विज्ञापन

गौतम गंभीर की टीम में हुई दिग्गज की एंट्री, 20 साल के करियर में झटके 773 विकेट, बना भारत का स्पिन बॉलिंग कोच

अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट से पहले गौतम गंभीर की टीम में दिग्गज की एंट्री हुई है. साईराज बहुतुले को टीम इंडिया का स्पिन-बॉलिंग नियुक्त किया गया है.

गौतम गंभीर की टीम में हुई दिग्गज की एंट्री, 20 साल के करियर में झटके 773 विकेट, बना भारत का स्पिन बॉलिंग कोच
Sairaj Bahutule Team India Bowling Coach

भारत-अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाले एकमात्र टेस्ट से पहले गौतम गंभीर की टीम में पूर्व लेगस्पिनर साईराज बहुतुले की एंट्री हुई है. साईराज बहुतुले को भारतीय टीम का स्पिन बॉलिंग कोच नियुक्त किया गया है. 53 साल के साईराज व्हाइट-बॉल क्रिकेट में भारत के स्पिनरों के साथ भी काम करेंगे. साईराज हाल ही में पंजाब किंग्स के सेटअप का हिस्सा थे. पंजाब फ्रेंचाइजी के लिए भी उन्होंने स्पिन बॉलिंग कोच के तौर पर काम किया था. भारत के लिए दो टेस्ट और 8 वनडे खेलने वाले बहुतुले अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज से कार्यभार संभालेंगे.

कोचिंग का है लंबा अनुभव

साल 1997 में भारतीय टीम के लिए डेब्यू करने वाले इस खिलाड़ी के पास कोचिंग का काफी अनुभव है. वह केरल और बंगाल जैसी टीमों के साथ काम कर चुके हैं. वह 2018 से 2021 तक राजस्थान रॉयल्स के सपोर्ट स्टाफ का भी हिस्सा थे. उन्होंने इंडिया A असाइनमेंट और कुछ इंडिया सीरीज़ के लिए सपोर्ट स्टाफ के तौर पर काम किया. बहुतुले साल 2022 में अंडर-19 वर्ल्ड कप जीतने वाली भारतीय टीम के गेंदबाजी कोच थे. साथ ही वो 2024 अंडर-19 वर्ल्ड कप के लिए भारतीय स्पोर्ट स्टाफ का हिस्सा थे.  

'खिलाड़ियों को सपोर्ट करने के लिए उत्सुक'

साईराज बहुतुले की नियुक्ति पर बीसीसीआई ने जारी अपनी प्रेस रिलीज में लिखा,"बोर्ड को साईराज बहुतुले को भारतीय क्रिकेट टीम (सीनियर मेन) का स्पिन बॉलिंग कोच बनाने की घोषणा करते हुए खुशी हो रही है. पूर्व इंटरनेशनल और घरेलू क्रिकेटर, बहुतुले अपने साथ एक खिलाड़ी और कोच दोनों के तौर पर बहुत अनुभव लेकर आए हैं. इतने सालों में, उन्होंने घरेलू और फ़्रैंचाइज़ी क्रिकेट में स्पिन-बॉलिंग टैलेंट को निखारने और विकसित करने के लिए एक अलग पहचान बनाई है."

प्रेस रिलीज के अनुसार, अपने अपॉइंटमेंट पर बहुतुले ने कहा,"भारतीय टीम का स्पिन बॉलिंग कोच बनना बहुत सम्मान की बात है. एक खिलाड़ी के तौर पर भारत को रिप्रेजेंट करना बहुत गर्व की बात थी, और एक बार फिर कोचिंग कैपेसिटी में इंडियन क्रिकेट में योगदान देने का मौका बहुत खास है. मैं खिलाड़ियों के साथ काम करने और टीम को सभी फॉर्मेट में बेहतरीन प्रदर्शन करने में सपोर्ट करने के लिए उत्सुक हूं."

20 साल का रहा करियर, झटके 773 से अधिक विकेट

साईराज बहुतुले ने 1997 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ डेब्यू किया था. उन्होंने अपना आखिरी टेस्ट भारत के लिए 2001 में श्रीलंका के खिलाफ खेला था. इसके अलावा उन्होंने भारत के लिए 8 वनडे भी खेले. उनका आखिरी वनडे 2003 में न्यूजीलैंड के खिलाफ था. भले ही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में बहुतुले को बहुत मौके ना मिले हों, लेकिन उन्होंने घरेलू क्रिकेट में जरूर अपनी छाप छोड़ी है. लगभग 20 साल के अपने करियर में उन्होंने 188 फर्स्ट-क्लास मैचों में 630 विकेट लिए हैं. जबकि 143 लिस्ट ए मैचों में 197 विकेट झटके हैं. उन्होंने बल्ले से भी अपना योगदान दिया है. फर्स्ट क्लास में उनके नाम 6176 रन है, जबकि लिस्ट ए में 1367 रन.

बहुतुले की नियुक्ति से पहले भारत के पास कोई स्पिन बॉलिंग कोच नहीं था. हेड कोच गौतम गंभीर की टीम में सीतांशु कोटक (बैटिंग), मोर्ने मोर्कल (फास्ट बॉलिंग), टी दिलीप (फील्डिंग) और रयान टेन डोएशेट (असिस्टेंट कोच) हैं. बहुतुले इस टीम का हिस्सा होंगे.

यह भी पढ़ें: वैभव सूर्यवंशी की ब्रांड वैल्यू में रॉकेट सी तेजी, आईपीएल में रनों का अंबार लगाने के बाद 100 फीसदी तक बढ़ाई ऐड फीस- सूत्र

यह भी पढ़ें: वैभव सूर्यवंशी को आयरलैंड के खिलाफ T20I सीरीज के लिए मिलेगा मौका? पूर्व सेलेक्टर का BCCI को संदेश

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com