विज्ञापन

IPL 2026: 'बैटिंग करते देखना सौभाग्य', वैभव सूर्यवंशी को लेकर LSG कोच जस्टिन लैंगर का बड़ा बयान, डॉन ब्रैडमैन से कर दी तुलना

Justin Langer Compare Vaibhav Suryavanshi to Don Bradman, IPL 2026: ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज और लखनऊ के हेड कोच जस्टिन लैंगर ने राजस्थान रॉयल्स के 15 साल के 'वंडर बॉय' वैभव सूर्यवंशी की तुलना सीधे महानतम बल्लेबाज सर डॉन ब्रैडमैन से कर दी है.

IPL 2026: 'बैटिंग करते देखना सौभाग्य', वैभव सूर्यवंशी को लेकर LSG कोच जस्टिन लैंगर का बड़ा बयान, डॉन ब्रैडमैन से कर दी तुलना
Justin Langer Compare Vaibhav Suryavanshi to Don Bradman, IPL 2026: 

Justin Langer Compare Vaibhav Suryavanshi to Don Bradman, IPL 2026: ऑस्ट्रेलिया के महानतम बल्लेबाज सर डॉन ब्रैडमैन का नाम क्रिकेट जगत में बहुत सम्मान से लिया जाता है, लेकिन जब ऑस्ट्रेलिया का ही कोई दिग्गज खिलाड़ी भारत के 15 साल के लड़के की तुलना डॉन ब्रैडमैन से कर दे, तो समझ जाइए कि वह खिलाड़ी कोई साधारण टैलेंट नहीं है. लखनऊ सुपर जायंट्स के हेड कोच जस्टिन लैंगर ने राजस्थान रॉयल्स के वंडर बॉय वैभव सूर्यवंशी की बल्लेबाजी और हालातों के मुताबिक खुद को ढालने की गजब की क्षमता को देखकर उनकी तुलना सीधे महान डॉन ब्रैडमैन से कर दी है.

जयपुर में राजस्थान रॉयल्स के हाथों मिली सात विकेट से करारी हार के बाद मीडिया से बातचीत में जस्टिन लैंगर पूरी तरह वैभव के मुरीद नजर आए. लैंगर ने कहा कि वैभव सूर्यवंशी इतने बेहतरीन खिलाड़ी हैं कि वो जहां भी खेलेंगे, खेल की परिस्थितियों के अनुसार खुद को ढाल लेंगे. उन्होंने आगे कहा कि गेंदबाजों के पास अब इस लड़के के सामने गेंदबाजी करने की कोई जगह नहीं बची है. वह दिन पर दिन और बेहतर होते जाएंगे, जो कि वर्ल्ड क्रिकेट के लिए बहुत डराने वाली बात है.

डॉन ब्रैडमैन जैसी परिस्थितियों के हिसाब से खुद को ढालने की क्षमता - लैंगर

LSG के कोच से यह भी पूछा गया कि क्या सूर्यवंशी में इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया जैसी मुश्किल विदेशी परिस्थितियों में ढलने की काबिलियत है. उन्होंने उस दौरे को याद किया जब 15 साल का यह खिलाड़ी इंडिया U19 या इंडिया A टीम के साथ ऑस्ट्रेलिया गया था. ऑस्ट्रेलिया में भी सूर्यवंशी का शानदार प्रदर्शन देखकर लैंगर को लगता है कि इस लड़के में डॉन ब्रैडमैन जैसी परिस्थितियों के हिसाब से खुद को ढालने की अद्भुत क्षमता है.

"लोग मुझसे पूछते हैं, 'क्या ब्रैडमैन उतने रन बना पाते... उन दिनों में जब आप जानते हैं, हेलमेट पहनने की सुविधा नहीं थी या ऐसी ही दूसरी बातें?' और मैं कहता हूं, हां, वह जरूर खुद को ढाल लेते और सूर्यवंशी भी उतने ही बेहतरीन खिलाड़ी हैं. वह जहां भी खेलते हैं, अपने खेल को वहां की परिस्थितियों के हिसाब से ढाल लेते हैं. क्योंकि, सच कहूं तो, गेंदबाज उन्हें कहां गेंद डालेंगे? इसलिए, वह खुद को ढाल लेंगे. वह लगातार बेहतर से बेहतर होते जाएंगे, जो कि विश्व क्रिकेट के लिए एक डरावनी बात है," लैंगर ने अपनी बात खत्म करते हुए कहा.

मिचेल स्टार्क और एनरिक नॉर्किया के चेहरे के उड़ गए तोते

जस्टिन लैंगर ने बताया कि मैदान पर वैभव की बल्लेबाजी को देखना एक अद्भुत अनुभव था. 15 साल के इस लड़के ने जिस तरह दुनिया के सबसे खतरनाक तेज गेंदबाजों में शुमार ऑस्ट्रेलिया के मिचेल स्टार्क और दक्षिण अफ्रीका के एनरिक नॉर्किया की गेंदों पर प्रहार किए, उसने सबको हैरान कर दिया. जब वैभव इन दोनों विश्वस्तरीय गेंदबाजों की धुनाई कर रहे थे, तब स्टार्क और नॉर्किया के चेहरे के हाव-भाव देखने लायक थे. उनके चेहरों पर साफ लिखा था कि आखिर मैदान पर यह क्या हो रहा है.

तो आगे चलकर सबसे डरावनी बात यही होगी...

तो आगे चलकर सबसे डरावनी बात यह होगी कि अगर अभी मिच स्टार्क, नॉर्किया और बाकी सभी गेंदबाजों के चेहरे के हाव-भाव कुछ कहानी बयां कर रहे हैं, तो जरा सोचिए कि जब वह बल्लेबाजी की बारीकियां सीख जाएगा, तब क्या होगा?" "हे भगवान! वह अभी कितना युवा है." "वह एक शानदार खिलाड़ी है और सच कहूं तो उसे बैटिंग करते देखना अपने आप में एक सौभाग्य है."

लैंगर ने कहा कि जैसे-जैसे सूर्यवंशी अलग-अलग परिस्थितियों के हिसाब से खुद को ढालना सीखेगा, वह और भी ज्यादा खतरनाक होता जाएगा. "वह खुद को ढाल लेगा, वह लगातार बेहतर से बेहतर होता जाएगा, जो कि विश्व क्रिकेट के लिए एक डरावनी बात है."

लैंगर ने भावुक होते हुए कहा, "मैंने अपने 35 साल के लंबे क्रिकेट करियर में कई बेहतरीन और महान खिलाड़ी देखे हैं. लेकिन एक इतने युवा खिलाड़ी को पूरी सीरीज में इस तरह की बेखौफ बल्लेबाजी करते देखना सचमुच दिल थाम देने वाला अनुभव है. इस उम्र में आकर टूर्नामेंट का टॉप स्कोरर बनना और ऑरेंज कैप अपने नाम करना अविश्वसनीय है."

गेल का महा-रिकॉर्ड तोड़ने की दहलीज पर खड़े हैं वैभव

इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू करने से पहले ही वैभव सूर्यवंशी ने अपने दूसरे आईपीएल सीजन में गेंदबाजों के मन में खौफ पैदा कर दिया है. वे इस समय लीग के सबसे सफल बल्लेबाज बन चुके हैं. उन्होंने इस सीजन में अब तक 236.32 के हैरान कर देने वाले स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं. इतना ही नहीं, वैभव अब तक टूर्नामेंट में 53 गगनचुंबी छक्के उड़ा चुके हैं, जिसमें लखनऊ के खिलाफ मंगलवार को लगाए गए 10 छक्के भी शामिल हैं. राजस्थान रॉयल्स का अभी एक मैच और बाकी है. ऐसे में पूरी उम्मीद है कि वैभव साल 2012 में क्रिस गेल द्वारा बनाए गए एक सीजन में 59 छक्कों के ऐतिहासिक रिकॉर्ड को भी चकनाचूर कर देंगे.

इस मुकाबले की बात करें तो लखनऊ सुपर जायंट्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 220 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया था, लेकिन वैभव सूर्यवंशी की महज 38 गेंदों पर खेली गई 93 रनों की आतिशी पारी के दम पर राजस्थान रॉयल्स ने इस पहाड़ जैसे लक्ष्य को पांच गेंदें शेष रहते ही बेहद आसानी से हासिल कर लिया.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com