वनडे वर्ल्ड कप 2027 को ध्यान में रख कर सभी टीमें अपनी तैयारियों में लग चुकी है. इस बीच टीम इंडिया के रन मशीन विराट कोहली की जमकर तारीफ करते हुए ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान माइकल क्लार्क ने भारतीय स्टार बल्लेबाज कोहली को सिर्फ अपनी पीढ़ी के नहीं, बल्कि क्रिकेट इतिहास के सबसे बेहतरीन ऑल-फॉर्मेट बल्लेबाजों में शामिल किया है. उनका कहना है कि तीनों फॉर्मेट में लगातार सफल होना आसान नहीं होता और यही बात विराट को बाकी खिलाड़ियों से अलग बनाती है.
'बियॉन्ड 23' पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान क्लार्क ने विराट कोहली को अब तक के सबसे बेहतरीन ऑल-फॉर्मेट बल्लेबाज बताया है. उन्होंने कहा, तीनों फॉर्मेट में और अलग-अलग हालात में सफल होना बेहद मुश्किल होता है. बहुत कम खिलाड़ी ऐसे होते हैं जो टी20, वनडे और टेस्ट क्रिकेट की अलग-अलग हालात के अनुसार खुद को ढाल पाते हैं. इसलिए मेरे लिए विराट कोहली सबसे अलग नजर आते हैं."
क्लार्क की यह टिप्पणी ऐसे समय आई है जब विराट कोहली एक बार फिर शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं और वेस्टइंडीज के खिलाफ हाल ही में हाल में खत्म हुई वनडे सीरीज में कोहली ने तीन मैचों में 168 रन बनाए. इस दौरान उनका औसत 84.00 रहा और उन्होंने नाबाद 139 रन की बेहतरीन पारी भी खेली.
वनडे क्रिकेट में विराट का रिकॉर्ड पहले से ही उन्हें महान खिलाड़ियों की श्रेणी में खड़ा करता है. 316 मैचों में 15,109 रन, 55 शतक और 79 अर्धशतक उनके नाम दर्ज हैं. 58 से ज्यादा की औसत के साथ खेल रहे कोहली लंबे समय से भारत के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाजों में गिने जाते हैं.
विराट की खासियत सिर्फ आंकड़ों तक सीमित नहीं है. टेस्ट क्रिकेट में विदेशी परिस्थितियों में रन बनाना हो, वनडे में लक्ष्य का पीछा करना हो या फिर टी20 में दबाव के बीच टीम को संभालना हो, उन्होंने हर फॉर्मेट में अपनी छाप छोड़ी है. यही वजह है कि दुनिया के कई पूर्व खिलाड़ी उन्हें इस दौर का सबसे संपूर्ण बल्लेबाज मानते हैं.
माइकल क्लार्क का भी मानना है कि अलग-अलग परिस्थितियों और तीनों फॉर्मेट में लगातार प्रदर्शन करना ही किसी बल्लेबाज की असली पहचान है, और इस कसौटी पर विराट कोहली सबसे आगे नजर आते हैं. उनके मुताबिक, यही कारण है कि भारतीय बल्लेबाज का नाम क्रिकेट के महानतम खिलाड़ियों की चर्चा में बार-बार लिया जाता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं