विज्ञापन

दिल्ली: सौरभ भारद्वाज पर केस दर्ज, रेप पीड़िता की पहचान उजागर करने का लगा गंभीर आरोप

दिल्ली में AAP नेता सौरभ भारद्वाज के खिलाफ तीन साल की बच्ची से जुड़े रेप केस में पीड़िता की पहचान उजागर करने के आरोप में FIR दर्ज हुई है.

दिल्ली: सौरभ भारद्वाज पर केस दर्ज, रेप पीड़िता की पहचान उजागर करने का लगा गंभीर आरोप
'आप' नेता सौरभ भारद्वाज
  • दिल्ली में बच्ची के साथ हुए दुष्कर्म मामले में सौरभ भारद्वाज के खिलाफ केस दर्ज किया गया है.
  • भारद्वाज ने पीड़िता की पहचान उजागर की, जिसमें उन्होंने स्कूल का नाम, कक्षा और उम्र सार्वजनिक की थी.
  • पुलिस ने यह कार्रवाई पीड़िता की सुरक्षा और कानून के उल्लंघन को ध्यान में रखते हुए की है.
क्या हमारी की समरी आपके लिए उपयोगी रही ?
हमें बताएं
नई दिल्ली:

दिल्ली में तीन साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म मामले में पीड़िता की पहचान उजागर करने के आरोप में पुलिस ने आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज के खिलाफ केस दर्ज किया है. दिल्ली के एसएस मोटा सिंह स्कूल में एक बच्ची के साथ रेप की घटना हुई थी. इस मामले में आरोपी को पॉक्सो एक्ट के तहत एक सप्ताह के भीतर जमानत मिल गई थी. पॉक्सो के इस मामले में दर्ज केस को लेकर भारद्वाज ने कहा कि सरकार ने उनके खिलाफ FIR इसलिए करवाई है ताकि वे स्कूल का नाम न ले सकें. उन्होंने कहा कि सरकार जितने चाहे मुकदमे दर्ज करवा ले, वे चुप नहीं बैठेंगे. भारद्वाज ने आरोप लगाया कि सरकार नहीं चाहती कि स्कूल का नाम सामने आए, क्योंकि इसके ट्रस्ट से बीजेपी के वरिष्ठ नेता जुड़े हुए हैं.

सौरभ भारद्वाज के खिलाफ यह मामला दिल्ली के जनकपुरी थाने में अधिवक्ता प्रवीण नारायण की शिकायत पर दर्ज किया गया है. एफआईआर के अनुसार, भारद्वाज ने अपने आधिकारिक फेसबुक अकाउंट, आम आदमी पार्टी के फेसबुक पेज और एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान नाबालिग पीड़िता से जुड़ी जानकारी सार्वजनिक की. एफआईआर में कहा गया है, “प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने घटनाक्रम का विवरण, पीड़िता के स्कूल का नाम, उसकी कक्षा और उम्र जैसी जानकारियां साझा कीं, जिससे नाबालिग की पहचान उजागर हो सकती है.”

एफआईआर में यह भी कहा गया है कि भारद्वाज की यह कार्रवाई न सिर्फ कानून के खिलाफ है, बल्कि इससे नाबालिग की मानसिक और शारीरिक सुरक्षा पर भी असर पड़ सकता है. इस बीच, भारद्वाज की मुश्किलें बढ़ गई हैं, क्योंकि दिल्ली सरकार के मंत्री प्रवेश वर्मा ने उनके खिलाफ आपराधिक और सिविल मानहानि का केस दायर किया है. वर्मा ने भारद्वाज से पांच करोड़ रुपये के हर्जाने की मांग की है. इस मामले में कोर्ट ने याचिका पर सुनवाई करते हुए भारद्वाज को नोटिस जारी किया है और एक महीने में जवाब दाखिल करने को कहा है.

प्रवेश वर्मा ने सौरभ भारद्वाज के खिलाफ सोशल मीडिया पर किए गए कुछ पोस्ट को लेकर यह मानहानि का दावा दायर किया है. इन पोस्ट में एक स्कूल में तीन वर्षीय बच्ची के साथ हुए यौन उत्पीड़न के मामले के संदर्भ में प्रवेश वर्मा के बारे में टिप्पणियां की गई थीं. शिकायत में कहा गया है कि ये बयान झूठे, भ्रामक और मानहानिकारक हैं, जिससे उनकी छवि और प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा है. मानहानि के मामले पर सौरभ भारद्वाज ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “हानि तब होगी, जब किसी का मान होगा.”

ये भी पढ़ें : राजस्थान कांग्रेस में बड़े बदलाव की संभावना, मिल सकता है नया प्रदेश अध्यक्ष

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com