भारत के महान कप्तानों में शुमार कपिल देव ने एक बार फिर विराट कोहली के टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने के फैसले पर सवाल उठाए हैं. कपिल का मानना है कि मई 2025 में टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कहने वाले कोहली ने जल्दबाजी में फैसला लिया और आने वाले समय में उन्हें इसका पछतावा हो सकता है. पूर्व विश्व कप विजेता कप्तान ने विराट की फिटनेस की तारीफ करते हुए कहा कि वह आज भी 25 साल के खिलाड़ी को चुनौती दे सकते हैं.
मिड-डे से बातचीत में कपिल देव ने कहा कि विराट कोहली का टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेना उनके करियर की सबसे बड़ी गलती थी. कपिल ने कहा, 'मुझे लगता है कि विराट कोहली ने सबसे बड़ी गलती की. उन्होंने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया. 10 साल बाद उन्हें अपने फैसले पर पछतावा होगा. उन्हें रिटायर नहीं होना चाहिए था.'
फिटनेस को लेकर की बड़ी तारीफ
कपिल देव का मानना है कि विराट की फिटनेस अब भी उनकी सबसे बड़ी ताकत है. उन्होंने कहा कि कोहली की फिटनेस मौजूदा कई खिलाड़ियों से बेहतर है. पूर्व कप्तान ने कहा, 'विराट की फिटनेस किसी भी खिलाड़ी से बेहतर है. वह फिटनेस के मामले में 25 साल के खिलाड़ी को भी चुनौती दे सकते हैं. गुस्से में आकर रिटायर होना सही नहीं है.' उन्होंने पूर्व भारतीय बल्लेबाज मोहिंदर अमरनाथ का उदाहरण देते हुए कहा कि कई बार टीम से बाहर होने के बावजूद उन्होंने वापसी की और आलोचकों को गलत साबित किया था.
न्यूजीलैंड सीरीज में कैसा रहा विराट का प्रदर्शन?
विराट कोहली ने न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज की शुरुआत शानदार अंदाज में की थी और पहले मैच में 74 रन बनाए थे। हालांकि इसके बाद वह अपनी लय बरकरार नहीं रख सके और अगली तीन पारियों में सिर्फ 12 रन ही बना पाए.
यह भी पढ़ें- IPL 2027: एक ट्रेड और राजस्थान बन जाएगी खतरनाक टीम, मोहम्मद शमी को लेकर आई बड़ी रिपोर्ट
यह भी पढ़ें- 29 गेंदों में ठोक दिए 82 रन, टीम इंडिया से बाहर हुए सूर्यकुमार यादव का जमकर गरजा बल्ला
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं