होंगे, जिन्होंने आईपीएल 2026 में लगातार दो मैचों में प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है.

ग्वालियर चीताज के पूर्व मुख्य कोच और वर्तमान में उज्जैन फाल्कन्स से जुड़े सुनील धोलपुरे ने मध्य प्रदेश लीग को युवा क्रिकेटरों के लिए एक महत्वपूर्ण मंच बताते हुए कहा कि, "एमपीएल ने युवा क्रिकेटरों के लिए एक शानदार मंच तैयार किया है. पहले खिलाड़ियों को क्लब क्रिकेट, जिला टूर्नामेंट, संभागीय प्रतियोगिताओं और राज्य स्तरीय कैंपों से होकर गुजरना पड़ता था, तब जाकर उन्हें पहचान मिलती थी. एमपीएल ने इस प्रक्रिया को बदल दिया है और खिलाड़ियों को एक बड़ा मंच उपलब्ध कराया है, जहां वे दबाव की परिस्थितियों में चयनकर्ताओं, स्काउट्स और फ्रेंचाइजी टीमों के सामने अपनी प्रतिभा दिखा सकते हैं. 

यहीं से खुलता है IPL का रास्ता

MPL युवा खिलाड़ियों को बड़े मंच पर खुद को साबित करने और अपने क्रिकेट करियर को नई दिशा देने का अवसर देती है." उन्होंने आगे कहा कि, "हम अपनी टीम में माधव तिवारी जैसे खिलाड़ी को पाकर बेहद खुश हैं. उन्होंने आईपीएल 2026 में अपने प्रदर्शन से सभी को प्रभावित किया है और कम उम्र में ही अपनी शानदार क्षमता का परिचय दिया है. हमें पूरा विश्वास है कि वह एमपीएल में भी अपनी शानदार फॉर्म जारी रखेंगे और इस सीजन टीम की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे."

मध्य प्रदेश लीग बन रहा है गेमचेंजर, लीग में IPL के कई खिलाड़ी 

ग्वालियर चीताज के मुख्य कोच आदित्य श्रीवास्तव ने टीम में रजत पाटीदार की मौजूदगी को बड़ी ताकत बताते हुए कहा कि, "रजत पाटीदार जैसे खिलाड़ी का टीम में होना एक अलग तरहबका आत्मविश्वास जगाता है. वह अब आईपीएल में लगातार दो बार खिताब जीतने वाले कप्तान बन चुके हैं. उनकी मौजूदगी युवा खिलाड़ियों के लिए बेहद प्रेरणादायक होगी. हमारी टीम को मंगेश यादव के जुड़ने से भी मजबूती मिली है, जिन्होंने आईपीएल में खेलकर महत्वपूर्ण अनुभव हासिल किया है." 

कोच आदित्य श्रीवास्तव ने ये भी कहा, "एमपीएल मध्य प्रदेश के युवा क्रिकेटरों के लिए एक गेम-चेंजर साबित हुआ है. यह उन्हें उच्च स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने, दबाव में प्रदर्शन करने और अपनी पहचान बनाने का अवसर देता है. इस लीग ने पहले ही कई खिलाड़ियों के करियर को नई दिशा दी है और आज भी यह उभरती प्रतिभाओं के लिए अपने कौशल का प्रदर्शन करने तथा पेशेवर क्रिकेट के करीब पहुंचने का महत्वपूर्ण मंच बना हुआ है."

इस सीजन मध्य प्रदेश लीग पहले से अधिक बड़ा और मजबूत हो गया है. जहां पिछले सीजन पुरुष वर्ग में सात और महिला वर्ग में 3 टीमें सम्मिलित थीं, वहीं इस बार पुरुष वर्ग में 10 और महिला वर्ग में 5 टीमें हिस्सा लेने वाली हैं.

यह भी पढ़ें: गौतम गंभीर की टीम में हुई दिग्गज की एंट्री, 20 साल के करियर में झटके 773 विकेट, बना भारत का स्पिन बॉलिंग कोच

यह भी पढ़ें: आईपीएल का रोमांच खत्म, अब निशाने पर अफगानिस्तान, जानें टेस्ट, वनडे सीरीज से जुड़ी तमाम बातें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com