Virat Kohli got duck: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) में वीरवार को वह देखने को मिला, जब विराट कोहली (Virat) जैसे दिग्गज के साथ हर रोज देखने को नहीं मिलता. और खुद कोहली को भी ऐसा हालिया सालों में ऐसा एहसास नहीं ही हआ होगा, जो IPL का सिर्फ दूसरा सीजन खेल रहे प्रिंस यादव (Price Yadav) ने एहसास कराया. गेंद टप्पा पड़कर अंदर आई, लेकिन इतनी ज्यादा अंदर कि ज्यॉफ बॉयकाट के शब्दों में कहें, तो 'इस गैप से ट्रक भी गुजर सकता था.' वास्तव में विराट के बल्ले और बैट के बीच इतना ज्यादा गैप था कि दो नहीं, बल्कि 'तीन-चार गेंद' निकल सकती थीं. और निकलने के बाद जोर की 'टन्न' की आवाज आई, तो 'खनखनाता संगीत' बॉलिंग प्रेमियों के कानों में मीठा सा संगीत घोल गया, लेकिन इस आवाज ने विराट की आंखें खोल दीं. कोहली मानो ठगे रह गए कि यह हुआ क्या! और वजह इकलौती यही थी कि वह खेलने तो आउट स्विंग के लिए ही गए थे, लेकिन यह इतनी ज्यादा और तेज स्विंग होगी, यह उन्होंने दूर-दूर तक नहीं सोचा था. निश्चित तौर पर इस इनस्विंग के 'तीखेपन' को अगरकर भी महसूस करेंगे.
पिछले साल से रॉकेट हुआ प्रिंस का शेयर!
पिछले साल इंडियन प्रीमियर लीग में आगाज करने वाले और अभी तक सिर्फ दो ही फर्स्ट क्लास मैच खेले दिल्ली के प्रिंस यादव का 'शेयर' पिछले साल की तुलना में इस साल रॉकेट बन गया है. साल 2025 में लखनऊ के लिए सिर्फ 6 ही मैच खेले प्रिंस इन मैचों में सिर्फ 3 ही विकेट ले सके थे, लेकिन इस साल यादव रेस में बड़ों-बड़ों को पछाड़ते हुए टीम इंडिया के दावेदार बन गए हैं. वीरवार के मैच के बाद प्रिंस 10वें मैच में 16 विकेट लेकर सबसे ज्यादा विकेट चटकाने के मामले में फिलहाल तीसरे नंबर पर हैं, जो उनके बारे में बहुत कुछ कहने और बताने के लिए काफी है. और अगर ऐसा है, तो इसके पीछे है उनकी यूएसपी (सबसे खास बात) ही, जो उन्हें उनके तमाम प्रतिस्पर्धियों से अलग बनाती है
ONE OF THE BEST BALL OF IPL - PRINCE GETS KING 🥶 pic.twitter.com/M6kW9UCiBI
— Johns. (@CricCrazyJohns) May 7, 2026
प्रिंस की यूएसपी अलग है!
प्रिंस को जो इस साल दिग्गज बल्लेबाजों को पानी पिलाने में सफलता मिल रही है, उसके पीछे सबसे बड़ी वजह है कि वह एक ही टप्पे से गेंद को अंदर-बाहर तो निकालने की क्षमता रखते ही हैं, बल्कि इन अंदर और बाहर जाने वाली गेंदों का 'रंग' या 'चरित्र' खासा 'गाढ़ा' और 'तीखा' है. मतलब गेंद खासकर आउटस्विंग की तुलना में इनस्विंग टप्पा पड़ने के बाद न केवल खासी अंदर आती है, बल्कि टप्पा पड़ने के बाद इसकी तेजी भी खासी डंकदार होती है. ठीक वैसी, जिस पर विराट कोहली आउट हुए, जिसे देखकर कोहली जैसे दिग्गज की आंखें खुली की खुली रह गईं. और आंखें निश्चित तौर पर अगरकर की भी खुली रह गई होंगी.
साल 2024 में दिल्ली लीग से बटोरी सुर्खियां
दाएं हाथ के प्रिंस यादव ने साल 2024 में दिल्ली प्रीमियर लीग के माध्यम से सुर्खियां बटोरीं. ऋषभ पंत की अगुवाई वाली पुरानी दिल्ली- 6 के लिए खेलते हुए प्रिंस अपनी गति में बिना एक्शन बदले बदलाव करने की क्षमता के कारण अलग पहचान बनाई. तब उन्होंने दस मैचों में 13 विकेट लिए. और इसकी बदौलत उन्हें दिल्ली के लिए सफेद गेंद क्रिकेट में डेब्यू का मौका मिला.
नीलामी के दिन 2 बड़े विकेट और लखनऊ ने लगा दिया दांव
प्रिंस ने अपना पहला टी20 मैच 2024-25 सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में उत्तर प्रदेश के खिलाफ खेला था. यह मैच आईपीएल 2025 की मेगा नीलामी से ठीक एक दिन पहले था. इसमें उन्होंने दिल्ली की आसान जीत में दो बड़े विकेट चटकाए. ये विकेट सेट बल्लेबाज नीतीश राणा और समीर रिज़वी. असर यह हुआ कि ठीक अगले ही दिन लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) ने उन्हें अपने साथ जोड़ने के लिए 30 लाख रुपये में जोड़ लिया.
मुश्ताक अली और विजय हजारे में भी जलवा
प्रिंस ने अपने पहले ही SMAT सीजन में 11 विकेट लिए और 7.54 की इकोनॉमी रेट के साथ समापन किया. वे दिल्ली के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे और टीम को सेमीफाइनल तक पहुंचाने में मदद की. इसके बाद हुई 50 ओवर की विजय हजारे ट्रॉफी में भी वे 22.00 की औसत से छह मैचों में 11 विकेट लेकर दिल्ली के प्रमुख विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं