इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) में रविवार को इकाना स्टेडियम में लखनऊ सुपर जॉयंट्स (LSG vs KKR) के बीच खेला गया मुकाबला अलग ही वजह से चर्चा का विषय बना हुआ है. और चर्चा के केंद्र में LSG भी है, जो प्वाइंट्स टेबल में फिसलकर सबसे फिसड्डी यानी दसवें नंबर की टीम बन गई है. एलएसजी ने आठ मैचों में सिर्फ दो जीत दर्ज की हैं और रविवार को मिली यह हार उनकी लगातार पांचवीं हार रही. अब पूर्व भारतीय बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने पंत के टॉस जीतने के बाद पहले गेंदबाजी करने के फैसले पर जमकर निशाना साधा और टीम के हेड कोच जस्टिन लैंगर, डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट टॉम मूडी और रणनीतिक सलाहकार केन विलियमसन जैसे स्टार-स्टडेड बैकरूम स्टाफ पर सवाल खड़े किए. खासतौर पर तब जब टीम की उतनी ही स्टार बल्लेबाजी लाइन-अप लगातार खराब प्रदर्शन कर रही है.
सहवाग ने कमेंट्री के दौरान कहा, 'लखनऊ सुपर जायंट्स एक बार फिर इस आईपीएल में लक्ष्य का पीछा करने में नाकाम रही. मुझे समझ ही नहीं आता. आपके पास डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट और कोच हैं. केन विलियमसन, जस्टिन लैंगर और टॉम मूडी. ये तीनों वहां हैं, लेकिन इनका दिमाग नहीं चलता क्या? ये नहीं देख पा रहे कि उनकी टीम कैसा प्रदर्शन कर रही है? टीम से बल्लेबाजी हो नहीं पा रही है और फिर भी ये टॉस जीतकर विपक्षी टीम को पहले बल्लेबाजी का न्योता दे रहे हैं.'
रिंकू की पारी नहीं होती, तो जीत नहीं पाता केकेआर
केकेआर ने 7 विकेट पर 155 रन बनाए. अगर रिंकू सिंह की आखिरी ओवरों में शानदार बल्लेबाजी नहीं होती तो उनका स्कोर काफी कम रह सकता था. रिंकू ने 83 रन की पारी खेली और फील्डिंग में भी योगदान दिया, जिसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया. लखनऊ की ओर से मोहसिन खान ने 23 रन देकर पांच विकेट झटके. लक्ष्य का पीछा करते हुए लखनऊ सुपर जायंट्स एक समय 18 ओवर में 6 विकेट पर 128 रन बना चुकी थी। इसके बाद आखिरी दो ओवरों में मोहम्मद शमी की जोरदार बल्लेबाजी की बदौलत टीम ने कोलकाता नाइट राइडर्स के बराबर स्कोर बना लिया और मैच सुपर ओवर तक पहुंच गया.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं