विज्ञापन

ब्रीत्जके का शतक, जानसेन का तूफान, महाराज का जादू, पहले वनडे में अफ्रीका ने निकाला कंगारुओं का दम!

साउथ अफ्रीका ने पहले वनडे मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया को 67 रनों से हराया है. मैच के दौरान ब्रीत्जके ने शतक लगाया, जबकि मार्को जानसेन अर्धशतकीय पारी खेलने में कामयाब रहे. वहीं गेंदबाजी के दौरान केशव को चार विकेट हाथ लगे.

ब्रीत्जके का शतक, जानसेन का तूफान, महाराज का जादू, पहले वनडे में अफ्रीका ने निकाला कंगारुओं का दम!
साउथ अफ्रीका ने ऑस्ट्रेलिया को 67 रनों से हराया

साउथ अफ्रीका ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ किंग्समीड में खेले गए वनडे सीरीज के पहले मैच को 67 रन से अपने नाम किया. इसी के साथ मेजबान टीम ने तीन मुकाबलों की सीरीज में 1-0 से बढ़त हासिल कर ली है. गुरुवार को टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी साउथ अफ्रीकी टीम ने 50 ओवरों के खेल में 8 विकेट खोकर 297 रन बनाए. इस टीम ने 29 के स्कोर तक अपने 2 विकेट गंवा दिए थे, जिसके बाद मैथ्यू ब्रीत्जके ने कप्तान टेंबा बावुमा के साथ तीसरे विकेट के लिए 54 रन की साझेदारी करते हुए टीम को संभाला.

बावुमा 48 गेंदों में 4 चौकों के साथ 30 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद ब्रीत्जके ने रयान रिकेल्टन के साथ चौथ विकेट के लिए 42 रन और डेविड मिलर के साथ पांचवें विकेट के लिए 43 रन जोड़कर टीम को 168 के स्कोर तक पहुंचा दिया. रिकेल्टन 27 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जबकि मिलर ने टीम के खाते में सिर्फ 9 रन जुटाए. इसके बाद ब्रीत्जके ने मार्को जानसेन के साथ छठे विकेट के लिए 81 गेंदों में 107 रन की साझेदारी की. ब्रीत्जके 14 चौकों और 2 छक्कों के साथ 112 रन बनाकर आउट हुए, जबकि जानसेन ने 59 गेंदों में 75 रन कूटे. उनकी इस पारी में 4 छक्के और 7 चौके शामिल रहे.

विपक्षी खेमे से नाथन एलिस ने सर्वाधिक 3 विकेट हासिल किए, जबकि एडम जांपा को 2 विकेट हाथ लगे. इनके अलावा, जोश हेजलवुड ने 1 विकेट अपने नाम किया. इसके जवाब में ऑस्ट्रेलियाई टीम 41.2 ओवरों में 230 के स्कोर पर सिमट गई. कप्तान मिचेल मार्श ने ट्रेविस हेड के साथ मिलकर मेबमानों को मजबूत शुरुआत दिलाई. इस सलामी जोड़ी ने 9.2 ओवरों में 90 रन की साझेदारी की. मार्श 36 गेंदों में 6 छक्कों और 5 चौकों के साथ 60 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद ट्रेविस हेड ने कूपर कोनोली के साथ दूसरे विकेट के लिए 39 रन जोड़े. हेड 36 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जबकि कोनोली ने 38 रन का योगदान टीम का खाते में दिया.

टीम को 134 के स्कोर पर तीसरा झटका भी लग गया था, जिसके बाद मैट रेनशॉ ने छोटी-छोटी साझेदारियां करते हुए ऑस्ट्रेलिया को किसी तरह 200 के पार पहुंचाया. रेनशॉ 49 गेंदों में 6 चौकों के साथ 44 रन बनाकर पवेलियन लौटे. विपक्षी खेमे से केशव महाराज ने 20 रन देकर सर्वाधिक 4 विकेट हासिल किए, जबकि कार्बिन बॉश और ब्योर्न फोर्टुइन को 2-2 विकेट हाथ लगे.

दोनों देशों के बीच वनडे सीरीज के शेष मुकाबले 27 और 30 सितंबर को खेले जाने हैं. इसके बाद 9-31 अक्टूबर के बीच तीन टेस्ट मुकाबलों की सीरीज आयोजित होगी.

यह भी पढ़ें- बुढ़ापा नहीं, अनुभव बोल रहा है! बोलैंड ने बताया लंबी उम्र का क्रिकेट मंत्र

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
South Africa, Australia, Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com