अगला फिफ्टी -फिफ्टी विश्व कप अगले साल 2027 में तीन देशों दक्षिण अफ्रीका, जिंबाब्वे और नामीबिया में खेला जाएगा. और यह कहना गलत नहीं होगा कि अफगानिस्तान के बाद इंग्लैंड दौरे पर जाने वाली सीरीज से एक तरह से टीम शुभमन गिल की तैयारियों की उलट गिनती शुरू जाएगी. लेकिन मेगा टूर्नामेंट के लिए टीका-टिप्पणियों और अपनी-अपनी टीम चुनने का सिलिसला अभी से शुरू हो गया है. और शुरुआत अंतरराष्ट्रीय पूर्व क्रिकेटर मनोज तिवारी ने की है. तिवारी ने विश्व कप के लिए अपनी टीम चुनी है और हैरानी की बात यह है स्टार पेसर मोहम्मद सिराज को उन्होंने टीम से बाहर रखा है.
मनोज तिवारी ने बैटिंग पर जताया भरोसा
बैटिंग लाइन-अप में मनोज तिवारी ने अनुभवी खिलाड़ियों पर भरोसा बनाए रखा है. उन्होंने रोहित शर्मा और शुभमन गिल की सलामी जोड़ी को बरकरार रखा है. दिलचस्प बात यह है कि उन्होंने गिल को टीम की कप्तानी की जिम्मेदारी भी सौंपी है. इस जोड़ी ने पिछले कुछ वर्षों में भारत के लिए कई सफल शुरुआत की हैं और टूर्नामेंट में उनकी भूमिका अहम रहने वाली है. वहीं, अनुभवी विराट कोहली नंबर 3 पर बल्लेबाजी संभालेंगे, जो टीम के बैटिंग ऑर्डर को गहराई और स्थिरता प्रदान करेंगे.
ईशान किशन पहले विकेटकीपर
तिवारी के चयन में सबसे बड़ा चर्चा का विषय नंबर 4 पर ईशान किशन को शामिल करना रहा. इस बाएं हाथ के विकेटकीपर-बल्लेबाज को अन्य दावेदारों पर प्राथमिकता दी गई है और उन्हें विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है.
दमदार मिड्ल ऑर्डर
मध्यक्रम को मजबूत करने के लिए उन्होंने श्रेयस अय्यर और केएल राहुल को रखा है, जिन्होंने वनडे फॉर्मेट में लगातार बेहतरीन प्रदर्शन किया है. दक्षिण अफ्रीका की परिस्थितियों में दबाव की स्थितियों को संभालने और पारी को बुनने के लिए ये दोनों खिलाड़ी टीम के लिए मूल्यवान संपत्ति साबित होंगे.
हार्दिक पांड्या टीम के संतुलन की चाबी
तिवारी ने टीम में एक सच्चे बॉलिंग ऑलराउंडर के रूप में हार्दिक पांड्या की मौजूदगी पर विशेष जोर दिया और कहा कि वे टीम में संतुलन लेकर आते हैं. हालांकि, उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि हार्दिक की फिटनेस एक बड़ा निर्णायक कारक होगी. पूर्व क्रिकेटर ने यह भी सुझाव दिया कि युवा ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी भी एक मजबूत विकल्प के तौर पर उभर सकते हैं. गेंदबाजी आक्रमण की बात करें तो तिवारी की टीम में तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज के लिए कोई जगह नहीं बन पाई है, जो कि काफी चौंकाने वाला फैसला है, तो वहीं तिवारी ने टीम से बाहर चल रहे मोहम्मद शमी को भी अपनी इलेवन में रखा है.
मेगा टूर्नामेंट के लिए मनोज तिवारी की टीम
शुभमन गिल (कप्तान) 2. रोहित शर्मा 3. विराट कोहली 4. इशान किशन 5. केएल राहुल 6. हार्दिक पांड्या 7. अक्षर पटेल 8. कुलदीप यादव 9. जसप्रीत बुमराह 10. हर्षित राणा/गुरनूर बरार 11. मोहम्मद शमी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं