विज्ञापन

KKR vs LSG: मोहम्मद शमी के इस छक्के ने रची KKR और LSG के बीच सुपर ओवर की कहानी, वीडियो वायरल

Mohammed Shami Last Ball Six vs KKR, IPL 2026: आखिरी ओवर में लखनऊ को जीत के लिए 17 रनों की जरूरत थी और शमी की इस जुझारू पारी ने फैन्स का दिल जीत लिया.

KKR vs LSG: मोहम्मद शमी के इस छक्के ने रची KKR और LSG के बीच सुपर ओवर की कहानी, वीडियो वायरल
Mohammed Shami Last Ball Six vs KKR, IPL 2026:

Mohammed Shami Last Ball Six vs KKR, IPL 2026: आईपीएल 2026 के 38वें मैच में रविवार को इकाना स्टेडियम में क्रिकेट का वो रोमांच देखने को मिला जिसने दर्शकों की सांसें थाम दीं. 156 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) एक समय हार की कगार पर खड़ी थी, लेकिन 'अनुभवी' मोहम्मद शमी के एक जादुई छक्के ने हारी हुई बाजी को सुपर ओवर तक पहुंचा दिया. इस छक्के का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. लखनऊ की शुरुआत बेहद खराब रही और मिचेल मार्श महज 2 रन बनाकर पवेलियन लौट गए. इसके बाद कप्तान ऋषभ पंत (42 रन) और एडेन मार्करम (31 रन) ने 57 रनों की साझेदारी कर पारी को संभाला, लेकिन इन दोनों के आउट होते ही लखनऊ की पारी फिर लड़खड़ा गई.

निकोलस पूरन (9), मुकुल चौधरी (1) और जॉर्ज लिंडे (8) जैसे बल्लेबाज सस्ते में आउट होकर चलते बने. आयुष बदोनी ने 24 रनों की पारी खेलकर उम्मीद जगाई, लेकिन असली ड्रामा आखिरी ओवर के लिए बचा था.

कार्तिक त्यागी का 'नो-बॉल' ड्रामा और शमी का फिनिश

आखिरी ओवर में लखनऊ को जीत के लिए 17 रनों की जरूरत थी. स्ट्राइक पर मोहम्मद शमी और हिम्मत सिंह मौजूद थे. केकेआर के गेंदबाज कार्तिक त्यागी ने दबाव में दो नो-बॉल फेंक दीं, जिसका फायदा उठाकर हिम्मत सिंह ने 6 रन बटोरे. हालांकि, तीसरी गेंद पर कार्तिक ने हिम्मत (19) को आउट कर मैच फिर केकेआर की तरफ मोड़ दिया. आखिरी गेंद पर जब लखनऊ को छक्के की जरूरत थी, तब 'गेंदबाज' मोहम्मद शमी ने अपने बल्ले का जौहर दिखाया और एक लंबा सिक्स जड़कर मैच टाई करा दिया.

शमी बने 'संकटमोचक'

शमी ने महज 6 गेंदों में नाबाद 11 रन बनाए, लेकिन उनका वो आखिरी छक्का मैच का सबसे बड़ा टर्निंग पॉइंट साबित हुआ. भले ही लखनऊ को सुपर ओवर में हार का सामना करना पड़ा, लेकिन शमी की इस जुझारू पारी ने फैन्स का दिल जीत लिया. वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि कैसे शमी के छक्के के बाद पूरा डगआउट खुशी से झूम उठा था.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com