विज्ञापन

कूकाबुरा गेंद से प्रैक्टिस, श्रीलंकाई स्पिनर्स से लिया हिंट, कैसे घातक हुए मानव सुथार? बताया सीक्रेट प्लान

मानव सुथार से टीम मैनेजमेंट को काफी उम्मीदें थी और इस गेंदबाज ने किसी को निराश नहीं किया. उन्होंने 4 विकेट झटके और श्रीलंका की पहली पारी 284 पर समेट दी.

कूकाबुरा गेंद से प्रैक्टिस, श्रीलंकाई स्पिनर्स से लिया हिंट, कैसे घातक हुए मानव सुथार? बताया सीक्रेट प्लान
India vs Sri Lanka 1stTest Day 3 Manav Suthar secret plan

मानव सुथार ने सोमवार को श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट में चार विकेट लेकर एक बार फिर अपनी असाधारण प्रतिभा की झलक दिखाई लेकिन बाएं हाथ के इस स्पिनर की सफलता की नींव टेस्ट सीरीज से पहले बीसीसीआई ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (सीओई) में किए गए खास अभ्यास सत्र के दौरान ही रखी गई थी. सुथार ने सीओई में 10 दिनों तक कूकाबुरा गेंद से अभ्यास किया. खुले मैदान में चलने वाली हवाओं के बीच हुआ यह अभ्यास गॉल की परिस्थितियों से काफी हद तक मेल खाता था. इस दौरान वहां के कोच ने उनकी गेंदबाजी के साथ-साथ क्रीज तक पहुंचने के तरीके पर भी विशेष ध्यान दिया. सुथार ने इस तैयारी के महत्व को बताते हुए कहा कि अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट के बाद उन्होंने कूकाबुरा गेंद से अभ्यास शुरू किया था. उनका लक्ष्य गॉल की पिच के मुताबिक सही लाइन, लेंथ और गति के साथ गेंदबाजी करना था.

अफगानिस्तान टेस्ट के बाद से शुरू थी तैयारी

उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट के तीसरे दिन की खेल के बाद कहा,"मैं अफगानिस्तान टेस्ट के बाद कूकाबुरा गेंद से अभ्यास कर रहा था. इसलिए मेरी योजना काफी सरल थी. मुझे सही जगह, सही लेंथ और सही गति से गेंदबाजी करनी थी. यहां की पिच पर कुछ उछाल भी है, इसलिए सही लाइन पर गेंदबाजी करना बेहद जरूरी है." 

सुथार ने 76 रन देकर चार विकेट लिये लेकिन दिन के दूसरे सत्र में उनकी कड़ी परीक्षा हुई. इस सत्र में विकेट नहीं मिले लेकिन इस गेंदबाज ने अपनी रणनीति नहीं बदली. भारत ने लंच तक श्रीलंका के पांच विकेट सिर्फ 99 रन पर गिरा दिए थे. इसके बाद शतक बनाने वाले सोनल दिनूशा (100) और निरोशन डिकवेला (80) ने भारतीय गेंदबाजों का मजबूती से सामना किया.

सुथार के मुताबिक ऐसी स्थिति में गेंदबाजों के लिए धैर्य बनाए रखना सबसे जरूरी था. उन्होंने कहा,"पहले सत्र में हमारा मुख्य लक्ष्य विकेट हासिल करना था. दूसरे सत्र में विकेट नहीं मिले, लेकिन तीसरे सत्र में उसका असर देखने को मिला. इसलिए गेंदबाजों का ध्यान लगातार अच्छी जगह गेंद डालने पर बनाए रखना जरूरी था." 

रवींद्र जेडजा से क्या सीखना चाहते हैं सुथार?

सुथार को दूसरे छोर पर अनुभवी रविंद्र जडेजा का साथ मिला. जडेजा ने तीन विकेट लेने के दौरान टेस्ट क्रिकेट में अपने 350 विकेट भी पूरे किए. सुथार ने कहा,"‘जडेजा से सीखने के लिए मेरे पास बहुत कुछ है. वह गेंदबाजी क्रीज का बेहद अच्छी तरह इस्तेमाल करते हैं और स्टंप्स पर लगातार गेंद डालने में उनका कोई जवाब नहीं है."

उन्होंने कहा,"जडेजा से यह सीखना चाहता हूं कि बल्लेबाज चाहे जितनी कोशिश करे, गेंदबाज कितनी देर तक स्टंप्स की लाइन में लगातार गेंदबाजी कर सकता है और उससे बल्लेबाज को गलत शॉट खेलने के लिए मजबूर कर सकता है."

श्रीलंकाई स्पिनर से ली मदद

इस 24 वर्षीय गेंदबाज ने यह भी बताया कि उन्होंने मैच के पहले दो दिनों में श्रीलंकाई स्पिन गेंदबाजों की रणनीति पर करीब से नजर रखी. उनका मानना था कि इस पिच पर गेंदबाजी में निरंतरता बनाए रखना सबसे अहम है. सुथार ने कहा,"उन्होंने कल अच्छी गेंदबाजी की. उन्होंने अपनी गति में बदलाव किया और मुझे लगता है कि इस विकेट पर आप जितनी निरंतरता के साथ गेंदबाजी करते हैं, उतनी ही अधिक मदद आपको मिलती है. इसलिए हम भी यही करने की कोशिश कर रहे थे."

सुथार ने मैच की शुरुआत ही शानदार अंदाज में की और अपनी पहली गेंद पर अनुभवी बल्लेबाज दिनेश चांदीमल को आउट कर दिया. इस विकेट ने उनका आत्मविश्वास बढ़ा दिया. उन्होंने कहा,"पहली गेंद पर विकेट हासिल करना बहुत अच्छा अनुभव है. इससे पूरे मैच के दौरान आपका आत्मविश्वास काफी बढ़ जाता है. इससे पहले मैं काउंटी क्रिकेट (वारविकशर के लिए) में भी खेल रहा था."

यह भी पढ़ें:  'विरोधी कोई भी हो, मेरे लिए सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन जरूरी' जीत के बाद पीवी सिंधु ने कही बड़ी बात

यह भी पढ़ें:  इंग्लैंड ने भारत को 4-2 से हराया: टीम इंडिया के सेमीफाइनल की राह मुश्किल, अब पाकिस्तान के खिलाफ 'करो या मरो'

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
India, Manav Jagdusakumar Suthar, Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com